लोकसभा चुनाव तैयारियों को लेकर राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की शुक्रवार से दो दिवसीय बैठक
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 10 Jan 2019 10:13 PM
नयी दिल्ली : लोकसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिये चुनाव आयोग ने 11 और 12 जनवरी को सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की दो दिवसीय बैठक आहूत की है. आयोग द्वारा वृहस्पतिवार को जारी बयान के अनुसार निर्वाचन सदन में होने वाली बैठक में मतदाता सूचियों, मतदान केन्द्रों और वीवीपीएटी युक्त […]
नयी दिल्ली : लोकसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिये चुनाव आयोग ने 11 और 12 जनवरी को सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की दो दिवसीय बैठक आहूत की है.
आयोग द्वारा वृहस्पतिवार को जारी बयान के अनुसार निर्वाचन सदन में होने वाली बैठक में मतदाता सूचियों, मतदान केन्द्रों और वीवीपीएटी युक्त ईवीएम मशीनों इंतजामों एवं अन्य चुनावी प्रबंधों का जायजा लिया जायेगा.
इस दौरान राज्यों में सुरक्षा प्रबंध, दिव्यांग मतदाताओं की सहूलियत के लिये किये जाने वाले विशेष इंतजामों, चुनाव में सूचना प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल की तैयारियों, मतदाता जागरुकता अभियान एवं मानव संसाधन के इंतजामों का भी जायजा लिया जायेगा.
बैठक में हाल ही में सम्पन्न हुये पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के अनुभव का लाभ आगामी लोकसभा चुनाव में उठाने के बारे में विस्तार से विचार विमर्श किया जायेगा. इस दौरान सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आम चुनाव के मद्देनजर अपने राज्य में अब तक की गयी तैयारियों का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे.
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी इस बात की जानकारी देंगे कि आयोग की अपेक्षा के अनुरूप चुनाव प्रक्रिया को मतदाता हितैषी बनाने, विशेष रुप से दिव्यांग मतदाताओं के लिये विशिष्ट इंतजामों के तहत क्या उपाय किये गये. बैठक में मतदाताओं की सहूलियत के लिये शुरु की गयी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन सेवाओं की मौजूदा स्थिति की भी समीक्षा की जायेगी.
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने 16वीं लोकसभा के लिये निर्वाचित सदस्यों के निर्वाचन की अधिसूचना 18 मई 2014 को जारी की थी. इसके मद्देनजर आयोग ने 17वीं लोकसभा के चुनाव के लिये तैयारियां शुरु कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










