RR का सफर खत्म, साई सुदर्शन के नाम दर्ज हुआ IPL का अजीब रिकॉर्ड
Published by : Ritu Raj Updated At : 30 May 2026 12:34 PM
साई सुदर्शन के हाथ से बल्ला छूटकर विकेट पर गिर गया
Sai Sudharsan: राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर गुजरात टाइटंस आईपीएल 2026 के फाइनल में पहुंच गई है. लेकिन इस मैच की सबसे ज्यादा चर्चा साई सुदर्शन के आउट होने के तरीके को लेकर हो रही है.
Sai Sudharsan: मुल्लांपुर में खेले गए आईपीएल 2026 के हाई-स्कोरिंग क्वालीफायर-2 मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. अब फाइनल में गुजरात का सामना खिताब बचाने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा.
साई सुदर्शन के नाम दर्ज हुआ आईपीएल का अजीबोगरीब रिकॉर्ड
गुजरात टाइटंस की पारी के दौरान क्रिकेट प्रेमियों को एक बेहद अजीब नजारा देखने को मिला. टीम के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन राजस्थान के गेंदबाज बृजेश शर्मा की गेंद पर हिट-विकेट आउट हो गए. दरअसल, एक लो-फुल टॉस गेंद पर ऑफ-साइड में शॉट खेलने के बाद सुदर्शन के हाथ से बल्ला पूरी तरह छूट गया और सीधे स्टंप्स से जा टकराया. सुदर्शन लगातार दो मैचों में इस तरह आउट होने वाले आईपीएल इतिहास के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. इससे ठीक पिछले मैच (क्वालीफायर-1) में आरसीबी के खिलाफ भी वे हिट-विकेट ही आउट हुए थे. अपनी इस पारी में उन्होंने आउट होने से पहले 32 गेंदों पर 58 रन बनाए.

शुभमन गिल का रिएक्शन वायरल
नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े कप्तान शुभमन गिल को तो जैसे अपनी आंखों पर यकीन ही नहीं हुआ. सुदर्शन को इस अनोखे और अनलकी तरीके से आउट होता देख गिल अपने जज्बातों पर काबू नहीं रख सके. वे इस कदर निराश और हताश हुए कि बीच पिच पर ही घुटनों के बल बैठ गए. गिल का यह रिएक्शन अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है. कप्तान का ऐसा टूटना लाजिमी भी था, क्योंकि दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 167 रनों की विशाल और मैच जिताऊ साझेदारी हो चुकी थी, जिसका अंत बेहद दुखदायक रहा.
कप्तान शुभमन गिल का शानदार शतक
215 रनों के बड़े लक्ष्य के जवाब में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेली. गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 53 गेंदों पर 104 रनों की शतकीय पारी खेली. इस विस्फोटक पारी में उनके बल्ले से 15 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के निकले. गिल की इस शानदार बल्लेबाजी के दम पर गुजरात ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली.
वैभव सूर्यवंशी का तूफान नहीं आया काम
इससे पहले, मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 214 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. राजस्थान के लिए एक बार फिर उनके 15 साल के ‘वंडर बॉय’ वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से कोहराम मचाया. वैभव ने मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात कर दी. हालांकि वे 96 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर आउट हुए. पारी के आखिरी ओवरों में डोनोवन फरेरा ने 38 रनों की नाबाद कैमियो पारी खेलकर टीम के स्कोर को 214 तक पहुँचाया था.
यह भी पढ़े- 3 जून से शुरू होगा झारखंड महिला टी20 टूर्नामेंट, JSCA ग्राउंड में खेले जाएंगे सभी मुकाबले
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ritu Raj
प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










