बंगाल में कितना भी जोर लगा लें, असर नहीं पड़ेगा, गरजीं ममता

Updated at : 06 Apr 2026 9:51 PM (IST)
विज्ञापन
बंगाल में कितना भी जोर लगा लें, असर नहीं पड़ेगा, गरजीं ममता

सोमवार को पूर्वस्थली दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के समुद्रगढ़ के नीमतला हाई स्कूल मैदान में तृणमूल कांग्रेस की चुनावी जनसभा के मंच से पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा सियासी हमला बोला.

विज्ञापन

बर्दवान/पानागढ़.

सोमवार को पूर्वस्थली दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के समुद्रगढ़ के नीमतला हाई स्कूल मैदान में तृणमूल कांग्रेस की चुनावी जनसभा के मंच से पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा सियासी हमला बोला. कहा कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भाजपा समेत जितने विरोधी हैं, वे प्रचार में चाहे जितना जोर लगा लें, बंगाल की जनता के मन में तृणमूल के प्रति विश्वास नहीं खत्म होगा. ममता ने दावा किया कि व्यापक जन-समर्थन की बदौलत लगातार चौथी बार तृणमूल ही बंगाल में सरकार बनायेगी. राज्य में तृणमूल का चुनाव प्रचार तेज हो चुका है और जनता का समर्थन लगातार मा-माटी-मानुष के पक्ष में बढ़ता जा रहा है.

बकाया और महंगाई को लेकर हमला

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने 100 दिन के काम, आवास योजना, शिक्षाश्री और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का पैसा रोका है. इसके बावजूद राज्य सरकार ने लोगों को बकाया राशि दी. उन्होंने पेट्रोल, डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर कहा कि इससे आम लोग और छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं और रोजगार पर भी असर पड़ रहा है.

राज्य में तृणमूल का आक्रामक प्रचार

ममता बनर्जी ने कहा कि राज्यभर में तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी लगातार जनसभाएं और रैलियां कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि हर विधानसभा क्षेत्र में जनता का भारी समर्थन मिल रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरे देश से नेताओं और प्रचारकों को बंगाल में उतार दिया है, लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ेगा.

भाजपा की राजनीति पर निशाना

ममता बनर्जी ने भाजपा पर विभाजन और डर की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राज्य में अराजकता फैलाने और लोगों को बांटने की कोशिश हो रही है. साथ ही उन्होंने प्रवासी बंगाली मजदूरों के साथ अन्य राज्यों में हो रहे व्यवहार और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाये.

जनता से समर्थन की अपील और जीत का भरोसा

राज्य में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार ने बीते डेढ़ दशक में विकास के ढेर सारे काम किए हैं और आगे भी काम जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि जनता इस बार भी तृणमूल कांग्रेस के साथ खड़ी है और चुनाव में भाजपा को जवाब देगी. सभा में पूर्व बर्दवान जिले के तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

विज्ञापन
AMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR

AMIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola