ePaper
Live Updates

Breaking News: महाराष्ट्र में बीए.5 स्वरूप के दो और मामले सामने आये, मुंबई में कोविड से 2 की मौत

Updated at : 14 Jun 2022 10:32 PM (IST)
विज्ञापन
Breaking News: महाराष्ट्र में बीए.5 स्वरूप के दो और मामले सामने आये, मुंबई में कोविड से 2 की मौत

Breaking News Today : महाराष्ट्र में बीए.5 वैरिएंट के दो और मामले सामने आये हैं. वहीं, मुंबई में कोविड से 2 लोगों की मौत हो गयी. भारतीय स्टेट बैंक के बाद आईडीबीआई बैंक ने भी खुदरा मियादी जमा पर ब्याज दरें बढ़ा दी हैं. श्रीलंका के लिए भारत से मिली नयी ऋण सुविधा से चार माह का ईंधन खरीद पायेगा.

विज्ञापन
Auto-updating every 30s
10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

महाराष्ट्र में बीए.5 स्वरूप के दो और मामले सामने आये

महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना वायरस के बीए.5 स्वरूप के दो और मामले सामने आये. राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी. बीए.5 वैरिएंट से संक्रमित दोनों मरीज ठाणे शहर में पाये गये और उनका टीकाकरण हो चुका है. विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उन्होंने घर में पृथकवास की अवधि पूरी कर ली है और वे बीमारी से उबर गये हैं. इनमें से एक महिला (25 वर्षीय) और एक पुरुष (32 वर्षीय) है. महिला 28 मई को संक्रमित पायी गयी थी, जबकि पुरुष 30 मई को संक्रमित पाया गया था. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पुणे स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज के अनुसार, राज्य में हालिया नमूनों के संपूर्ण जीनोम सीक्वेंसिंग के दौरान सर्वाधिक नमूनों में बीए.2 वैरिएंट पाया गया है और उसके बाद मरीज बीए.2.38 वैरिएंट से संक्रमित पाये गये हैं.

10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

मुंबई में कोविड के 1724 नये मामले, दो की मौत

मुंबई में मंगलवार को कोरोना वायरस के 1724 नये संक्रमितों की पुष्टि हुई तथा दो मरीजों की मौत हो गयी. सोमवार की तुलना में 600 मामले अधिक आये हैं. बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के बुलेटिन के मुताबिक, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कुल मामले बढ़कर 10,83,589 हो गये हैं तथा 19,575 लोगों की जान जा चुकी है. एक दिन पहले शहर में कोविड के 1,118 मामले आये थे, लेकिन किसी भी संक्रमित की मौत की पुष्टि नहीं हुई थी. मुंबई में मंगलवार को लगातार आठवें दिन एक हजार से अधिक मामले आये हैं.

10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

आईडीबीआई बैंक ने खुदरा मियादी जमा पर ब्याज दरें 0.25 प्रतिशत तक बढ़ायीं

निजी क्षेत्र के आईडीबीआई बैंक ने दो करोड़ रुपये से कम की खुदरा मियादी जमा पर ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत तक की वृद्धि की है. बैंक ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि संशोधित दरें 15 जून से प्रभावी होंगी. विज्ञप्ति के अनुसार, बैंक ने 91 दिन से छह महीने के बीच पूरी होने वाली खुदरा सावधि जमा पर ब्याज दर को 0.25 प्रतिशत बढ़ाकर चार प्रतिशत कर दिया है. यह पहले 3.75 प्रतिशत थी. वहीं, तीन साल से लेकर पांच साल से कम वाली जमा पर ब्याज दर को 0.10 प्रतिशत बढ़ाकर 5.60 प्रतिशत कर दिया है, जो पहले 5.50 प्रतिशत थी. इसके अलावा पांच साल से लेकर सात वर्ष वाली खुदरा सावधि जमा पर अब 5.75 प्रतिशत के हिसाब से ब्याज दिया जायेगा. यह पहले 5.60 प्रतिशत था.

10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

उत्तराखंड सरकार ने 65,571.49 करोड़ रुपये का बजट पेश किया

उत्तराखंड सरकार ने मंगलवार को राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 65,571.49 करोड़ रुपये का बजट पेश किया. राज्य विधानसभा के मौजूदा बजट सत्र के पहले दिन बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता मजबूत वित्तीय अनुशासन और प्रबंधन, कामकाज के बेहतर संचालन तथा सतत विकास लक्ष्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की है.

10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

भारत से मिली नयी ऋण सुविधा से चार माह का ईंधन खरीद पायेंगे : विक्रमसिंघे

श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने मंगलवार को कहा कि भारत सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गयी नयी ऋण सुविधा से देश को जुलाई से चार और माह के लिए ईंधन खरीदने में मदद मिलेगी. वहीं, श्रीलंका में 3,500 टन एलपीजी की खेप भी पहुंच गयी है. इस खेप से मिली गैस की आपूर्ति अस्पतालों, होटलों आदि को की जायेगी. ‘न्यूज फर्स्ट’ वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, विक्रमसिंघे ने कहा कि अगली खेप में चार माह के लिए एलपीजी मिलेगी. हमें यह खेप पाने में 14 दिन लगेंगे.

10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

अभिनेता सिद्धांत कपूर जमानत पर रिहा, पुलिस ने की पूछताछ

बॉलीवुड अभिनेता शक्ति कपूर के बेटे एवं सहायक निर्देशक सिद्धांत कपूर को सोमवार देर रात जमानत पर रिहा कर दिया गया, लेकिन मंगलवार को उनसे पूछताछ की गयी. पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें मादक पदार्थ के सेवन के मामले में गिरफ्तार किया गया था. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किये गये अभिनेता और चार अन्य को सोमवार को देर रात इस निर्देश के साथ जमानत पर रिहा किया गया कि जब भी जरूरत होगी, तो उन्हें पुलिस के सामने पेश होना होगा. अभिनेता सिद्धांत को पुलिस ने रविवार रात यहां एमजी रोड पर एक पांच सितारा होटल में एक कथित रेव पार्टी के दौरान हिरासत में लिया था, जिनसे मंगलवार को पूछताछ की गयी.

10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

राष्ट्रपति चुनाव: ममता की बैठक में शामिल होने के लिए सांसदों को भेजेंगे माकपा और भाकपा

राष्ट्रपति पद के लिए संयुक्त उम्मीदवार पर चर्चा के लिए बैठक बुलाने के तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी के ‘एकतरफा’ फैसले से नाराज मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने मंगलवार को कहा कि वे अपने सांसदों को यहां 15 जून को होने वाली विपक्ष की बैठक में भेजेंगे. माकपा महासचिव सीताराम येचुरी और भाकपा महासचिव डी राजा ने कहा कि टीएमसी प्रमुख द्वारा बुलायी गयी बैठक में शीर्ष नेतृत्व शामिल नहीं होगा.

10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

असम और मेघालय में 15 एवं 16 जून को मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट

असम और मेघालय में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 15 एवं 16 जून को पूर्वोत्तर के दोनों राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. इसमें कहा गया है कि इन दोनों राज्यों के अधिकांश जगहों पर 15 एवं 16 जून को मूसलाधार बारिश होगी.

10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

16 जून को पहली बार ट्विटर के कर्मचारियों को संबोधित करेंगे एलन मस्क

मशहूर उद्योगपति एलन मस्क पहली बार बृहस्पतिवार (16 जून 2022) को सोशल मीडिया मंच ट्विटर के कर्मचारियों को संबोधित करेंगे. उन्होंने अप्रैल में ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदने की पेशकश की थी. ट्विटर ने मंगलवार को यह जानकारी दी. ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ के अनुसार, ट्विटर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पराग अग्रवाल ने सोमवार को एक ई-मेल में कर्मचारियों के साथ एक बैठक की जानकारी दी है. उन्होंने इस ई-मेल में कहा कि कर्मचारी मस्क से पूछने के लिए पहले से सवाल दे सकते हैं.

10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

दिल्ली में एक दिन में मिले कोरोना के 1000 मामले, दो लोगों की हुई मौत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना से संक्रमित 1000 नये मामले सामने आये हैं. इस दौरान 2 लोगों की मौत भी हो गयी. 500 लोग स्वस्थ होकर अपने घर गये हैं.

10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

18 जुलाई से शुरू हो सकता है संसद का मानसून सत्र

संसद का मानसून सत्र 18 जुलाई से शुरू हो सकता है. न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है.

10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा है. राहुल गांधी ने कहा है कि यह ‘जुमलों’ की नहीं ‘महाजुमलों’ की सरकार है. 8 साल पहले सरकार ने 2 करोड़ लोगों को नौकरी देने की बात कही थी. उसी तरह अब 1.5 साल में 10 लाख लोगों को नौकरी देने की बात की जा रही है.

10:32 PM. 14 Jun 2210:32 PM. 14 Jun

जल्द होगी नये चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की नियुक्ति, बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि नये प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) की नियुक्ति जल्द की जायेगी. इसके लिए प्रक्रिया जारी है. गत आठ दिसंबर को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में देश के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद से सीडीएस का पद रिक्त है.

1:27 PM. 14 Jun 221:27 PM. 14 Jun

सीबीआई कोर्ट ने सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका पर शनिवार तक फैसला सुरक्षित रखा

सीबीआई कोर्ट ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी और बचाव पक्ष के वकील की दलील सुनने के बाद दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका पर शनिवार तक फैसला सुरक्षित रख लिया.

1:27 PM. 14 Jun 221:27 PM. 14 Jun

एमपी में सीएम शिवराज की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए सपा, बसपा और निर्दलीय के विधायक

मध्य प्रदेश के भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में सपा विधायक राजेश शुक्ला,बसपा विधायक संजीव कुशवाहा और निर्दलीय विधायक राणा विक्रम सिंह भाजपा में शामिल हुए.

1:27 PM. 14 Jun 221:27 PM. 14 Jun

उत्तराखंड के विकास के लिए बनाया गया सालाना बजट : सीएम धामी

उत्तराखंड के सालाना बजट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सभी की भावनाओं, जनकल्याण और उत्तराखंड के हर क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए बजट बनाया गया है. उन्होंने कहा कि इस बजट को हमारे वित्त मंत्री पेश करेंगे. उत्तराखंड के विकास के लिए हमारा जो विकल्प रहित संकल्प है, वो इस बजट में दिखाई देगा.

1:27 PM. 14 Jun 221:27 PM. 14 Jun

भारत में कोरोना के 6,594 नए केस दर्ज, सक्रिय मामलों की संख्या 50 हजार के पार

भारत में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 6,594 नए मामले सामने आए हैं. वहीं, सक्रिय मामलों की संख्या 50,548 है.

1:27 PM. 14 Jun 221:27 PM. 14 Jun

जम्मू-कश्मीर के राजौरी के कांची मोड जंगल में लगी भीषण आग

जम्मू-कश्मीर के राजौरी के कांची मोड जंगल क्षेत्र स्थित कंडी रेंज में आग लग गई.

1:27 PM. 14 Jun 221:27 PM. 14 Jun

असम भाजपा कार्यकारिणी की आज और कल कार्बी आंगलोंग जिले में होगी आयोजित

असम भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक आज और कल दिफू कार्बी आंगलोंग जिले में आयोजित की जाएगी.

8:12 AM. 14 Jun 228:12 AM. 14 Jun

राहुल गांधी की आज फिर होगी ईडी में पेशी, कांग्रेस कार्यालय पर सुरक्षा बल तैनात, ट्रैफिक रूट में बदलाव

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की आज फिर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेशी होगी. इसे लेकर कांग्रेस कार्यालय से ईडी दफ्तर तक भारी मात्रा में सुरक्षा बल के जवानों को तैनात कर दिया गया है. उधर, यातायात पुलिस ने रूट में बदलाव बदलाव करने का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली यातायात पुलिस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि विशेष यातायात व्यवस्था के कारण नई दिल्ली में गोल डाक खाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक, पृथ्वीराज रोड से आगे बसों की आवाजाही बंद रहेगी. इसके साथ ही, गोल मार्केट जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आज़ाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन से सुबह 7 से 12 बजे के बीच जाने से बचें. उसने कहा कि मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड से जाने से बचें.

7:53 AM. 14 Jun 227:53 AM. 14 Jun

हिंसक प्रदर्शन के खिलाफ आज रात आठ बजे दिल्ली के मंदिरों में हनुमान चालीसा का पाठ करेगा विहिप

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की दिल्ली इकाई ने देश के कई हिस्सों में 10 जून को हुई हिंसा के विरोध में शहर के लोगों से मंगलवार को मंदिरों में एकत्र होने और हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ में भाग लेने का सोमवार को आह्वान किया. विहिप ने एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि भारत को वैश्विक स्तर पर बदनाम करने की एक सुनियोजित साजिश के तहत 10 जून को मस्जिदों में नमाज के बाद हिंसक प्रदर्शन किए गए और मंदिरों व घरों पर पथराव किया गया. भाजपा के पूर्व पदाधिकारियों की पैगंबर मोहम्मद को लेकर की गई विवादित टिप्पणियों के खिलाफ 10 जून को देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन हुए थे. दिल्ली की विहिप इकाई के प्रमुख कपिल खन्ना ने एक बयान में कहा कि मैं इसका विरोध करने के लिए दिल्ली के हिंदू समाज से शहर के छोटे और बड़े मंदिरों में एकत्र होने और कल (14 जून 2022) रात आठ बजे हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ में भाग लेने का आह्वान करता हूं.

7:53 AM. 14 Jun 227:53 AM. 14 Jun

वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर अगरतला में इंटर्न डॉक्टरों ने किया प्रदर्शन

त्रिपुरा के अगरतला में मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों ने वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. एक इंटर्न ने बताया कि हमें अधिक काम दिया जा रहा है और वेतन कम है. 2015 से हमारे वेतन में बढ़ोतरी नहीं हुई है. जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक हम काम नहीं करेंगे.

7:53 AM. 14 Jun 227:53 AM. 14 Jun

रेलवे ने असम के तिनसुकिया में आरओबी निर्माण के लिए 100 से अधिक अवैध मकान ढहाए

असम के तिनसुकिया में रेलवे विभाग और जिला प्रशासन ने श्रीपुरिया गांव के पास रेलवे भूमि पर अवैध अतिक्रमण के ख़िलाफ़ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, जिसमें करीब सौ से ज्यादा अतिक्रमणों की पहचान कर उन्हें ढहा दिया गया. रेलवे के संपदा अधिकारी एच साहिल ने बताया कि यहां रोड ओवरब्रिज (आरओबी) बनेगा. सारी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद यह कार्रवाई की है. हमने इधर रह रहे लोगों को पहले ही नोटिस दिया था. यहां करीब 100-150 घर होंगे. यह पहला फेज है और आगे के अतिक्रमणों के ख़िलाफ़ योजनाबद्ध तरीके से काम करेंगे.

7:53 AM. 14 Jun 227:53 AM. 14 Jun

इंदौर के जिला कलेक्टर कार्यालय में दो लोग तलवार लेकर घुसे

मध्य प्रदेश के इंदौर जिला कलेक्टर कार्यालय में 2 लोगों द्वारा तलवार लेकर कार्यालय में घुसने का मामला सामने आया. सुरक्षा में तैनात जवान ने बताया कि इन दोनों लोगों ने शराब पी हुई है और नशे में हैं. हम लोग इन्हें पुलिस के हवाले करेंगे और वे आगे की कार्रवाई करेगी.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola