दिनभर चल रही गर्म हवाएं, लू की चपेट में आ रहे लोग, जिले का तापमान 42 डिग्री पहुंचा, गर्मी से जनजीवन बेहाल
Published by : karunatiwari Updated At : 18 May 2026 10:38 AM
धूप में निकली युवतियां
Saran News: छपरा में लगातार बढ़ रहे तापमान ने लोगों का जनजीवन बेहाल कर दिया है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं.
Saran News: (प्रभात किरण हिमांशु) छपरा में लगातार बढ़ रहे तापमान ने लोगों का जनजीवन बेहाल कर दिया है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं. सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक तेज गर्म हवाएं चलती रहीं, जिससे घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण दिन के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं। राहगीर जहां भी पेड़ की छांव देख रहे हैं, वहीं रुककर राहत महसूस कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच बाजारों में बिक रहे शीतल पेय पदार्थ लोगों को थोड़ी राहत जरूर दे रहे हैं.
एक सप्ताह से लगातार बढ़ रहा तापमान

बीते एक सप्ताह से जिले के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. पिछले तीन दिनों से तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. कुछ दिन पहले हुई बारिश के कारण तापमान में थोड़ी राहत मिली थी और अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन अब एक सप्ताह के भीतर तापमान में आठ से नौ डिग्री की वृद्धि हुई है. सुबह आठ बजे से ही तेज धूप निकलने लगती है, जो शाम छह बजे तक लोगों को परेशान कर रही है. वहीं, पिछले दो-तीन दिनों से मेंटेनेंस कार्य के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली कटौती भी हो रही है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.
गर्मी बढ़ने से बीमारियों का खतरा
तेज गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई देने लगा है. सदर अस्पताल में इन दिनों लू और तेज धूप की चपेट में आए मरीजों की संख्या बढ़ रही है. छोटे बच्चों में बुखार और उल्टी की शिकायतें अधिक मिल रही हैं. वहीं, अपच, कमजोरी, गला सूखना, सिर दर्द और चक्कर आने जैसी समस्याओं के मरीज भी बढ़े हैं. सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. के.एम. दुबे ने बताया कि अस्पताल में लू से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है. उन्होंने लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने और ताजे फलों का सेवन करने की सलाह दी.
बाजारों में पसरा सन्नाटा, दुकानदार परेशान
भीषण गर्मी का असर व्यवसाय पर भी पड़ रहा है. अधिकतर लोग दिन के बजाय शाम के समय बाजार निकलना पसंद कर रहे हैं. ऐसे में शहर के प्रमुख बाजारों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा. सोमवार को हथुआ मार्केट, साहेबगंज, मौना, सरकारी बाजार और गुदरी जैसे व्यस्त इलाकों में भी कम भीड़ देखने को मिली. दुकानदार गर्मी से परेशान नजर आए. वहीं, सड़क किनारे फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले लोग भी तेज धूप के कारण मुश्किलों का सामना कर रहे हैं. जिन स्थानों पर पेड़ों की छांव है, वहां शीतल पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। कोल्ड ड्रिंक, सत्तू, लस्सी और आइसक्रीम की बिक्री में काफी बढ़ोतरी हुई है.
गर्मी और लू से बचाव के उपाय
- घर से निकलते समय शरीर को पूरी तरह ढंककर रखें
- कच्चे आम और खस का शरबत पिएं
- बाहर निकलने से पहले पर्याप्त पानी पिएं
- हल्का और सुपाच्य भोजन करें
- तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें
- ताजे फलों का सेवन करें
- मौसमी, तरबूज और खीरा को आहार में शामिल करें
- खाली पेट ज्यादा देर तक न रहें
- धूप से आने के तुरंत बाद पानी न पिएं
- धूप से आने के तुरंत बाद एसी या पंखे के सामने न बैठें
- तैलीय और मसालेदार भोजन से परहेज करें क्या कहते हैं चिकित्सक
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. के.एम. दुबे ने कहा कि लोगों को गर्मी और लू से बचाव के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि लू लगने पर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं करनी चाहिए और तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। अस्पताल में लू से प्रभावित मरीजों के इलाज की समुचित व्यवस्था की गई है.
ALSO READ:
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By karunatiwari
करुणा तिवारी बिहार के आरा, वीर कुंवर सिंह की धरती से आती हैं। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की। 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है। अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं, ताकि सशक्त और प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से समाज तक सच्चाई पहुंचा सकें।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










