पलामू में चोरी: हरिहरगंज में इंडेन गैस गोदाम से 275 भरे सिलेंडर पार, ट्रक लेकर आए थे शातिर चोर
Published by : Sameer Oraon Updated At : 20 May 2026 10:08 PM
वहां पर मौजूद लोगों से पूछताछ करती पुलिस
Palamu Crime News: पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ में स्थित अपना इंडेन ग्रामीण वितरक के गैस गोदाम से अज्ञात चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर 275 भरे हुए गैस सिलेंडर चुरा लिए हैं. पुलिस मामला दर्ज कर चोरों और संदिग्ध वाहनों की तलाश में जुट गई है. पूरी विस्तृत रिपोर्ट यहां पढ़ें.
पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu Crime News, पलामू : पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र से चोरी की एक बेहद हैरान करने वाली और बड़ी वारदात सामने आई है. यहां शहरी इलाके के भगत तेंदुआ स्थित ‘अपना इंडेन ग्रामीण वितरक’ के गैस गोदाम को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने 275 पीस भरे हुए एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर चोरी कर लिए. इतनी बड़ी तादाद में भरे हुए सिलेंडरों की चोरी से न सिर्फ गैस एजेंसी प्रबंधन बल्कि स्थानीय पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है. मामले को लेकर गोदाम के प्रोपराइटर (संचालक) दीपक कुमार ने हरिहरगंज थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है. पीड़ित संचालक मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के माली थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुरा के रहने वाले हैं.
दोपहर में जब स्टाफ पहुंचा तो खुला रह गया राज
दर्ज प्राथमिकी और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 19 मई की रात की बताई जा रही है. गोदाम का स्थानीय स्टाफ अनुज कुमार रोजाना की तरह शाम को पूरा काम निपटाकर गोदाम को सुरक्षित बंद कर अपने घर चला गया था. अगले दिन यानी बुधवार (20 मई) की दोपहर करीब एक बजे जब अनुज दोबारा ड्यूटी पर गोदाम पहुंचा, तो उसे चोरी का अहसास हुआ. उसने सबसे पहले चहारदीवारी (बाउंड्री वॉल) में लगे छोटे गेट का ताला खोला और जैसे ही वह परिसर के भीतर दाखिल हुआ, तो उसके होश उड़ गए. गोदाम के मुख्य लोहे के गेट का भारी-भरकम ताला नीचे टूटा हुआ पड़ा था. जब स्टाफ अनुज भागकर गोदाम के अंदर गया, तो वहां लाइन से रखे हुए 275 भरे हुए गैस सिलेंडर गायब थे. उसने तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक और गोदाम के प्रोपराइटर दीपक कुमार को दी.
Also Read: Palamu: किशुनपुर को ओपी से बना दिया गया पिकेट, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
मुजफ्फरपुर डिपो से आई थी खेप
गोदाम संचालक दीपक कुमार ने पुलिस को बताया कि बीते 27 अप्रैल को ही बिहार के मुजफ्फरपुर डिपो से गैस सिलेंडरों की एक बड़ी खेप इस ग्रामीण वितरण केंद्र के गोदाम में पहुंची थी. 275 भरे हुए सिलेंडरों का वजन और आकार इतना ज्यादा होता है कि इसे कोई एक या दो इंसान बिना किसी बड़े वाहन के नहीं ले जा सकता. स्थानीय लोगों और पुलिस को आशंका है कि चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए आधी रात को किसी बड़े मालवाहक ट्रक या पिकअप वैन का इस्तेमाल किया होगा और कटर या भारी औजार से ताला तोड़कर आराम से सारे सिलेंडर लोड कर चंपत हो गए.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
गैस गोदाम में इतनी बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही हरिहरगंज थाने के सब-इंस्पेक्टर (SI) संतोष कुमार पुलिस बल के जवानों के साथ तुरंत भगत तेंदुआ स्थित घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस टीम ने पूरे घटना स्थल का मुआयना किया फिर टूटे हुए तालों को जब्त कर आसपास के लोगों से पूछताछ की. इधर, हरिहरगंज के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि गैस सिलेंडर चोरी की आधिकारिक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस तकनीकी सेल की मदद से घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है. चोरों के सुराग के लिए हरिहरगंज-औरंगाबाद मुख्य मार्ग और आस-पास के टोल प्लाजा व दुकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि संदिग्ध वाहनों की पहचान की जा सके.
Also Read: धनबाद में कोयला सिंडिकेट का खूनी खेल: आजसू और राम रहीम सेना के बीच गोलीबारी, 6 घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










