एशेज : ड्रॉ की ओर बढ़ा दूसरा टेस्ट, चोटिल स्मिथ मुकाबले से बाहर
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 18 Aug 2019 8:57 PM
लंदन : बेन स्टोक्स और जोस बटलर ने दूसरे एशेज टेस्ट के पांचवें दिन रविवार को यहां पहले सत्र में इंग्लैंड को कोई नुकसान नहीं होने दिया जिससे मैच ड्रा की ओर बढ़ रहा है. शनिवार को चोटिल हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ मुकाबले से बाहर हो गये. लंच के समय इंग्लैंड का स्कोर चार […]
लंदन : बेन स्टोक्स और जोस बटलर ने दूसरे एशेज टेस्ट के पांचवें दिन रविवार को यहां पहले सत्र में इंग्लैंड को कोई नुकसान नहीं होने दिया जिससे मैच ड्रा की ओर बढ़ रहा है.
शनिवार को चोटिल हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ मुकाबले से बाहर हो गये. लंच के समय इंग्लैंड का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 157 रन था, जबकि उसकी कुल बढ़त 165 रन हो गयी.
स्टोक्स (नाबाद 51) और बटलर (नाबाद 31) ने अब तक 86 रन की अटूट साझेदारी कर ली है. बारिश से प्रभावित इस मैच में पांचवें दिन का खेल गिले आउटफील्ड के कारण एक घंटे देर से शुरू हुआ. इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत चार विकेट पर 96 रन से आगे से की. स्टोक्स ने 16 और बटलर ने 10 रन से पारी को आगे बढ़ाया.
हरफनमौला स्टोक्स ने 106 गेंद में सात चौके की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि शनिवार को दूसरे सत्र में जोफ्रा आर्चर की गेंद पर चोटिल होने वाले स्मिथ इस मुकाबले से बाहर हो गये. यह शृंखला टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के नए नियमों के तहत खेली जा रही है जिसमें सिर या गर्दन में चोट खाने वाले खिलाड़ी की जगह वैकल्पिक खिलाड़ी मैदान में उतर सकता है.
पहले चोटिल खिलाड़ी की जगह मैदान में उतरने वाला खिलाड़ी सिर्फ क्षेत्ररक्षण कर सकता था लेकिन अब मैच में पूर्ण रूप से भाग ले सकता है. ऑस्ट्रेलिया के अनुरोध के बाद मैच रैफरी रंजन मदुगले से अनुमति मिलते ही शनिवार को 12वें खिलाड़ी के रूप में क्षेत्ररक्षण करने वाले मार्नस लाहबुशेन रविवार को खेल शुरू होने के बाद टेस्ट इतिहास के पहले वैकल्पिक खिलाड़ी बन गये.
स्मिथ जब 80 रन बनाकर खेल रहे थे तब इंग्लैंड के तेज गेंदबाज आर्चर की 92.3 मील प्रति घंटे की रफ्तार से की गयी गेंद उनके गर्दन और सिर के बीच वाले हिस्से में लगी. स्मिथ मुंह के बल नीचे गिर गये. उन्होंने जो हेलमेट पहन रखा था उस पर गर्दन के बचाव की सुविधा नहीं थी.
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के चिकित्साकर्मियों ने स्मिथ का मैदान पर ही उपचार किया. इसके बाद वह उठ गये और उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम चिकित्सक रिचर्ड सॉ के साथ लंबी बातचीत के बाद रिटायर्ड हर्ट होने का फैसला किया.
स्मिथ 46 मिनट तक मैदान से बाहर रहने के बाद पीटर सिडल के आउट होने पर फिर से क्रीज पर उतरे और इसके बाद उन्होंने क्रिस वोक्स की जो दूसरी और तीसरी गेंद खेली उस पर चौके लगाये, लेकिन जब वह 92 पर थे तब वोक्स की गेंद पगबाधा हो गए. ऑस्ट्रेलिया ने पहला मुकाबला 251 रन से जीत कर शृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










