इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने वाले हैं, तो जानिए आपकी कमाई पर कितना बनेगा टैक्स?
ITR Filing 2026: इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने से पहले जानिए कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट आपकी कुल इनकम निकालकर टैक्स देनदारी का पूरा हिसाब कैसे लगाता है.
ITR Filing 2026: फाइनेंशियल ईयर 2025-26 (असेसमेंट ईयर 2026-27) के लिए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरने की अंतिम तारीख अब ज्यादा दूर नहीं है. ऐसे में लाखों नौकरीपेशा के मन में एक सवाल है कि आखिर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट उनकी टैक्स देनदारी (Tax Liability) कैसे तय करता है. रिटर्न दाखिल करने से पहले यह समझना जरूरी है कि टैक्स की गणना किन चरणों में होती है और किन बातों का ध्यान रखा जाता है.
सबसे पहले क्या देखा जाता है?
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट सबसे पहले यह तय करता है कि करदाता (Taxpayer) भारत का निवासी (Resident) है या अनिवासी (Non-Resident).
- निवासी व्यक्ति की वैश्विक आय (Global Income) पर टैक्स लागू हो सकता है.
- अनिवासी व्यक्ति पर केवल भारत में प्राप्त या अर्जित आय पर टैक्स लगता है.
यही आधार आगे की पूरी टैक्स गणना को प्रभावित करता है.
कुल इनकम कैसे निकाली जाती है?
टैक्स डिपार्टमेंट आपकी इनकम को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर गणना करता है. इसमें मुख्य रूप से 5 स्रोत शामिल होते हैं.
| इनकम का स्रोत | उदाहरण |
| वेतन (Salary) | नौकरी से मिलने वाली इनकम |
| हाउस प्रॉपर्टी | किराए की इनकम |
| बिजनेस या प्रोफेशन | व्यापार या पेशे से कमाई |
| कैपिटल गेन | शेयर, प्रॉपर्टी आदि बेचने से लाभ |
| अन्य स्रोत | ब्याज, एफडी, डिविडेंड आदि |
इसके बाद विभाग कुछ अन्य जरूरी कदम उठाता है:
- जरूरत होने पर क्लबिंग ऑफ इनकम लागू की जाती है.
- पुराने नुकसान (Losses) का सेट-ऑफ और कैरी फॉरवर्ड किया जाता है.
- धारा 80C, 80D जैसी योग्य कटौतियां (Deductions) घटाई जाती हैं.
- इसके बाद कुल कर योग्य आय (Total Income) तय होती है.
टैक्स देनदारी कैसे तय होती है?
कुल इनकम तय होने के बाद उसे दो हिस्सों में बांटा जाता है:
- सामान्य आय (Normal Income)
- विशेष दर वाली आय (Special Income)
सामान्य इनकम पर चुने गए टैक्स रिजीम और स्लैब के अनुसार टैक्स लगता है, जबकि कुछ विशेष इनकम पर अलग दरें लागू हो सकती हैं. ध्यान देने वाली बात यह है कि कृषि आय (Agricultural Income) टैक्स मुक्त रहती है, हालांकि कुछ मामलों में टैक्स दर तय करने के लिए इसे गणना में शामिल किया जाता है.
अंतिम टैक्स कितना देना होगा?
अंतिम टैक्स देनदारी निकालते समय विभाग पहले कुल टैक्स की गणना करता है और फिर पहले से जमा टैक्स को घटाता है.
इसमें शामिल हैं:
- एडवांस टैक्स
- TDS (Tax Deducted at Source)
- TCS (Tax Collected at Source)
- सेल्फ असेसमेंट टैक्स
अगर रिटर्न देर से भरा गया है या टैक्स समय पर जमा नहीं किया गया है तो ब्याज और लेट फीस भी जोड़ी जा सकती है. आखिर में सरचार्ज और हेल्थ-एंड-एजुकेशन सेस जोड़कर अंतिम देनदारी तय की जाती है.
क्या है आपके लिए जरूरी?
ITR भरने से पहले अपनी इनकम, कटौतियों और पहले से कटे हुए TDS का मिलान जरूर कर लें. इससे रिटर्न दाखिल करते समय किसी तरह की गलती या अतिरिक्त टैक्स भुगतान से बचा जा सकता है. सही जानकारी के साथ रिटर्न भरना न सिर्फ आसान होता है, बल्कि भविष्य में नोटिस जैसी परेशानियों की संभावना भी कम हो जाती है.
ये भी पढ़ें: Passport मिला तो क्या बन गए पक्के भारतीय? MEA ने दूर किया सालों पुराना कन्फ्यूजन!
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Soumya Shahdeo
सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










