ePaper

01 नवंबर : सिखों को सदियों तक रिसने वाला जख्म दे गया, ऐश्वर्या राय का हुआ जन्म

Updated at : 01 Nov 2019 11:39 AM (IST)
विज्ञापन
01 नवंबर : सिखों को सदियों तक रिसने वाला जख्म दे गया, ऐश्वर्या राय का हुआ जन्म

नयी दिल्ली : साल के 365 दिन किसी न किसी घटना के साथ इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं. एक नवंबर का दिन दो बड़ी घटनाओं का साक्षी रहा है. 31 अक्टूबर को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों के हाथों हुई हत्या के बाद देश की राजधानी सहित कई इलाकों में एक […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : साल के 365 दिन किसी न किसी घटना के साथ इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं. एक नवंबर का दिन दो बड़ी घटनाओं का साक्षी रहा है. 31 अक्टूबर को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों के हाथों हुई हत्या के बाद देश की राजधानी सहित कई इलाकों में एक नवंबर 1984 को दंगे भड़क उठे और देश के सिख समुदाय को एक ऐसी टीस दे गया, जिसका दर्द आने वाली कई पीढ़ियों को सालता रहेगा. एक नवंबर का दिन एक खूबसूरत वजह के साथ भी इतिहास में दर्ज है.

इस दिन दुनिया की सबसे खूबसूरत लड़कियों में शुमार ऐश्वर्या राय का जन्म हुआ था. कर्नाटक शहर के मंगलूर में एक नवंबर, 1973 को जन्मी ऐश्वर्या 1994 में मिस वर्ल्ड बनीं और उसके बाद बॉलीवुड में खूब नाम कमाया. देश-दुनिया के इतिहास में एक नवंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है :

1604 : विलियम शेक्सपीयर की अमर रचना ‘ओथैलो’ का लंदन के व्हाइटहॉल पैलेस में पहली बार मंचन किया गया.

1755 : लिस्बन में भूकंप ने भारी तबाही मचायी. 9,000 से ज्यादा इमारतें ढह गयीं और 30 हजार लोगों की मौत हुई.

1765 : ब्रिटेन और उसके उपनिवेशों में स्टैंप एक्ट लागू किया गया और यह तमाम वाणिज्यिक और कानूनी कागजों पर सीधे कर लगाकर राजस्व एकत्र करने का ब्रिटिश संसद का पहला प्रयास था.

1858 : ब्रिटिश राजशाही ने भारत का प्रशासन ईस्ट इंडिया कंपनी से अपने हाथ में ले लिया और उस समय के गवर्नर जनरल को वायसराय की पदवी दी गयी, जो देश की आजादी तक कायम रही.

1881 : कलकत्ता ट्राम-वे कंपनी ने सियालदाह-अर्मेनियन घाट ट्रैक पर घोड़े से चलने वाली पहली ट्राम चलायी.

1913 : तारक नाथ दास ने सैनफ्रांसिस्को में गदर आंदोलन की शुरुआत की.

1950 : चित्तरंजन रेल कारखाना में भारत का पहला भाप का इंजन बनकर तैयार हुआ.

1950 : प्यूर्तो रिको के राष्ट्रवादी और नेशनल लिबरेशन आर्म्ड फोर्सेस के सदस्यों ने अमेरिका के राष्ट्रपति हैरी एस ट्रूमन की हत्या का असफल प्रयास किया.

1952 : अमेरिका ने मार्शल आइलैंड्स में पहला हाइड्रोजन बम विस्फोट किया.

1954 : फ्रांस के कब्जे वाले भारतीय इलाकों पांडिचेरी, कारीकोल, माहे और यानोन को भारत सरकार के सुपुर्द किया गया.

1956 : दिल्ली को केंद्रशासित क्षेत्र का दर्जा दिया गया. इसी तरह अंडमान निकोबार द्वीप समूह, लक्कादीव, मिनिकॉय और अमिंदिवी द्वीप भी केंद्रशासित क्षेत्र बने. मध्यप्रदेश के रूप में देश के सबसे बड़े राज्य की स्थापना हुई.

1961 : हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स द्वारा बनाये गये यात्री विमान एवरो एचएस748 ने अपनी पहली उड़ान भरी.

1967 : पंजाब राज्य को दो हिस्सों में बांटा गया और इन्हें पंजाब और हरियाणा नाम दिया गया. चंडीगढ़ को दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी और केंद्रशासित क्षेत्र भी बनाया गया.

1970 : फ्रांस में एक नाइटक्लब में आग लगने से 142 लोग मारे गये, जिनमें ज्यादातर किशोर थे.

1973 : लक्कादीव, मिनिकॉय और अमिंदिवी द्वीपों को लक्षद्वीप नाम दिया गया.

1973 : भारत के मैसूर राज्य का नाम बदलकर कर्नाटक किया गया.

1973 : विश्व की सबसे सुंदर महिलाओं में शुमार ऐश्वर्या राय का कर्नाटक के मेंगलूर में जन्म.

1984 : तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की एक दिन पहले हुई हत्या के बाद भारत के कुछ हिस्सों में सिख विरोधी दंगे भड़क उठे.

1985 : हेलीकॉप्टर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने काम करना शुरू किया. बाद में इसका नाम बदलकर पवन हंस कर दिया गया.

1986 : स्विट्जरलैंड में बास्ले के निकट रसायन की एक फैक्टरी में भीषण आग लगने से जहरीले रसायन राइन नदी में गिर गये, जिससे नदी का उजला पानी सुर्ख हो गया.

1994 : अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने सूर्य और धरती के बीच के अंतरिक्ष के पर्यावरण के अध्ययन के लिए अपना विशेष अंतरिक्ष यान अंतरिक्ष में भेजा.

2000 : छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना.

2018 : दिल्ली सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि परिवहन विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में पंजीकृत 1.10 करोड़ वाहनों में से 40 लाख 15 साल से अधिक पुराने पेट्रोल और 10 साल से ज्यादा पुराने डीजल वाहनों का पंजीकरण खत्म कर दिया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola