ePaper

ICC महिला विश्व कप क्रिकेट : भारत ने श्रीलंका को 16 रन से हराया, सेमीफाइनल में स्थान लगभग पक्का

Updated at : 05 Jul 2017 7:58 PM (IST)
विज्ञापन
ICC महिला विश्व कप क्रिकेट : भारत ने श्रीलंका को 16 रन से हराया, सेमीफाइनल में स्थान लगभग पक्का

डर्बी : दीप्ति शर्मा और कप्तान मिताली राज के शानदार अर्धशतकों से भारत ने बुधवार को यहां आइसीसी महिला विश्व कप के एकतरफा मैच में श्रीलंका पर 16 रन की जीत से सेमीफाइनल स्थान पक्का करने की ओर कदम बढ़ाया. कप्तान मिताली राज एंड कंपनी की यह लगातार चौथी जीत है. भारतीय टीम ने पहले […]

विज्ञापन

डर्बी : दीप्ति शर्मा और कप्तान मिताली राज के शानदार अर्धशतकों से भारत ने बुधवार को यहां आइसीसी महिला विश्व कप के एकतरफा मैच में श्रीलंका पर 16 रन की जीत से सेमीफाइनल स्थान पक्का करने की ओर कदम बढ़ाया. कप्तान मिताली राज एंड कंपनी की यह लगातार चौथी जीत है. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 232 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 216 रन ही बना सकी. उसके लिए केवल दिलानी मंदोदरा ही 75 गेंद में सर्वाधिक 61 रन बना सकी. उन्हें दूसरे छोर से कोई साथ नहीं मिला.

भारतीय टीम ने 2013 विश्व कप के बाद से श्रीलंका से हुई भिड़ंत में एक भी मैच नहीं गंवाया है और उसने यहां जीत से अपने इस रिकार्ड को कायम रखा. भारतीय स्पिनरों ने टूर्नामेंट में फिर से विपक्षी टीम को खुलकर नहीं खेलने दिया. लेग स्पिनर पूनम यादव ने 10 ओवर में 23 रन देकर दो विकेट झटके. उन्होंने खतरनाक दिख रही चामरी अटापट्टू जयंगनी (25) और सलामी बल्लेबाज निपुनी हंसिका (29) के विकेट प्राप्त किये. बायें हाथ की स्पिनर एकता बिष्ट (10 ओवर में 48 रन देकर एक विकेट) और आॅफ स्पिनर दीप्ति शर्मा (10 ओवर में 46 रन देकर एक विकेट) भी किफायती रहीं. झूलन गोस्वामी (आठ ओवरों में 26 रन देकर दो विकेट) ने भी अहम मौकों पर महत्वपूर्ण विकेट दिलाये. इससे पहले दीप्ति ने 110 गेंदों में 78 रन बनाये, जबकि मिताली (78 गेंद में 53 रन) ने अपनी शानदार फार्म जारी रखते हुए एक और 50 से ज्यादा रन की पारी खेली जिससे सलामी बल्लेबाज पूनम राउत (16 रन) और स्मृति मंदना (08) के जल्दी आउट होने के बावजूद भारत ने मजबूत स्कोर की नींव रखी. मध्यम क्रम की बल्लेबाज वेदा कृष्णमूर्ति (29) और हरमनप्रीत कौर (20) ने महज नौ ओवर में अहम 50 रन की भागीदारी निभायी जिससे भारत को 230 रन का स्कोर बनाने में मदद मिली.

बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद भारत की अच्छी शुरुआत नहीं हुई जिसमें मंदना जल्दी ही आउट हो गयी. उनके जाने के बाद राउत भी 11वें ओवर में पवेलियन लौट गयी, जिसके बाद मिताली और दीप्ति क्रीज पर थीं. दोनों ने पहले संभलकर खेलते हुए पारी आगे बढ़ायी और फिर खुलकर बल्लेबाजी की. इन दोनों तीसरे विकेट के लिए 118 रन की अहम भागीदारी निभायी. लेकिन, जैसे ही भारतीय महिलाओं ने आक्रमण करना शुरू किया तभी श्रीलंकाई गेंदबाजों ने तेजी से तीन विकेट झटककर दबदबा बना लिया. दीप्ति के 37वें ओवर में आउट होने के बाद बल्लेबाजी क्रम में उपर भेजी गयी झूलन गोस्वामी 09 और मिताली को इनोका रणवीरा ने लगातार गेंदों पर पवेलियन भेजकर भारत की रन गति पर लगाम लगा दी.

लेकिन, वेदा और हरमनप्रीत 49वें ओवर में लगातार गेंदों पर आउट होने से पहले जिम्मेदारी से खेली. भारतीय बल्लेबाजों ने अंतिम 10 ओवरों में 62 रन बनाये. श्रीलंका के लिए वीराकोडी (28 रन देकर तीन विकेट) ने अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि इनोका रणवीरा (55 रन देकर दो विकेट) ने दो अहम विकेट झटके.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola