खिलाड़ियों के चश्मे से लीक हो सकती है खुफिया जानकारी! IPL के बीच BCCI ने ‘स्मार्ट गॉगल्स’ को किया बैन
विराट कोहली (फोटो-सोशल मीडिया)
BCCI की एंटी-करप्शन यूनिट ने खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों द्वारा ‘स्मार्ट सनग्लासेस’ पहनने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है. खिलाड़ी और मैच अधिकारी क्षेत्र में प्रवेश से पहले इन डिवाइसों को जमा करना अनिवार्य होगा.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 के दौरान खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों द्वारा स्मार्ट सनग्लास और स्मार्ट गॉगल्स के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है. बोर्ड की एंटी-करप्शन यूनिट (ACSU) ने यह फैसला सुरक्षा और गोपनीयता से जुड़ी चिंताओं को देखते हुए लिया है.
BCCI के मुताबिक, ये डिवाइस बातचीत करने, लाइव स्ट्रीमिंग, ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और मैसेजिंग जैसी सुविधाओं से लैस होते हैं, जिससे मैच के दौरान गोपनीय जानकारी लीक होने का खतरा बढ़ जाता है. इस कारण से स्मार्ट सनग्लास को बैन कर दिया गया है.
BCCI ने जारी की एडवाइजरी
BCCI ने सभी फ्रेंचाइजियों और टीम अधिकारियों को जारी एडवाइजरी में साफ किया है कि स्मार्ट गॉगल्स को ‘ऑडियो/वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस’ और ‘कम्युनिकेशन डिवाइस’ की श्रेणी में रखा गया है. ऐसे में इन्हें ‘प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल एरिया’ (PMOA) के अंदर पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है. उपकरणों को सुरक्षित रूप से रखने के लिए हर प्रवेश द्वार पर सुरक्षित बॉक्स उपलब्ध होंगे.
नियम पालन नहीं करने पर लगाया जाएगा जुर्माना
बोर्ड ने निर्देश दिया है कि खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मैच के दिन PMOA में प्रवेश करने से पहले अपने मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और स्मार्ट गॉगल्स जैसे उपकरण सुरक्षा संपर्क अधिकारी के पास जमा करवाएं. नियमों का पालन नहीं करने पर जुर्माना लगाया जा सकता है. एनालिस्ट अपनी एनालिस्ट टेबल पर अपने कंप्यूटर का उपयोग कर सकता है.
सुरक्षा को लेकर बीसीसीआई ने उठाया ये कदम
यह फैसला IPL 2026 में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की दिशा में उठाया गया नया कदम माना जा रहा है. इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर पर डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के कारण 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हुए पाकिस्तानी दिग्गज यूसुफ, इस पाकिस्तानी धाकड़ बल्लेबाज से जोड़ा नाम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए