ब्रिक्स में पीएम मोदी की खरी-खरी, पाकिस्तान का प्यारा बच्चा है आतंकवाद

बिनौलिम (गोवा) : गोवा में चल रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदस्य देशों के समक्ष पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का मुद्दा उठाते हुए इससे निबटने की बात कही. नाम लिये बगैर पाकिस्तान की घेरेबंदी करते हुए कहा कि ब्रिक्स शांति, सुधार व उद्देश्यपूर्ण कार्रवाई की आवाज है, लेकिन आतंकवाद से […]
बिनौलिम (गोवा) : गोवा में चल रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदस्य देशों के समक्ष पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का मुद्दा उठाते हुए इससे निबटने की बात कही. नाम लिये बगैर पाकिस्तान की घेरेबंदी करते हुए कहा कि ब्रिक्स शांति, सुधार व उद्देश्यपूर्ण कार्रवाई की आवाज है, लेकिन आतंकवाद से हमें सीधा व गंभीर खतरा है. विडंबना यह है कि इसका पोषक भारत का पड़ोसी है. दुनिया भर में आतंक फैलानेवाले इसी देश से जुड़े हैं.
चिंता यह भी है कि हमारा पड़ोसी आतंकियों की मानसिकता का विस्तार भी करता है. यह मानसिकता सरेआम दावा करती है कि राजनीतिक फायदों के लिए आतंक का इस्तेमाल जायज है. इस सोच के खिलाफ ब्रिक्स के तौर पर हमें खड़ा होने और कार्रवाई करने की जरूरत है. हम चाहते हैं कि आतंकियों व उनके समर्थकों को सजा मिले, इनाम नहीं. आतंकियों और संगठनों को लेकर भेदभावपूर्ण रुख सिर्फ अनुपयोगी नहीं होगा, बल्कि इसके विपरीत परिणाम होंगे.
संकेत की भाषा में चीन को उस बयान के लिए भी घेरा, जिसमें उसने मसूद अजहर पर कहा था कि भारत इसका राजनीतिक फायदा ना ले. इस दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनफिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा और ब्राजील के नेता माइकल टेमर मौजूद थे. मोदी ने आग्रह किया कि संयुक्त राष्ट्र के ‘कंप्रिहेंसिव कनवेंशन ऑन इंटरनेशनल टेररिज्म’ के जल्द अनुमोदन के लिए मिल कर काम करें, ताकि इस समस्या का मुकाबला किया जा सके.
प्रचंड, मोदी और शी ने की वार्ता
गोवा में ब्रिक्स सम्मेलन से इतर नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड ने अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ त्रिपक्षीय बैठक की. हिमालयन टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक वार्ता बीस मिनट चली.
आतंक के वित्त पोषण पर लगायेंगे लगाम
102 पैरा के घोषणा पत्र में ब्रिक्स ने उड़ी, पठानकोट समेत तमाम आतंकी हमलों की जोरदार निंदा की. वैचारिक, धार्मिक, राजनैतिक, नस्ली, जातीय आधार पर फैलाये जा रहे आतंक को गलत ठहराया. अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद से द्विपक्षीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर लड़ने में सहयोग पर सहमति बनी. आतंकी इकाइयों द्वारा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से मुकाबला पर जोर दिया.
भ्रष्टाचार, कालाधन से मिल कर निबटेंगे
ब्रिक्स ने भ्रष्टाचार, कालाधन को घातक बताते हुए इससे निबटने के लिए संकल्प लिया. कानूनी उपायों के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम को प्रोत्साहित करने के साथ काले धन सूचना साझा करने की बात भी कही गयी है. बहुराष्ट्रीय कंपनियों की कर योजनाओं के कारण कराधार के क्षरण, लाभ के स्थानांतरण की समस्या से निबटने के लिए उपायों की घोषणा की गयी है.
आतंकवाद पाक की प्यारी औलाद
पाक पर तीखा हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने ब्रिक्स, बिम्सटेक आउटरीच बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान अपनी सबसे प्यारी औलाद बन चुके आतंकवाद को गले लगाता है और उसे फैलाता है. उन्होंने आतंकवाद से मुकाबले के लिए निर्णायक लड़ाई की वकालत की. सदस्य देशों से जोरदार अपील की कि वे आतंक के दर्शन को पालने-पोसनेवालों से अपने तौर-तरीकों में सुधार लाने को कहें या इस सभ्य संसार में अलग-थलग हो जाने का स्पष्ट संदेश दें. मालूम हो कि ब्रिक्स देशों के साथ-साथ बे ऑफ बंगाल इनीशिएटिव फॉर मल्टी-सेक्टोरल टेक्निकल एंड इकनॉमिक को-ऑपरेशन यानी बिम्सटेक का सम्मेलन भी रविवार को शुरू हुआ. जहां ब्रिक्स के सदस्य ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका हैं, वहीं, बिम्सटेक के सदस्य श्रीलंका,भूटान, नेपाल, म्यांमार, बांग्लादेश और भारत हैं. सम्मेलन में श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल, म्यांमार की विदेश मंत्री आंग सान सू ची और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ िब्रक्स नेताओं ने भी भाग लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




