Sasaram News : दुर्गापूजा में शांति व सुरक्षा में कोई समझौता नहीं

Published by : PRABHANJAY KUMAR Updated At : 25 Sep 2025 9:33 PM

विज्ञापन

दुर्गापूजा को लेकर गुरुवार को बिक्रमगंज थाना परिसर में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई.

विज्ञापन

बिक्रमगंज. दुर्गापूजा को लेकर गुरुवार को बिक्रमगंज थाना परिसर में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में एडीएम की अध्यक्षता रही, जबकि एएसपी संकेत कुमार, एसडीएम प्रभात कुमार सहित अनुमंडल के सभी बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहे. बैठक में मुख्य रूप से पूजा को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने, सुरक्षा व्यवस्था, सफाई और ट्रैफिक की समस्याओं पर गहन विमर्श हुआ. बैठक में सबसे पहले दावथ के परवेज सिद्दीकी ने दावथ में निर्माणाधीन नाली में हो रही देरी पर नाराजगी जतायी. उन्होंने कहा कि इसके कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है. राजद नेता रामचंद्र नटराज ने नगर में लगातार बढ़ रही छिनतई की घटनाओं पर चिंता जतायी और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किये. घुसियां कलां पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह ने कहा कि परंपरागत रूप से उनके क्षेत्र में पूजा शांति से संपन्न होती रही है, लेकिन हाल के दिनों में बाहरी तत्व अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिस पर प्रशासन को सजग रहना चाहिए. मानी पंचायत के मुखिया लवजी गौतम ने काव नदी पुल के करीब काव नदी में मरे मवेशियों को डालने की शिकायत की. उन्होंने कहा कि इससे पूरे इलाके में भयंकर दुर्गंध फैल रही है. नासरीगंज पूजा समिति के अध्यक्ष लालाबाबू सिंह ने नासरीगंज नगर में जलजमाव की समस्या से लोगों की कठिनाइयों को सामने रखा. श्रीकांत नटराज ने टाइफाइड बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने का कारण बिलिचिंग पाउडर का छिड़काव नहीं होना बताया. निरंजनपुर पूजा समिति के अध्यक्ष दिलीप कुमार गुप्ता ने अब तक सड़क नहीं बनने से नाराजगी जाहिर की. भीम आर्मी के जिला प्रभारी गोल्डेन पासवान ने आंबेडकर छात्रावास के पास कचरा डंप करने पर नगर के पदाधिकारी को दोषी ठहराया. साथ ही आपराधिक घटनाओं की बढ़ोतरी और जाम की स्थिति पर भी लोगों ने चिंता जतायी. दिनारा के बद्री सिंह ने बैठक की विषयवस्तु पर जोर देते हुए कहा कि चूंकि यह शांति समिति की बैठक है, इसलिए इसी विषय तक सीमित रहना चाहिए. उन्होंने खुले में शौच की आदतों से उत्पन्न परेशानियों को भी रखा. अफवाह फैलाने वालों पर सख्त निगरानी रखने का आदेश बैठक में एडीएम ने कहा कि विसर्जन घाटों और पंडालों की लगातार निगरानी की जायेगी. रात में विशेष चौकसी, बिजली के लूज तारों की मरम्मत, निरंतर सफाई और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त निगरानी रखने का आदेश दिया गया. अग्नि कमांडेंट स्नेही सोनल ने पूजा पंडालों को लेकर दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि पंडाल सूती कपड़े के बनें, प्रवेश व निकास द्वार दोनों बने रहें. हवन कुंड के पास पर्याप्त सुरक्षा हो, चार ड्रम पानी जरूर रखा जाए और अग्निशमन विभाग से एनओसी लेना अनिवार्य है. एएसपी संकेत कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को चौकस रहने का निर्देश देते हुए लोगों से भी सहयोग की अपील की. एसडीएम प्रभात कुमार ने कहा कि पूजा को शांति और सौहार्द के साथ संपन्न कराने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRABHANJAY KUMAR

लेखक के बारे में

By PRABHANJAY KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola