ePaper

इंडिया VS वेस्टइंडीज का पहला T-20 मुकाबला कल, भारत की निगाहें राहुल और पंत पर

Updated at : 05 Dec 2019 2:39 PM (IST)
विज्ञापन
इंडिया VS वेस्टइंडीज का पहला T-20 मुकाबला कल, भारत की निगाहें राहुल और पंत पर

हैदराबादः भारत दौरे पर आई वेस्टइंडीज टीम शुक्रवार को हैदराबाद में T-20 मुकाबले से आगाज करेगी. इस दौरान भारतीय टीम आस्ट्रेलिया में अगले साल होने वाले टी- 20 विश्व कप के लिये खिलाड़ियों को आजमाना जारी रहेगा. इस श्रृंखला में लोकेश राहुल और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी टीम में अपना स्थान पक्का करने का लक्ष्य […]

विज्ञापन

हैदराबादः भारत दौरे पर आई वेस्टइंडीज टीम शुक्रवार को हैदराबाद में T-20 मुकाबले से आगाज करेगी. इस दौरान भारतीय टीम आस्ट्रेलिया में अगले साल होने वाले टी- 20 विश्व कप के लिये खिलाड़ियों को आजमाना जारी रहेगा. इस श्रृंखला में लोकेश राहुल और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी टीम में अपना स्थान पक्का करने का लक्ष्य बनाये होंगे.

टी-20 विश्व कप की तैयारियों में जुटी भारतीय टीम में कई खिलाड़ियों का स्थान अभी पक्का नहीं है और वे वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने प्रदर्शन से टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास करेंगे. इनमें से एक नाम राहुल का है. चोटिल सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की अनुपस्थिति में यह श्रृंखला उन्हें रोहित शर्मा के जोड़ीदार के तौर पर अपना स्थान सुनिश्चित कराने का बहुत अच्छा मौका देगी. उनका टी-20 में अच्छा रिकार्ड है. राहुल ने 31 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 42.74 के औसत से 974 रन जुटाये हैं जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 110 रन रहा है. आईपीएल में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है.

राहुल के अलावा पंत भी अपने मजबूत प्रदर्शन से आलोचकों को जवाब देना चाहेंगे. बल्ले से और विकेटकीपिंग में अपनी अनिरंतर फार्म के कारण वह पिछले कुछ समय से आलोचनाओं में घिरे रहे हैं. उन्हें महेंद्र सिंह धोनी के उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा था लेकिन इस साल के शुरू में आईसीसी वनडे विश्व कप के समाप्त होने के बाद उनकी फार्म में गिरावट आयी और अपना विकेट भेंट में देने के लिये कई बार उनकी काफी आलोचना की गयी. यहां तक कि उनकी विकेटकीपिंग की भी काफी आलोचना हुई और इसी कारण बायें हाथ के इस खिलाड़ी को खेल के लंबे प्रारूप से बाहर कर दिया गया और ऋद्धिमान साहा ने अंतिम एकादश मे दोबारा अपना स्थान हासिल कर लिया.
चयनकर्ताओं ने प्रतिभाशाली संजू सैमसन को टीम में शामिल किया और धोनी के ब्रेक से वापसी की बातें होने लगी. इससे अब पंत के लिये यह मौका है कि वह प्रदर्शन करें और अपना स्थान पक्का करें या फिर गंवा दे. सैमसन के लिये भी यह श्रृंखला अहम होगी. उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 टीम में शामिल किया गया था लेकिन केरल के इस विकेटकीपर बल्लेबाज को श्रृंखला में एक भी मौका नहीं मिला और धवन के सैयद मुश्ताक अली राष्ट्रीय टी-20 चैम्पियनशिप में दिल्ली के लिये खेलते हुए चोटिल होने के बाद ही उन्हें टीम में चुना गया. यह तो निश्चित ही है कि पंत विकेटकीपिंग के लिये पहली पसंद होंगे लेकिन अगर वह फिर से विफल होते हैं तो यह देखना होगा कि टीम प्रबंधन सैमसन को मौका देता है या नहीं जिसके वह निश्चित रूप से हकदार हैं.
भारत के लिये अच्छी बात यह है कि विराट कोहली बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 श्रृंखला में ब्रेक लेने के बाद टीम की कमान संभालने के लिये वापसी करेंगे. गेंदबाजी की बात की जाये तो कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार टी-20 टीम में वापसी कर रहे हैं. कुलदीप और चहल की जोड़ी लंबे समय बाद एक साथ होगी जो ‘कुलचा’ के नाम से भी मशहूर हैं. कुलदीप छोटे प्रारूप में अंतिम बार फरवरी 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले थे. भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण भी भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी की वापसी से पैना दिखता है. शमी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अंतिम बार 2017 में खेले थे जबकि भुवनेश्वर ने मांसपेशियों की समस्या से उबरने के बाद वापसी की है.
भुवनेश्वर का अंतिम टी20 इस साल अगस्त में वेस्टइंडीज के खिलाफ उसकी सरजमीं पर था. बांग्लादेश श्रृंखला की खोज रहे दीपक चाहर के भी शमी और भुवनेश्वर के साथ तेज गेंदबाजी आक्रमण में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है. वहीं वेस्टइंडीज की टीम अगस्त में अपनी सरजमीं पर भारत से 0-3 से हारने का बदला चुकता करना चाहेगी. वेस्टइंडीज को बहुत अच्छी टी-20 टीम माना जाता है और यह उनके पक्ष में रहेगा कि उन्होंने लखनऊ में अफगानिस्तान के साथ पूरी श्रृंखला खेलकर खुद को परिस्थितियों के अनुकूल ढाल लिया है.
कीरोन पोलार्ड कप्तानी की जिम्मेदारी बखूबी निभाना चाहेंगे जबकि निकोलस पूरन गेंद से छेड़छाड़ के कारण लगे चार मैचों के प्रतिबंध की वजह से पहला टी20 मैच नहीं खेल पायेंगे. इससे वेस्टइंडीज के बल्लेबाजी लाइन अप की जिम्मेदारी शाई होप और शिमरोन हेटमेयर पर होगी. वहीं भारतीय रोस्टन चेज से भी सतर्क होंगे जो बल्ले और गेंद दोनों से उपयोगी योगदान कर सकते हैं. टी-20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए वेस्टइंडीज की टीम भी विभिन्न संयोजन आजमाना चाहेगी और इसी के तहत उन्होंने टीम में कुछ नये चेहरों को शामिल किया है.
टीमें (इनमें से) :
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, संजू सैमसन, ऋषभ पंत, मनीष पांडे, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी.
वेस्टइंडीज : कीरोन पोलार्ड (कप्तान), फेबियन एलेन, ब्रैंडन किंग, दिनेश रामदीन, शेल्डन कॉटरेल, एविन लुईस, शेरफाने रदरफोर्ड, शिमरोन हेटमेयर, खारी पियरे, लेंडिल सिमन्स, जेसन होल्डर, हेडन वॉल्श जूनियर, कीमो पॉल और केसरिक विलियम्स। मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे से शुरू होगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola