ट्रंप का दावा: हॉर्मुज में बिछाई गई सभी बारूदी सुरंगें हटाई गई, ईरान को दी चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (PC : ChinaDaily)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हॉर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा है कि अमेरिकी नौसेना ने सभी बारूदी सुरंगों को हटा दिया है और ईरान को सीधी चेतावनी दी है.
Hormuz Strait : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ा दावा किया है. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिकी नौसेना ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में बिछाई गई सभी बारूदी सुरंगों (माइंस) को हटा दिया है या उन्हें निष्क्रिय कर दिया है. उन्होंने साथ ही ईरान को चेतावनी दी कि अगर अब किसी जहाज या नाव के रास्ते में नई बारूदी सुरंगें बिछाई गईं तो उन्हें तुरंत और व्यवस्थित तरीके से नष्ट कर दिया जाएगा.
ईरान को ट्रंप की सीधी चेतावनी
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में कहा कि ईरान को इस बारे में सूचित कर दिया गया है. उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य में दोबारा बारूदी सुरंगें बिछाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की 'जीरो टॉलरेंस' नीति पूरी तरह प्रभावी है.
Space Force की भी निगरानी का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि US Space Force हॉर्मुज जलडमरूमध्य के हर हिस्से पर नजर रख रही है. ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका इस क्षेत्र की निगरानी उसी तरह कर रहा है जैसे उसने पिकैक्स माउंटेन और पहले नष्ट किए गए तीन अन्य परमाणु ठिकानों पर की थी.
हालांकि, ट्रंप की पोस्ट में इन दावों के समर्थन में कोई विस्तृत जानकारी, अभियान की तारीख या स्वतंत्र सत्यापन उपलब्ध नहीं कराया गया है.
हॉर्मुज में क्यों बढ़ी है चिंता?
हॉर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है. यहां किसी तरह की बारूदी सुरंग या सैन्य गतिविधि से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी असर पड़ने की आशंका रहती है.
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बीच हॉर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है. अमेरिकी राष्ट्रपति की नई चेतावनी से इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर तनाव और बढ़ने की संभावना है.
Also read : सड़क पर दो लड़कियों ने रोकी गाड़ियां, लगा जाम; भीड़ में शख्स ने स्कूटी पर मारी लात, VIDEO वायरल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए