ePaper

भाजपा ने कहा - चुनावों में शिवसेना के साथ गठबंधन के पक्ष में है पार्टी

Updated at : 26 Sep 2018 8:51 PM (IST)
विज्ञापन
भाजपा ने कहा - चुनावों में शिवसेना के साथ गठबंधन के पक्ष में है पार्टी

मुंबई : महाराष्ट्र में भाजपा ने अगले साल होनेवाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए शिवसेना के साथ अपना गठबंधन जारी रखने के विषय पर गेंद, नाराज चल रहे इस सहयोगी दल के पाले में डाल दी है. भाजपा ने बुधवार को इस बात पर भी जोर दिया कि वह उद्धव ठाकरे नीत पार्टी के […]

विज्ञापन

मुंबई : महाराष्ट्र में भाजपा ने अगले साल होनेवाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए शिवसेना के साथ अपना गठबंधन जारी रखने के विषय पर गेंद, नाराज चल रहे इस सहयोगी दल के पाले में डाल दी है. भाजपा ने बुधवार को इस बात पर भी जोर दिया कि वह उद्धव ठाकरे नीत पार्टी के साथ गठबंधन करने के पक्ष में है.

महाराष्ट्र के वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने यहां जिला स्तरीय भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक में शरीक होने के बाद संवाददाताओं से कहा कि भाजपा चाहती है कि वोटों के बिखराव को रोकने के लिए शिवसेना उसकी सहयोगी पार्टी बनी रहे, अन्यथा कांग्रेस को फायदा हो जायेगा. उन्होंने कहा कि यह अब शिवसेना नेतृत्व पर निर्भर है कि वह आगामी चुनावों के लिए भाजपा के साथ गठबंधन के बारे में कोई फैसला करे. गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे ने इस साल की शुरुआत में घोषणा की थी कि उनकी पार्टी भविष्य में सभी चुनाव अकेले लड़ेगी. शिवसेना अपने मुखपत्र ‘सामना’ में विभिन्न मुद्दों पर भाजपा की आलोचना करती रही है.

मंत्री ने कहा कि प्रदेश भाजपा ने राजग सरकार के खिलाफ कांग्रेस और राकांपा के दुष्प्रचार का मुकाबला करने के लिए बिंदुवार खंडन लाने का फैसला किया है. भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी की केंद्रीय समिति फिलहाल एक पुस्तिका तैयार कर रही है जिसमें कांग्रेस शासन के 47 बरसों की तुलना भाजपा के 47 महीनों की सरकार से की गयी है. उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर महाराष्ट्र भाजपा एक पुस्तिका लायेगी, जिसमें कांग्रेस सरकार (1999-2014) के 15 साल के अव्यवस्थावाले कार्यकाल की तुलना भाजपा के चार साल के शासन से की जायेगी. चुनाव तैयारियों पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने पार्टी स्तर पर एक पोलिंग बूथ एजेंट नियुक्त करने का फैसला किया है जो स्थानीय स्तर पर 25 लोगों की टीम का संचालन करेंगे.

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक व्यवस्था को लेकर पांच मतदान केंद्रों को एक में मिलाया जा रहा है और इस इकाई को सामूहिक रूप से शक्तिकेंद्र कहा जायेगा. शक्ति केंद्रों के प्रमुखों को जल्द ही एक अलग बैठक के लिए मुंबई बुलाया जायेगा. भाजपा के एक अन्य नेता ने कहा कि 25 लोगों की टीम को पन्ना प्रमुख कहा जायेगा जिन्हें मतदाता सूची के एक पन्ने की जिम्मेदारी दी जायेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola