Weather Forecast: दिल्ली में तापमान जाएगा 44 पार, बिहार-झारखंड में भी चढ़ेगा पारा, जानिए आज कहां होगी बारिश

Published by : Pritish Sahay Updated At : 15 May 2024 7:15 AM

विज्ञापन

Weather Forecast PTI

Weather Forecast: दिल्ली, बिहार, झारखंड समेत देश के कई राज्यों में एक बार फिर गर्मी का पारा चढ़ने वाला है. बीते दिनों पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ने करवट ली थी. लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी. हालांकि अब एक बार फिर कई राज्यों में पारा चढ़ने वाला है.

विज्ञापन

Weather Forecast: देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम के तेवर तल्ख होने जा रहे हैं. दिल्ली, बिहार, यूपी, झारखंड समेत कई और इलाकों में फिर भीषण गर्मी की आहट होने लगी है. स्काईमेट वेदर की एक रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर भारत के कई राज्यों में एक बार फिर भीषण गर्मी पड़ने वाली है. बता दें, बीते दिनों पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिला था. लेकिन अब उसका असर खत्म होने के बाद फिर उत्तर भारत में गर्मी बढ़ने लगी है.  स्काई मेट वेदर के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार के अधिकांश हिस्सों, झारखंड, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मौसम पूरी तरह शुष्क हो सकता है. इन क्षेत्रों में आज से तापमान बढ़ेगा.

दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी
दिल्ली में एक बार फिर झुलसाने वाली गर्मी पड़ने वाली है.  भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जाहिर किया है कि आने वाले तीन दिनों तक दिल्ली भीषण गर्मी से दो-चार होने वाली है. इस दौरान दिल्ली में झुलसाने वाली गर्मी पड़ेगी. दिल्ली में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 मई से नये पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा. जिसके कारण दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बारिश होगी.

यूपी में झुलसाएगी गर्मी
दिल्ली के साथ-साथ पड़ोसी राज्य यूपी में भी मौसम के तेवर तल्ख रहेंगे. उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में गर्मी का पारा चढ़ा रहेगा. राजधानी लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम समेत कई और इलाकों में भीषण गर्मी पड़ेगी. आने वाले एक दो दिनों में तापमान में और इजाफा होगा.

राजस्थान में आज से फिर जोर पकड़ेगी गर्मी
यहीं हाल आज से राजस्थान का भी होने वाला है. राजस्थान के कई इलाकों में बुधवार से गर्मी फिर जोर पकड़ेगी और मौसम विभाग ने कई जगह लू चलने की चेतावनी भी जारी की है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार जोधपुर, बीकानेर में 15 से 16 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने कहा है कि इस दौरान लू भी चलेगी. वहीं 17 से 18 मई को पश्चिम राजस्थान में तीव्र लू चलने की संभावना मौसम विभाग ने जाहिर की है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश व आंधी चलने से पिछले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान कम हुआ और लोगों को गर्मी से राहत मिली थी. मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में आंधी बारिश की गतिविधियां 15 मई से कम होंगी जबकि 16 मई से राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा. इस दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है.

बिहार में बढ़ेगा तापमान
बिहार में गर्मी बढ़ेगी. अगले चार दिनों में कई शहरों का अधिकतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. हालांकि, पछुआ पवन नहीं चलने के कारण लू की स्थिति नहीं रहेगी लेकिन तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र का अनुमान है कि आने वाले दिनो में गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. बिहार के मुजफ्फरपुर में भी एक बार फिर गर्मी व उमस बढ़ने लगी है. बिहार में इस सप्ताह हीट वेव की स्थिति बन सकती है. इस अवधि में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

झारखंड में शुष्क रहेगा मौसम
झारखंड में भी एक बार फिर गर्मी सताने को तैयार है. आंधी बारिश की गतिविधियां थमने के बाद एक बार प्रदेश में गर्मी बढ़ने लगा है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि  14 मई से ही मौसम शुष्क हो गया है. इस दौरान अधिकतम तापमान तीन से चार डिग्री तक बढ़ेगा. इस सप्ताह प्रदेश का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.

इन राज्यों में हो सकती है बारिश
स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार (15 अप्रैल) को देश के कई राज्यों में बारिश के आसार है. ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के कुछ-कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. इसके अलावा गुजरात के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मराठवाड़ा, विदर्भ, दक्षिण मध्य प्रदेश और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हल्की वर्षा संभव है.

Also Read: Today News Wrap: पांचवें चरण के लिए रेस में राजनीतिक दल, मुंबई में पीएम मोदी तो रायबरेली और अमेठी में प्रचार करेंगे खरगे, पढ़ें सुबह की बड़ी खबरें

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन