राज्यसभा चुनाव 2026: 10 राज्यों की 37 सीटों पर वोटिंग आज, बिहार-हरियाणा में कड़ा मुकाबला

राज्यसभा चुनाव 2026
Rajya Sabha Elections 2026: देश के 10 राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए आज यानी 16 मार्च को चुनाव हो रहे हैं. इन सीटों पर चुने गए सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है, इसलिए नए चेहरों को मौका मिलने वाला है. चुनाव के तुरंत बाद शाम 5 बजे से ही वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी और रिजल्ट भी आज ही साफ हो जाएगा. जिन राज्यों में यह चुनाव हो रहे हैं, उनमें महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना शामिल हैं.
Rajya Sabha Elections 2026: इस इलेक्शन की सबसे बड़ी खबर यह है कि कुल 37 सीटों में से 26 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध (बिना किसी विरोध के) चुन लिए गए हैं. इन 26 विजेताओं में बीजेपी के 7, कांग्रेस के 5 और टीएमसी के 4 उम्मीदवार शामिल हैं. इसके अलावा डीएमके के 3, और शिवसेना, आरपीआई(ए), एनसीपी, एनसीपी (एसपी), एआईएडीएमके, पीएमके और यूपीपीएल का 1-1 सदस्य चुनाव जीत चुका है. शरद पवार, अभिषेक मनु सिंघवी और विनोद तावड़े जैसे बड़े नाम पहले ही अपनी सीट पक्की कर चुके हैं.
बिहार, हरियाणा और ओडिशा में असली ‘गेम’
अब सारा सस्पेंस बाकी बची 11 सीटों पर है. सबसे ज्यादा कड़ा मुकाबला बिहार (5 सीट), ओडिशा (4 सीट) और हरियाणा (2 सीट) में देखने को मिल रहा है. यहां एनडीए (NDA) और विपक्ष के बीच सीधी टक्कर है. बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद राज्यसभा जाने का फैसला लेकर सबको चौंका दिया है. 75 साल के नीतीश कुमार ने गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अपना नामांकन भरा और सोशल मीडिया (X) पर कहा कि वे राज्यसभा सदस्य बनकर भी बिहार के विकास के लिए काम करते रहेंगे और नई कैबिनेट को अपना पूरा गाइडेंस देंगे.
पार्टियों को सता रहा है ‘क्रॉस वोटिंग’ का डर
चुनाव में विधायकों के टूटने या ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ (विधायकों की खरीद-फरोख्त) के डर से राजनीतिक गलियारों में खलबली मची है. कांग्रेस जैसे दलों ने तो अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए उन्हें दूसरे राज्यों के रिजॉर्ट्स में शिफ्ट कर दिया है. एनडीए की तरफ से बिहार में उपेंद्र कुशवाहा और नितिन नबीन ने भी पर्चा भरा है. अब देखना यह होगा कि शाम 5 बजे जब काउंटिंग शुरू होगी, तो ऊंट किस करवट बैठता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




