परिवार की आंख में मिर्च डालकर उठा ले गए युवती, पुणे में सांप्रदायिक तनाव, हिंदू संगठनों ने घेरा थाना
Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 18 Feb 2026 1:15 PM
एआई जेनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर.
Pune Woman Kidnapped: पुणे में एक बाजार में हैरान करने वाली घटना घटी. मां और भाई की आंख में मिर्च पाउडर डालकर दो सगे भाइयों ने एक 21 साल की लड़की का किडनैप कर लिया. इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया. हिंदू संगठनों ने थाने का घेराव किया.
Pune Woman Kidnapped: महाराष्ट्र के पुणे में मंगलवार शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. दिनदहाड़े 21 साल की एक युवती का अपहरण कर लिया गया. आरोप है कि बदमाशों ने युवती की मां और भाई पर मिर्च पाउडर फेंककर उनकी आंखों में जलन पैदा की, जिससे वे कुछ समय के लिए कुछ देख नहीं सके. इसी अफरा-तफरी के बीच युवती को जबरन कार में बैठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए. इस वारदात के बाद लोगों ने विरोध जताया. हिंदू संगठनों ने थाने का घेराव किया. वहीं पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है, व्यापक स्तर पर खोज अभियान जारी है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, युवती अपने परिवार के साथ दोपहिया वाहन से पुणे जिले के इंदापुर तालुका स्थित भिगवां गांव के बाजार से लौट रही थी. तभी एक कार ने उनका रास्ता रोक लिया. आरोप है कि कार सवारों ने युवती की मां और भाई की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया और फिर युवती को जबरन गाड़ी में खींचकर ले गए.
अपर पुलिस अधीक्षक गणेश बिरादर के मुताबिक, यह घटना शाम करीब चार बजे की है. इस संबंध में भिगवां पुलिस थाने में दौंड के रहने वाले दो सगे भाइयों जहीर हारून शेख और अयान हारून शेख के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है.
पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले परिवार का रास्ता रोका, उनके साथ मारपीट की और फिर युवती को अगवा कर लिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू की गई और जिले के साथ-साथ आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर तलाशी तेज कर दी गई. युवती और आरोपियों की तलाश लगातार जारी है.
आरोपी और पीड़िता की थी जान-पहचान
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे को पहले से जानते थे और एक ही इलाके के निवासी हैं. जांच में शुरुआती तौर पर यह भी सामने आया है कि युवती और आरोपियों में से एक के बीच पिछले कुछ दिनों से बातचीत हो रही थी. कॉल और मैसेज से जुड़े रिकॉर्ड जांच में शामिल किए गए हैं. हालांकि, पुणे ग्रामीण पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है.
हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई. कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन कर नारे लगाए. बाद में पता चला कि पीड़िता और आरोपियों के बीच पहले से संपर्क था, तो प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया. फिलहाल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और आरोपी और पीड़िता की खोज की जा रही है.

ये भी पढ़ें:- शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर महिला को लगाई आग, फिर लगा लिया गले; दोनों झुलसे
ये भी पढ़ें:- 1982 में हुई 3000 रुपये की डकैती 2026 में आया फैसला, संदेह का मिला लाभ; 3 जिंदा आरोपी बरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










