महाराष्ट्र विस चुनाव: रैली में बोले पीएम मोदी- हिम्मत है तो 370 वापसी का घोषणापत्र लाए कांग्रेस

मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक एक सप्ताह पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूबे के जलगांव से अपने चुनाव प्रचार का आगाज किया. रैली में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम सभी आने वाले 5 वर्षों के लिए देवेंद्र फडणवीस जी की अगुवाई में महायुति सरकार के लिए एक बार […]
मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक एक सप्ताह पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूबे के जलगांव से अपने चुनाव प्रचार का आगाज किया. रैली में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम सभी आने वाले 5 वर्षों के लिए देवेंद्र फडणवीस जी की अगुवाई में महायुति सरकार के लिए एक बार फिर आप सबका आशीर्वाद लेने आये हैं. साथ ही आपने लोकसभा चुनाव में हमें जो आशीर्वाद दिया उसके लिए भी आभार जताने आये हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि अब नये भारत का नया जोश, दुनिया को भी दिखने लगा है. आज दुनिया में नये भारत का जो जलवा है ,उसके पीछे सिर्फ और सिर्फ मेरे 130 करोड़ देशवासी हैं. उन्होंने कहा कि आज भारत की आवाज दुनिया की हर ताकत मजबूती से सुन रही हैं. दुनिया का हर देश आज भारत के साथ खड़ा हैं, हमारे साथ मिलकर आगे बढ़ने के लिए उत्साहित है.
जलगांव में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज नया भारत ठान चुका है कि उसे अतीत के अनावश्यक बंधनों में बंधकर नहीं रहना है. आज नया भारत खुद के वर्तमान को मजबूत तक कर ही रहा है, खुद का भविष्य भी तय कर रहा है. बीते कुछ समय से हम लगातार चुनौतियों को चुनौती दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि 5 अगस्त को आपकी भावना के अनुरूप भाजपा-एनडीए सरकार ने एक अभूतपूर्व फैसला लिया. जिसके बारे में सोचना तक पहले असंभव लगता था. एक ऐसी स्थिति जिसमें जम्मू कश्मीर के गरीब की, बहन-बेटियों की, दलितों और शोषितों के विकास की संभावनाएं नहीं के बराबर थी.
प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख जमीन का टुकड़ा भर नहीं है, भारत का मस्तक है. आस-पड़ोस की नापाक शक्तियों की गिद्ध दृष्टि वहां शांति भंग करने की थी. तमाम सावधानियां बरतते हुए वहां की स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि आप ये जानकार हैरान हो जाएंगे कि 70 साल तक जम्मू कश्मीर और लद्दाख के हमारे वाल्मीकि भाइयों को मानवाधिकारों से भी वंचित कर दिया गया था. आज मैं भगवान वाल्मीकि के चरणों में नमन करते हुए कहता हूं कि आज मुझे अपने उन भाइयों को गले लगाने का सौभाग्य मिल रहा है.
पीएम मोदी ने कहा कि बीते कुछ महीनों में कांग्रेस-एनसीपी के नेताओं के बयान देख लीजिए. जम्मू-कश्मीर को लेकर जो पूरा देश सोचता है, उससे एकदम उल्टा इनकी सोच दिखती है. इनका तालमेल पड़ोसी देश के साथ मिलता जुलता है. उन्होंने कहा कि आज मैं विरोधियों को चुनौती देता हूं कि आपमें अगर हिम्मत है तो इस चुनाव में भी और आने वाले चुनावों में भी अपने चुनावी घोषणा पत्र में ये ऐलान करें कि हम अनुच्छेद 370 को वापस लाएंगे. 5 अगस्त के निर्णय को हम बदल देंगे. वर्ना ये घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें.
रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि बीते 5 वर्षों के हमारे काम से यहां विपक्षी भी हैरान और परेशान हैं. हमारे विरोधी भी आज ये मान रहे हैं कि भाजपा-शिवसेना गठबंधन का नेतृत्व कर्मशील भी है और ऊर्जावान भी है. थके हुए साथी, एक दूसरे के लिए सहारा तो बन सकते हैं, महाराष्ट्र के सपनों को और यहां के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने का माध्यम नहीं बन सकते.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




