गार्ड हत्याकांड पर फूटा गुस्सा, शहीद चौक से जगन्नाथपुर मंदिर तक प्रदर्शन

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 24 Apr 2026 10:00 PM

विज्ञापन

<P>मुआवजा व नौकरी की मांग कर रहे थे परिजन, प्रशासन के आश्वासन पर हटा जाम</P>..............<P>जगन्नाथपुर मंदिर गार्ड हत्याकांड वरीय संवाददाता, रांची </P> जगन्नाथपुर मंदिर गार्ड हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार

विज्ञापन

मुआवजा व नौकरी की मांग कर रहे थे परिजन, प्रशासन के आश्वासन पर हटा जाम

…………..

जगन्नाथपुर मंदिर गार्ड हत्याकांड वरीय संवाददाता, रांची

जगन्नाथपुर मंदिर गार्ड हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को आक्रोश फूट पड़ा. परिजन और स्थानीय लोगों ने शव के साथ शहीद चौक से जगन्नाथपुर मंदिर तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि मृतक के परिजन को मंदिर में नौकरी दी जाये, जिला व मंदिर प्रशासन की ओर से पांच लाख रुपये का मुआवजा मिले और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई व रोजगार की जिम्मेदारी ली जाये. करीब घंटों चले हंगामे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया. अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये की तत्काल सहायता और अन्य मदद के आश्वासन के बाद शाम 4:45 बजे जाम हटाया गया. इसके बाद सिठियो घाट में शव का अंतिम संस्कार किया गया.

……

आरोपियों से पूछताछ तेज

इधर, पुलिस ने मामले में पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ तेज कर दी है. प्रारंभिक जांच में आशंका है कि दानपेटी से चोरी के दौरान गार्ड ने बदमाशों को देख लिया, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गयी. घटना के बाद एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाये और आसपास के क्षेत्रों में जांच की.

स्थायी पुलिस पिकेट की मांग

स्थानीय लोगों ने घटना को गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए उच्चस्तरीय जांच और मंदिर परिसर में स्थायी पुलिस पिकेट की मांग की है. लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी चोरी-छिनतई की घटनाएं होती रही हैं, लेकिन हत्या की यह पहली वारदात है. उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के चेयरमैन सह कांग्रेस नेता अजय नाथ शाहदेव सहित अन्य मंदिर परिसर पहुंचे और प्रशासन से बातचीत की.

गार्ड के परिवार पर टूटा दुख का पहाड़

मृतक गार्ड अपने पीछे पत्नी रूपण देवी समेत पांच बच्चों को छोड़ गया है. परिवार में पुत्र मोहन मुंडा, सुभाष और दीपू के अलावा बेटियां तारा व पूजा हैं. घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है.

मृतक के बड़े पुत्र मोहन ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अब आगे कैसे घर चलेगा. उन्होंने प्रशासन से मुआवजा और परिवार के लिए नौकरी की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि किसी तरह परिवार का गुजारा हो सके.

……….

जगन्नाथपुर मंदिर के गार्ड हत्या दुखद: संजय सेठ

गार्ड की हत्या पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने चिंता जतायी है. उन्होंने पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार से त्वरित कार्रवाई करने और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है. मंत्री ने कहा कि यह घटना दु:खद है. घटना केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि हमारी आस्था, सुरक्षा और व्यवस्था पर सीधा आघात है. मंदिर जैसे पवित्र स्थल भी सुरक्षित नहीं रह गये हैं. ऐसे में आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़ा होना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि रांची में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से पता चलता है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति किस तरह चिंताजनक हो चुकी है. नशा का कारोबार भी अपराध का मुख्य कारण बन चुका है.

हत्या और लूट की घटना अक्षम्य : प्रतुल…..

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में हुए सुरक्षा गार्ड की हत्या और लूट पर आक्रोश जताया है. उन्होंने इसे अक्षम्य अपराध बताया है. श्री शाहदेव ने कहा कि हेमंत सरकार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है. अब मंदिर परिसर के भीतर भी हत्या और लूट की घटनाएं हो रही है. उन्होंने सरकार और पुलिस से अविलंब दोषियों की पहचान कर स्पीडी ट्रायल के जरिए सजा दिलाने की मांग की.

मंदिर परिसर में हुई हत्या की जांच हो : समिति

झारखंड आदिवासी सरना विकास समिति धुर्वा के अध्यक्ष मेघा उरांव ने जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में सुरक्षाकर्मी बिरसा मुंडा की हत्या की निंदा की है. समिति के अध्यक्ष मेघा उरांव ने कहा है कि इस घटना की जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि समिति पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है. मेघा उरांव ने प्रशासन से मांग की है कि अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो.

जनजाति सुरक्षा मंच ने हत्या की निंदा की

जनजाति सुरक्षा मंच ने जगन्नाथपुर मंदिर में सुरक्षाकर्मी बिरसा मुंडा की हत्या की निंदा की है. मंच के प्रदेश मीडिया प्रभारी सोमा उरांव ने कहा कि आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी हो और उन्हें कड़ी सजा दी जाये. सोमा उरांव ने कहा कि अब राज्य में मंदिर और उसको सुरक्षा देने वाले भी सुरक्षित नहीं हैं. मंच के सन्नी टोप्पो ने कहा कि मंदिर समिति के साथ-साथ प्रशासन भी तत्काल पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दे. मंदिर प्रबंधन को पीडि़त परिवार की जिम्मेदारी लेनी चाहिए.

उपायुक्त की अनुशंसा के बाद गार्ड के परिजनों को मिलेगी मुआवजा राशि

गार्ड की हत्या के बाद जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष रणणेंद्र कुमार ने कहा कि उपायुक्त की अनुशंसा के बाद मृतक के परिजन को मुआवजा राशि दी जायेगी. परिजन को नौकरी देने की भी मांग की गयी है. मालूम हो कि उपायुक्त वहां शासी निकाय के प्रशासी पदाधिकारी भी हैं. उन्हें ही कोष से राशि खर्च करने की शक्ति प्रदान की गयी है. मंदिर की साफ-सफाई की गयी.

आज से श्रद्धालु करेंगे पूजा-अर्चना

इधर, मृतक के शव को उठाने के बाद मंदिर की साफ-सफाई की गयी. शनिवार से आम भक्त यहां पूजा-अर्चना कर सकेंगे. मालूम हो कि इस घटना के कारण शुक्रवार को आम श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना बंद थी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola