Samastipur Kalash Yatra: चकोटी मठ से निकली कलश शोभायात्रा, 2100 कन्याओं ने लिया भाग
चकोटी मठ से निकली भव्य कलश शोभायात्रा में सिर पर कलश लेकर शामिल कन्याएं
Samastipur Kalash Yatra: समस्तीपुर के 24 अवतार धाम चकोटी मठ में नौ दिवसीय विष्णु महायज्ञ की शुरुआत भव्य कलश शोभायात्रा से हुई. 2100 कन्याओं ने भाग लिया और बूढ़ी गंडक घाट पर गंगा पूजन किया गया. जानिए खबर विस्तार से...
समस्तीपुर से गिरिजानन्दन शर्मा की रिपोर्ट
Samastipur Kalash Yatra: समस्तीपुर के खानपुर प्रखंड के कानू विशनपुर पंचायत स्थित 24 अवतार धाम चकोटी मठ में आयोजित नौ दिवसीय विष्णु महायज्ञ एवं आध्यात्मिक महोत्सव की शुरुआत गुरुवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुई. इस धार्मिक आयोजन में 2100 कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया.
सुबह से ही मठ परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पारंपरिक वेशभूषा में सजी कन्याएं वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और जय श्रीराम तथा हर हर महादेव के जयघोष के बीच शोभायात्रा में शामिल हुईं. यह यात्रा मठ परिसर से शुरू होकर विभिन्न गांवों से गुजरते हुए बूढ़ी गंडक नदी के संगम घाट तक पहुंची, जहां गंगा पूजन किया गया.
गंगा पूजन के साथ कलश स्थापना

संगम घाट पर विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा का पूजन किया गया और कलशों में पवित्र जल भरा गया. इसके बाद गाजे-बाजे, घुड़सवारों और धर्मध्वजाओं के साथ शोभायात्रा पुनः मठ परिसर पहुंची, जहां विधिवत कलश स्थापना के साथ महायज्ञ का शुभारंभ हुआ.
नौ दिवसीय महायज्ञ में होंगे विशेष आयोजन
महायज्ञ के आयोजक महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 बाबा राम सेवक दास जी महाराज ने बताया कि इस आयोजन में देशभर से संत-महात्माओं का आगमन हो रहा है. प्रतिदिन विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई है, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे.
उन्होंने बताया कि शाम 4 बजे से 8 बजे तक संतों के प्रवचन और सत्संग होंगे, जबकि रात्रि में वृंदावन के कलाकारों द्वारा श्रीकृष्ण रासलीला का मंचन किया जाएगा.
श्रद्धा और संस्कृति का संगम
जिला पार्षद स्वर्णिमा सिंह ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में शांति और एकता को बढ़ावा देते हैं. आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्नानागार, शौचालय, भोजन और ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है. पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़े: नेटवर्किंग कंपनी पर पुलिस का छापा, दर्जनों युवक-युवतियों से पूछताछ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










