धौनी ने विश्राम पर पूछे गये सवाल पर कहा- जनवरी तक मत पूछो

मुंबई : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी से जब पिछले कुछ समय से बाहर रहने को लेकर सवाल किये गये तो इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने सपाट शब्दों में कहा, जनवरी तक मत पूछो. धौनी जुलाई में विश्व कप के बाद से नहीं खेल रहे हैं जिससे उनके संन्यास को लेकर भी अटकलबाजियां […]
मुंबई : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी से जब पिछले कुछ समय से बाहर रहने को लेकर सवाल किये गये तो इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने सपाट शब्दों में कहा, जनवरी तक मत पूछो.
धौनी जुलाई में विश्व कप के बाद से नहीं खेल रहे हैं जिससे उनके संन्यास को लेकर भी अटकलबाजियां लगायी जाने लगी. यहां एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे धौनी से पूछा गया कि वह कब तक क्रिकेट से बाहर रहेंगे, उन्होंने कहा, जनवरी तक मत पूछो. इस पूर्व कप्तान के एक करीबी सूत्र ने मंगलवार को कहा था कि वह अगले साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाद अपने भविष्य को लेकर फैसला करेंगे. भारत के जुलाई में इंग्लैंड में खेले गये वनडे विश्व कप से सेमीफाइनल में बाहर होने के बाद से ही धौनी किसी मैच में नहीं खेले हैं. वह वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं गये और इसके बाद दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू शृंखलाओं में भी नहीं खेले.
आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान 38 वर्षीय धौनी वेस्टइंडीज के खिलाफ छह दिसंबर से शुरू होने वाली सीमित ओवरों की शृंखला में भी नहीं खेलेंगे. इस शृंखला में तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय और इतने ही वनडे खेले जायेंगे. राष्ट्रीय चयनसमिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पैनल अब भविष्य के बारे में सोच रहा है और धाैनी आॅस्ट्रेलिया में अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए ऋषभ पंत जैसे युवा खिलाड़ियों को अधिक मौके देने के उनके इरादों से वाकिफ हैं. धौनी को कुछ दिन पहले झारखंड अंडर-23 टीम के साथ अभ्यास करते हुए देखा गया था जिसके बाद उनकी संभावित वापसी की अटकल लगायी जाने लगी थी.
बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी कहा है कि धाैनी को वही सम्मान दिया जायेगा जिसका उन जैसा दिग्गज खिलाड़ी हकदार है. उन्होंने इस स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज के तुरंत ही संन्यास लेने से भी इनकार किया. पिछले महीने बोर्ड अध्यक्ष का पद संभालने के बाद गांगुली ने कहा, आप जानते हैं कि चैंपियंस जल्द खत्म नहीं होते. धाैनी की अगुवाई में भारत ने टी20 विश्व कप 2007 और वनडे विश्व कप 2011 में खिताब जीते थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




