सियाचिन में शहीद जवान का शव 38 साल बाद पुराने बंकर में मिला, सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 16 Aug 2022 12:56 PM
भारतीय सेना की उत्तरी कमान ने कहा, कि उन्होंने 1984 में सियाचिन में सेना के एक अभियान के दौरान लापता हुए एक सैनिक के शव को बरामद कर लिया है. भारतीय सेना ने कहा कि चंद्रशेखर 29 मई 1984 से सियाचिन में लापता थे. सेना ने कहा कि दिवंगत सैनिक की पहचान उनके सेना नंबर वाले पहचान डिस्क की मदद से की गई.
भारत-पाकिस्तान के बीच 38 साल पहले हुई एक झड़प के दौरान बर्फीली चट्टान की चपेट में आकर लापता हुए 19 कुमाऊं रेजीमेंट के एक जवान का शव सियाचिन के पुराने बंकर में मिला है. दुनिया की सबसे ऊंची रणभूमि सियाचिन में जवान चंद्रशेखर हर्बोला का शव मिलने की जानकारी रविवार को कुमाऊं रेजीमेंट रानीखेत के सैनिक ग्रुप केंद्र की ओर से परिजनों को दी गई.
चंद्रशेखर के साथ एक और सैनिक का शव मिलने की सूचना है. मूल रूप से अल्मोड़ा के निवासी चंद्रशेखर की पत्नी शांति देवी इस समय हल्द्वानी की सरस्वती विहार कॉलोनी में रहती हैं. शहीद सैनिक के घर पहुंचे हल्द्वानी के उपजिलाधिकारी मनीष कुमार और तहसीलदार संजय कुमार ने बताया कि चंद्रशेखर का पार्थिव शरीर जल्द यहां पहुंच जाएगा, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार पूरे सैनिक सम्मान के साथ किया जाएगा. वर्ष 1984 में शांति देवी को सियाचिन में पाकिस्तानी सैनिकों के साथ झड़प के दौरान पति के लापता होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह पिछले 38 साल से उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने का इंतजार कर रही थीं.
उन्होंने बताया कि शादी के नौ साल बाद उनके पति लापता हो गए थे और उस समय उनकी उम्र सिर्फ 28 साल थी, जबकि उनकी बड़ी बेटी चार साल और दूसरी बेटी डेढ़ साल की थी. हालांकि, शांति देवी ने कहा कि उन्होंने जीवन की तमाम बाधाओं और चुनौतियों का सामना करते हुए बच्चों को एक शहीद की बहादुर पत्नी के रूप में पाला. शांति देवी के मुताबिक, जनवरी 1984 में जब उनके पति अंतिम बार घर आए थे, तब उन्होंने जल्दी लौटने का वादा किया था. हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनके पति ने परिवार से किए वादे पर देश के प्रति अपने फर्ज को प्राथमिकता दी.
Also Read: Atal Bihari Vajpayee: अटल बिहारी बाजपेयी की 5 कविताएं, जो आपको आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में करेगी मदद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, द्वाराहाट के रहने वाले चंद्रशेखर 1975 में सेना में भर्ती हुए थे और 1984 में जब भारत-पाकिस्तान में सियाचिन के लिए टकराव हुआ था, तब ‘ऑपरेशन मेघदूत’ के तहत क्षेत्र में गश्त के लिए हर्बोला समेत 20 सैनिकों को भेजा गया था. इसी दौरान, सभी सैनिक एक बर्फीले तूफान के चलते बर्फीली चट्टान की चपेट में आ गए. बाद में हादसे में शहीद हुए 15 जवानों के शव बरामद कर लिए गए, लेकिन चंद्रशेखर समेत पांच सैनिकों के शव नहीं मिल पाए थे. (भाषा)
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










