घरेलू विवाद के बाद महिला ने फंदा लगाकर दी जान, चार मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

Published at :24 Apr 2026 7:48 PM (IST)
विज्ञापन
घरेलू विवाद के बाद महिला ने फंदा लगाकर दी जान, चार मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

प्रतिनिधि, कुमारखंड (मधेपुरा) श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत परमानंदपुर वार्ड छह में एक दर्दनाक घटना सामने आयी है, जहां शुक्रवार की दोपहर पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद के बाद

विज्ञापन

प्रतिनिधि, कुमारखंड (मधेपुरा) श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत परमानंदपुर वार्ड छह में एक दर्दनाक घटना सामने आयी है, जहां शुक्रवार की दोपहर पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद के बाद महिला ने गले में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना से पूरे इलाके में शोक व सनसनी का माहौल है. मृतका की पहचान राजकुमारी देवी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि घरेलू विवाद के दौरान भावावेश में आकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी सबसे पहले परिवार की एक सदस्य गौतमी ने मृतका के मायके वालों को दी. सूचना मिलते ही मृतका की मां बुलुर देवी, जो छर्रा पट्टी गांव की निवासी हैं, ने तत्काल आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना प्राप्त होते ही डायल 112 की टीम व श्रीनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया. पुलिस ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल, मामले की जांच जारी है. राजकुमारी देवी अपने पीछे पति दिनेश ऋषि देव और चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गयी हैं. बच्चों में एक बेटा सुमन कुमार और तीन बेटियां शबनम, लाडली और साक्षी शामिल हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 12, 10, 8 और 4 वर्ष बताई जा रही है. मां की अचानक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों के अनुसार, राजकुमारी देवी अपने माता-पिता की दूसरी संतान थी. उनकी शादी वर्ष 2012 में परमानंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या 06 निवासी बेचन ऋषि देव के दूसरे पुत्र दिनेश ऋषि देव के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही वे अपने ससुराल में रह रही थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए मधेपुरा के पुलिस उपाधीक्षक भी शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच की. उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाये और यदि किसी की संलिप्तता पायी जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये. एसपी ने मृतका के परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जायेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल, गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola