सड़क निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करें : सांसद

जिला विकास समन्वय व अनुश्रवण समिति की बैठक में योजनाओं की हुई समीक्षा
सिमडेगा. खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय व अनुश्रवण समिति की बैठक हुई. बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पथ निर्माण विभाग, राष्ट्रीय उच्च पथ, पेयजल एवं स्वच्छता, आइटीडीए, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, भूमि संरक्षण, अग्रणी जिला प्रबंधक, जेएसएलपीएस, शिक्षा, स्वास्थ्य, बीएसएनएल, विद्युत, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग समेत सभी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की गयी. एलआरडीसी अरुणा कुमारी ने पूर्व बैठक में दिये गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत किया. सांसद ने कहा कि सभी विभाग अपनी योजनाओं की प्रगति की ठोस रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि जिले में विकास कार्यों की गति और तेज हो सके. सांसद ने जिले में निर्मित सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाये और छुरिया धाम-अंबापानी रोड व जलडेगा-विलियम चौक से बांसजोर तक की सड़कों की खराब स्थिति पर संज्ञान लिया. उन्होंने कार्यपालक अभियंता को स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया. साथ ही अब तक सड़क योजना से नहीं जुड़ सके गांवों की सूची तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने को कहा. सांसद ने स्पष्ट किया कि सभी सड़क योजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करें. उन्होंने बोलबा-बेलकूबा-टकबाहर से ओड़िशा सीमा तक सड़क चौड़ीकरण कार्य में वाइल्ड लाइफ कंजर्वेशन प्लान की स्वीकृति लंबित होने पर सांसद ने वन विभाग को समय पर मंजूरी देने का निर्देश दिया. कोलेबिरा विधायक ने कहा कि इस सड़क का निर्माण न होने से स्थानीय लोग विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार तक की चेतावनी दे चुके हैं. वन प्रमंडल पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि एक माह के अंदर फॉरेस्ट क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी. इसके अलावा पालकोट-रोकोडेगा-बिलिंगबेड़ा-तामड़ा रोड की मंजूरी शीघ्र देने की आवश्यकता बतायी गयी. सांसद ने सिमडेगा-सेवई-किंनकेल-कुरडेग-छत्तीसगढ़ सीमा तक सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता जांच के लिए उपायुक्त के दिशा निर्देशन में समिति गठित करने का निर्देश दिया. बैठक में एनएच-320 जी कोलेबिरा-मनहरपुर सड़क चौड़ीकरण कार्य एवं भूमि अधिग्रहण मुआवजा पर चर्चा हुई. कार्यपालक अभियंता ने बताया कि अब तक 4.10 करोड़ से अधिक मुआवजा राशि का भुगतान किया गया है. लगभग 6.09 करोड़ की राशि का आदेश जारी है, जिसमें 2.73 करोड़ का भुगतान हो चुका है. सांसद ने कहा कि शेष सभी रैयतों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने मुआवजा कम मिलने की शिकायत की है, जिसकी जांच कर रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपें. शहर में बढ़ती ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया गया. विधायक ने सुझाव दिया कि बस स्टैंड के सामने खाली पड़ी सरकारी जमीन को पार्किंग स्थल बनाया जाये तथा बस स्टैंड के बाहर की अस्थायी दुकानों को व्यवस्थित किया जाये. सांसद ने ठेठईटांगर के कोरोंजो, केरिया पूर्वी टोली व खूंटीटोली में बने छात्रावासों को शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश दिया. साथ ही बानो व जलडेगा प्रखंडों में निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय की गुणवत्ता जांचने और रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा. जेएसएलपीएस की समीक्षा में समूह की महिलाओं को स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग व विपणन हेतु प्रोत्साहित करने और लाख की खेती को बढ़ावा देने की बात कही. बिजली विभाग की समीक्षा में कहा कि शेष बचे गांवों का विद्युतीकरण शीघ्र किया जाये. स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं की समीक्षा में सांसद ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया. बालू खनन का पर चर्चा करते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में बालू की आपूर्ति के लिए जिले में संचालित पांच बालू घाट से बालू की आपूर्ति करने की बात कही गयी. इससे पूर्व उपायुक्त कंचन सिंह ने सांसद श्री मुंडा का स्वागत किया गया. वहीं उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी तथा आइटीडीए निदेशक सरोज तिर्की ने तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया का स्वागत किया. वन प्रमंडल पदाधिकारी शशांक शेखर सिंह ने सरकार के संयुक्त सचिव, ग्रामीण विकास विभाग झारखंड जितेंद्र कुमार देव का स्वागत किया. बैठक में जिप सदस्य रोस प्रतिमा सोरेंग, डीडी सिंह, अमित डुंगडुंग, संतोष कुमार सिंह, कोलेबिरा मो समी आलम, अपर समाहर्ता ज्ञानेंद्र आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




