राजस्थान: गुरुद्वारे पर टिप्पणी करना पड़ा महंगा! बीजेपी ने अपने नेता को पार्टी से कर दिया निष्कासित

Published by : Amitabh Kumar Updated At : 06 Nov 2023 11:56 AM

विज्ञापन

तिजारा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष संदीप दायमा की टिप्पणी की कड़ी आलोचना हुई. पंजाब बीजेपी की महिला विंग की प्रमुख जय इंदर कौर ने दायमा के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. जानें क्या है पूरा मामला

विज्ञापन

बीजेपी ने राजस्थान में अपनी पार्टी के एक नेता को लेकर ऐसा एक्शन लिया है जिसकी चर्चा राजनीतिक जगत में हो रही है. दरअसल बीजेपी ने रविवार को अलवर में अपने नेता संदीप दायमा को निष्कासित कर दिया. इसकी वजह जो बताई वह उनके बयान से जुड़ी है. हाल ही में तिजारा निर्वाचन क्षेत्र में आयोजित एक रैली के दौरान गुरुद्वारा और मस्जिद पर टिप्पणी करने के आरोप में संदीप दायमा पर पार्टी ने यह कार्रवाई की है. बीजेपी राजस्थान की अनुशासन समिति के अध्यक्ष ओंकार सिंह लाखावत ने मामले पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि बीजेपी की विचारधारा के खिलाफ बयान देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर संदीप दायमा को पार्टी से निष्कासित करने का फैसला लिया गया है. आपको बता दें कि अलवर के तिजारा से पार्टी उम्मीदवार बाबा बालकनाथ द्वारा नामांकन दाखिल करने से पहले तिजारा में एक रैली में गत बुधवार को दायमा ने कथित तौर पर कहा था कि मस्जिद और गुरुद्वारे एक नासूर बन चुके हैं. इन्हें उखाड़ दिया जाना चाहिए.

दायमा की टिप्पणी की कड़ी आलोचना

तिजारा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष दायमा की टिप्पणी की कड़ी आलोचना हुई. बयान की आलोचना होने के बाद दायमा ने एक वीडियो जारी किया और माफी मांगी. जारी वीडियो में दायमा ने कहा कि उनके द्वारा मस्जिद और मदरसे के स्थान पर गुरुद्वारे के खिलाफ गलती से कुछ गलत शब्दों का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने कहा कि मैं हाथ जोड़कर सिख समाज से माफी मांगता हूं. मुझसे यह गलती हुई जिसके लिए मैं क्षमा चाहता हूं. मुझे पता ही नहीं चला ये गलती कैसे हो गई. मैं सोच भी नहीं सकता कि मैं उस सिख समुदाय के लिए गलती कर सकता हूं जिसने हमेशा हिंदू और सनातन धर्म की रक्षा करने का प्रयास किया.

बयान पर बवाल के बाद सुनील जाखड़ ने क्या कहा

इस बीच बीजेपी की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ की प्रतिक्रिया सामने आई. उन्होंने कहा कि राजस्थान के नेता के बयान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है, कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने संदीप दायमा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी. शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पिछले दिनों दायमा के माफीनामे का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर शेयर किया और कहा कि माफी मांगने पर बीजेपी नेता को भी शर्म आनी चाहिए क्योंकि मुसलमानों के धार्मिक स्थलों के खिलाफ बोलना भी गुरुद्वारे जितना ही निंदनीय है.

Also Read: नामांकन दाखिल करने से एक दिन पहले राजस्थान में भाजपा ने जारी की अंतिम सूची, जानें किसे उतारा मैदान में

चंडीगढ़ पुलिस में शिकायत दर्ज

पंजाब बीजेपी की महिला विंग की प्रमुख जय इंदर कौर ने दायमा के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. वहीं बयान के बाद बवाल होने के बाद जाखड़ ने कहा था कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को श्री दायमा के बयान से अवगत करा दिया है. रविवार को पंजाब में बीजेपी नेताओं ने भी दायमा को निष्कासित करने की मांग की थी जिसके बाद पार्टी ने अपने नेता के खिलाफ एक्शन लिया. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने जहां दायमा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी, वहीं पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ ने कहा कि राजस्थान के नेता को इस टिप्पणी के लिए माफ नहीं किया जा सकता है.

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola