खगड़िया में पुलिस हिरासत से फरार होने पर दर्ज हुई थी FIR, मौत के बाद सामने आई प्राथमिकी

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 31 May 2026 8:59 AM

विज्ञापन

मृतक सौरभ का फ़ाइल फ़ोटो

Khagaria News: सौरभ कुमार के खिलाफ भागने का केस दर्ज, पुलिस ने बताई पूरी घटनाक्रम की कहानी

विज्ञापन

रणवीर झा, गोगरी (खगड़िया).

Khagaria News: मोरकाही थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से फरार होने के बाद हुई युवक सौरभ कुमार की मौत के मामले में एक नया तथ्य सामने आया है. पुलिस अभिलेखों के अनुसार सौरभ कुमार के फरार होने के कुछ ही घंटों के भीतर उसके खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी. अब इस मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच चर्चा का विषय बन गई है.

पुलिस ने दर्ज की थी तत्काल प्राथमिकी

मोरकाही थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक अगम लाल पाण्डेय के लिखित आवेदन पर 29 मई की रात 10:10 बजे कांड संख्या 88/26 दर्ज की गई. प्राथमिकी में मृतक सौरभ Kumar को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद अभिरक्षा से भागने के कारण यह मामला दर्ज किया गया.

गुप्त सूचना पर हुई थी छापेमारी

प्राथमिकी के अनुसार 29 मई की शाम करीब 7:25 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि मोरकाही थाना कांड संख्या 61/26 के दो अभियुक्त भगवती स्थान मंदिर परिसर में मौजूद हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही दोनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया.

पकड़े गए युवकों की पहचान अंशु कुमार उर्फ दुखो कुमार और सौरभ कुमार के रूप में हुई. दोनों सबलपुर गांव के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर थाना ले जाने की प्रक्रिया शुरू की.

घर के पास मची अफरा-तफरी और फरार हो गया सौरभ

पुलिस के अनुसार जब टीम सौरभ कुमार के घर के समीप पहुंची तो वहां परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा थी. इसी दौरान उत्पन्न अफरा-तफरी और शोर-शराबे का लाभ उठाकर सौरभ पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला.

पुलिस का दावा है कि उसने तत्काल सौरभ का पीछा किया, लेकिन वह भगवती स्थान मंदिर के समीप मालती नदी की ओर भाग गया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. इसके बाद पुलिस टीम ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.

मौत के बाद उठ रहे हैं कई सवाल

सौरभ कुमार की मौत के बाद अब यह प्राथमिकी सामने आने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है. पुलिस जहां हिरासत से फरार होने की बात कह रही है, वहीं पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है. अब जांच एजेंसियों की रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं.

Also Read: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन