जेपी नड्डा का पलटवार, कहा- जहां कांग्रेस और विपक्ष की सरकार वहां भी हुए पेपर लीक

जेपी नड्डा, फोटो- पीटीआई
JP Nadda: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष से छात्रों के आंदोलन का राजनीतिकरण न करने की अपील की है.
JP Nadda: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने बुधवार (22 जुलाई) को मीडिया से बातचीत में कहा कि छात्रों के आंदोलन का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि कथित पेपर लीक मामला जांच का विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच भी की जा रही है. जेपी नड्डा ने विपक्षी दलों के शासित राज्यों में पेपर लीक की घटनाओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर चुनिंदा रुख (सेलेक्टिव एप्रोच) अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को केवल राजनीतिक लाभ के लिए उठा रहा है, जबकि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सभी राज्यों में समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकार है वहां भी पेपर लीक हुए हैं.
बोले जेपी नड्डा- आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर हो चर्चा
जेपी नड्डा ने कहा कि इस मुद्दे को केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि गंभीरता से चर्चा कर समाधान निकालना जरूरी है. उन्होंने कहा कि संसद इस विषय पर विस्तृत और सार्थक चर्चा के लिए सबसे उपयुक्त मंच है और सरकार इसके लिए पूरी तरह तैयार है. नड्डा ने कहा कि चर्चा में यह समझने की जरूरत है कि पेपर लीक की वजहें क्या हैं, इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं और सरकार ने इस तरह के मामलों से निपटने के लिए क्या कदम उठाए हैं.
नड्डा ने कहा कि जब केंद्र सरकार के सामने पेपर लीक का मामला आया, तो उसने किस तरह कार्रवाई की, इस पर भी चर्चा होनी चाहिए. साथ ही, अन्य सरकारों को ऐसे मामलों से कैसे निपटना चाहिए, इस पर भी विचार किया जाना चाहिए. सबसे जरूरी यह है कि भविष्य के लिए ऐसा समाधान निकाला जाए, जिससे लाखों छात्रों के साथ अन्याय न हो और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वास कायम रहे.
पेपर लीक विवाद पर नड्डा का राहुल गांधी पर पलटवार
मीडिया के सामने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पेपर लीक मामले को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि सरकार उनके द्वारा बताए गए करीब 150 पेपर लीक मामलों की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार सरकार के तौर पर हर बिंदु पर पूरी पारदर्शिता के साथ तथ्य जनता और देश के सामने रखेंगे.
मैं यह भी बताना चाहता हूं कि आज शाम 4 बजे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक प्रस्तुति दी जिसमें उन्होंने लगभग 150 दस्तावेज लीक होने का जिक्र किया. मामले की जांच चल रही है और एक जिम्मेदार सरकार के तौर पर हम हर बिंदु का जवाब देंगे. हम पूरी पारदर्शिता के साथ जनता और देश के सामने तथ्य रखेंगे. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा
राहुल गांधी ने उठाया था 152 पेपर लीक का मुद्दा
इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेपर लीक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में करीब 152 पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लाखों छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं. राहुल गांधी ने दावा किया कि पेपर लीक के मामलों में अब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई है और इससे देश की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंच रहा है.
संसद में किसी भी अवधि की चर्चा के लिए तैयार- जेपी नड्डा
नड्डा ने कहा कि सरकार पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर संसद में किसी भी अवधि की चर्चा के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि चर्चा का समय विपक्ष और सभी दल मिलकर तय कर सकते हैं, चाहे वह अल्पकालिक हो या लंबी अवधि की. उन्होंने विपक्ष से अपील की कि छात्रों के हित में मिलकर स्थायी समाधान तलाशने पर ध्यान दिया जाए.
विपक्ष शासित राज्यों के मामलों का दिया हवाला
नड्डा ने राहुल गांधी पर पेपर लीक के मुद्दे को चुनिंदा तरीके से उठाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कई विपक्ष शासित राज्यों में भी पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं, लेकिन राहुल गांधी ने उन घटनाओं का जिक्र नहीं किया. उन्होंने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, पंजाब, केरल और कर्नाटक में कथित पेपर लीक मामलों का हवाला देते हुए विपक्ष से सवाल किया कि इन राज्यों के मामलों पर चर्चा क्यों नहीं की गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










