भारत को ब्लैकमेल कर रहा अमेरिका, कांग्रेस का आरोप- दांव पर देश की सामरिक आजादी

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे- फोटो- पीटीआई
कांग्रेस ने अमेरिकी वित्त विभाग की ओर से भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीदने के लिए 30 दिन की अस्थायी छूट देने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी ने आरोप लगाया कि इससे भारत की सामरिक स्वायत्तता और संप्रभुता खतरे में है और अमेरिका भारत पर दबाव बना रहा है. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अमेरिका भारत को ब्लैकमेल कर रहा है.
Congress: कांग्रेस ने शुक्रवार को अमेरिकी वित्त विभाग की ओर से भारतीय रिफाइनरियों को रूस से तत्काल तेल खरीदने के लिए अस्थायी छूट देने की घोषणा पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी ने आरोप लगाया कि इससे भारत की सामरिक स्वायत्तता और संप्रभुता पर खतरा मंडरा रहा है और अमेरिका भारत सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है. कांग्रेस ने सीधे तौर पर कहा कि अमेरिका भारत को ब्लैकमेल कर रहा है. ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने कहा है कि वह भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीदने के लिए अस्थायी तौर पर 30 दिनों की छूट दे रहा है. अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने गुरुवार को कहा ‘राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ऊर्जा एजेंडे के कारण तेल और गैस का उत्पादन अब तक के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया है. वैश्विक बाजार में तेल की आपूर्ति जारी रखने के लिए वित्त मंत्रालय भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीदने की अनुमति देने के लिए अस्थायी रूप से 30 दिन की छूट दे रहा है.’
राहुल से लेकर खरगे ने केंद्र पर बोला हमला
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भारत की विदेश नीति हमारे लोगों की सामूहिक इच्छा से आकार लेती है. इसकी जड़ें हमारे इतिहास, हमारे भूगोल और सत्य और अहिंसा पर आधारित हमारे आध्यात्मिक लोकाचार में होनी चाहिए. राहुल गांधी ने कहा- ‘आज हम जो देख रहे हैं वह नीति नहीं है. यह एक समझौतावादी व्यक्ति के शोषण का परिणाम है.’ वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि भारत की सामरिक स्वायत्तता और राष्ट्रीय संप्रभुता गंभीर खतरे में है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी को एप्स्टीन फाइल और अदाणी मामले पर ब्लैकमेल किया जा रहा है.
‘मैं देश नहीं झुकने दूंगा’ सिर्फ चुनाव जीतने का नारा- खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा ‘‘व्यापार से लेकर तेल तक, डेटा से लेकर मित्र देशों के साथ भारत के दीर्घकालिक संबंधों तक पीएम मोदी ने सब कुछ समर्पण कर दिया है. भारत का यह गौरवशाली इतिहास रहा है कि उसने अपनी तकदीर का फैसला खुद किया. जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी तक, मोदी जी को छोड़कर किसी भी प्रधानमंत्री ने किसी भी देश के दबाव में आकर भारत को एक जागीरदार राज्य नहीं बनाया.’’ खरगे ने आरोप लगाया कि ‘मैं देश नहीं झुकने दूंगा’ सिर्फ चुनाव जीतने का एक नारा भर था.
कब तक चलेगा अमेरिकी ब्लैकमेल- जयराम रमेश
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा “ट्रंप का नया खेल- दिल्ली के दोस्त को कहा कि पुतिन से तेल ले सकते हो. आखिर कब तक चलेगा यह अमेरिकी ब्लैकमेल?” वहीं, कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने भी इस मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि सच्चाई यह है कि भारत के प्रधानमंत्री अमेरिका और इजराइल के हाथों की कठपुतली बन चुके हैं और इसके प्रमाण रोज सामने आ रहे हैं. उन्होंने कहा “हमने कल सवाल उठाया था कि जब रूस भारत को तेल देने के लिए तैयार है, तो मोदी सरकार किस बात का इंतजार कर रही है? आज हमें इस सवाल का जवाब मिल गया है.” पवन खेड़ा ने आगे कहा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर कहते हैं कि अब किसी एक देश के पास इतनी ताकत नहीं है कि वह पूरी दुनिया पर राज कर सके, लेकिन मौजूदा हालात ऐसे हैं कि सरकार अमेरिका के सामने झुकी हुई दिखाई दे रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




