किसान ट्रैक्टर परेड’ मे शामिल होंगे ‘आप’ के कार्यकर्ता, विधायक और पदाधिकारी : भगवंत मान

Updated at : 23 Jan 2021 9:55 PM (IST)
विज्ञापन
किसान ट्रैक्टर परेड’ मे शामिल होंगे ‘आप’ के कार्यकर्ता, विधायक और पदाधिकारी : भगवंत मान

आम आदमी पार्टी ने 26 जनवरी को किसानों द्वारा प्रायोजित ‘किसान ट्रैक्टर परेड’ में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए शनिवार को राज्य भर में मोटरसाइकिल रैली निकाली. पार्टी के सभी विधायकों और पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में समर्थकों के साथ मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया.

विज्ञापन

इस अवसर पर ‘आप’ के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने कहा कि काले कृषि कानून के विरोध में किसानों द्वारा प्रायोजित 26 जनवरी के ‘किसान ट्रैक्टर परेड’ में ज्यादा से ज्यादा लोगों को एकत्रित करने के लिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और विधायकों द्वारा पंजाब के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया.

आप कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से लोंगों को 26 जनवरी को होने वाले ‘किसान ट्रैक्टर परेड’ में शामिल होने का आह्वान किया और भीषण ठंड में धरने पर बैठे अपने किसान भाईयों-बहनों को अपना समर्थन का संदेश दिया. मान ने कहा, यह रैली कोई राजनीतिक मकसद से नहीं निकाली गई है और न ही इसे राजनीतिक रूप में देखा जाना चाहिए.

हम सब किसान परिवार से आते हैं और किसानी हमारे खून में हैं. हमारे पूर्वज किसान थे और अभी भी पंजाब के 80 प्रतिशत से ज्यादा लोग खेती से जुड़े हुए हैं. एक किसान का बेटा होने के कारण हमने 26 तारीख को होने वाले किसान ट्रैक्टर परेड में अपना सहयोग देने के लिए इस मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया.

इस रैली का मकसद किसान संगठनों द्वारा प्रायोजित गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली की सड़कों पर किए जाने वाले ‘किसान ट्रैक्टर परेड’ में शामिल होने के लिए लोगों से अपील करना है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग ट्रैक्टर परेड में शामिल हो सके और किसानों का सौदा करने वाली मोदी सरकार का घमंड चकनाचूर हो सके.

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसान ट्रैक्टर परेड में राजनीतिक दल के रुप में नहीं, सेवा दल के रुप में शामिल होगी. मान ने कहा, आजादी के बाद देश में पहली बार ऐसा परेड होगा, जहां एक तरफ दिल्ली के भीतर देश के जवान परेड करेंगे और दूसरी तरफ दिल्ली के बाहरी सडक़ों पर अपने ट्रैक्टरों के साथ देश के किसान ट्रैक्टर परेड करेंगे.

Also Read: आप विधायक सोमनाथ भारती को 2 साल की सजा मिलने पर बोली आम आदमी पार्टी, अन्याय हुआ है

उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर आम आदमी पार्टी के हजारों कार्यकर्ता, सभी विधायक और पदाधिकारी किसान ट्रैक्टर परेड में हिस्सा लेंगे और अपने देश के किसान भाईयों के हौसले बुलंद करेंगे. हम इस परेड में नेता के रूप में नहीं, एक सच्चे सेवादार के रूप में भाग लेंगे और धरने पर बैठे अपने किसान भाईयें को हरसंभव मदद करने का प्रयास करेंगे.

उन्होंने कहा कि आज देश बहुत नाजुक दौर से गुजर रहा है. संविधान में निहित सभी अधिकारों को तानाशाह शासन की तरह मोदी सरकार द्वारा रौंदा जा रहा है. संविधान ने देश के सभी नागरिकों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने और अपनी बात कहने का अधिकार दिया है, लेकिन मोदी सरकार लोगों के इस लोकतात्रिक अधिकार को तानाशाही रवैया अपनाकर रौंद रही है. उन्होंने कहा कि संविधान को बचाने के लिए किसान ट्रैक्टर परेड में शामिल होना भारत के प्रत्येक देशभक्त नागरिक का नैतिक कर्तव्य है.

उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से देश के किसान काले कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं, लेकिन मोदी सरकार उनकी मांगों को मानने के बजाय किसानों को पाकिस्तान तथा चीन के एजेंट, गद्दार और खालिस्तानी कहकर किसान आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश में लगी है.

Also Read: किसानों के समर्थन में उतरे अन्ना हजारे 30 मार्च से शुरू करेंगे आमरण अनशन

एक लोकतांत्रिक देश के लिए इससे ज्यादा गर्व की बात और क्या हो सकती है कि पिछले दो महीनों से लाखों किसान भीषण ठंड को झेलते हुए बिना कोई हिंसा किए, शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं. यह आंदोलन अपने आप में खास है और पूरी दुनिया में एक नया इतिहास रच रहा है. मोदी सरकार को अब अपने मन की नहीं, किसानों के मन की बात सुननी चाहिए और काले कानूनों को तुरंत रद्द करना चाहिए.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola