10वीं बोर्ड परीक्षा में शिक्षिका ही करा रहीं चीटिंग, पेपर वॉट्सऐप स्टेटस पर डाला

एआई जेनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर.
Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के 10वीं बोर्ड परीक्षा में अंग्रेजी का पर्चा लीक करने के आरोप में एक शिक्षिका के ऊपर केस दर्ज किया गया है. आरोप है कि टीचर ने नकल कराने के उद्देश्य से पर्चा व्हाट्सएप पर डाल दिया था.
Madhya Pradesh: देश भर में बोर्ड परीक्षाओं का दौर शुरू हो गया है. इसके साथ ही शुरू हो गया है, नकल रोकने का अभियान; विशेषकर उत्तर भारत में. आमतौर पर परीक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मियों पर भरोसा किया जाता है, लेकिन इसमें शिक्षक ही शामिल हो जाएं तो शायद ही यह पकड़ में आए. हालांकि, तकनीक के आगे बड़े-बड़े बौने साबित हो जाते हैं. मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में एक शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
अधिकारियों के अनुसार, कक्षा 10 की अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान एक शिक्षिका ने प्रश्नपत्र की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर दी. आरोप है कि यह कदम परीक्षार्थियों को नकल कराने के उद्देश्य से उठाया गया. घटना सामने आने के बाद न सिर्फ संबंधित शिक्षिका को निलंबित किया गया, बल्कि परीक्षा केंद्र के अध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्ष पर भी कार्रवाई की गई.
अधिकारियों के मुताबिक, तुकईथड़ के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को कक्षा 10 के अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षक राजकुमारी सोनी ने प्रश्नपत्र की तस्वीर अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर डाल दी थी. आरोप है कि प्राथमिक शिक्षिका सोनी ने परीक्षा में अनुपस्थित एक छात्र की टेबल पर रखे प्रश्नपत्र की तस्वीर खींचकर एक व्यक्ति को भी भेजी थी ताकि इसे हल करके परीक्षार्थियों को नकल कराई जा सके.
बहरहाल, जिला प्रशासन का दावा है कि प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की आयोजित परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक नहीं हुआ और परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हुई. अधिकारियों के मुताबिक शिक्षिका ने मंगलवार सुबह परीक्षा शुरू होने के बाद नौ बजकर छह मिनट पर अंग्रेजी विषय के प्रश्न पत्र की तस्वीर अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर डाली थी, जबकि परीक्षा केंद्र में 109 छात्र-छात्राओं को सुबह आठ बजकर 40 मिनट के पहले ही प्रवेश दे दिया गया था.
अधिकारियों ने बताया कि शिक्षिका को बोर्ड परीक्षा की गोपनीयता भंग करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है. पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार पाटीदार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शिक्षिका के खिलाफ मध्यप्रदेश मान्यताप्राप्त परीक्षा अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया, “हम तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए इस मामले की जांच कर रहे हैं.”
अधिकारियों ने बताया कि इंदौर संभाग के आयुक्त (राजस्व) डॉ. सुदाम खाड़े ने परीक्षा केंद्र के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार कुलकर्णी और सहायक केन्द्राध्यक्ष अनीता दीक्षित को दायित्वों के निर्वहन और शासकीय कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही के आरोपों में निलंबित कर दिया है. उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है.

ये भी पढ़ें:- 1982 में हुई 3000 रुपये की डकैती 2026 में आया फैसला, संदेह का मिला लाभ; 3 जिंदा आरोपी बरी
ये भी पढ़ें:- शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर महिला को लगाई आग, फिर लगा लिया गले; दोनों झुलसे
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




