वैशाली में आज से QR कोड से होगी खाद की ऑनलाइन बुकिंग, डिजिटल व्यवस्था लागू
Published by : Vivek Pandey Updated At : 15 Jun 2026 8:59 AM
Hajipur News: वैशाली जिले में आज से QR कोड आधारित ऑनलाइन उर्वरक बुकिंग व्यवस्था लागू हो गई है. FSAS प्रणाली के तहत किसान ऐप के जरिए खाद बुक कर तीन दिनों के भीतर QR कोड दिखाकर उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे.
Hajipur News: (कैफ अहमद) वैशाली जिले में किसानों के लिए उर्वरक वितरण व्यवस्था अब पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी होने जा रही है. 15 जून 2026 से जिले में फर्टिलाइजर सेल्स एप्लीकेशन सिस्टम (FSAS) के माध्यम से QR कोड आधारित ऑनलाइन उर्वरक बुकिंग एवं वितरण प्रणाली लागू की जा रही है. नई व्यवस्था के तहत किसानों को उनकी भूमि और फसल की आवश्यकता के अनुसार अनुशंसित मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाएगी.
बिहार के दो जिलों में शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट
बिहार सरकार ने इस नई डिजिटल व्यवस्था के पायलट प्रोजेक्ट के लिए पूरे राज्य में केवल वैशाली और शेखपुरा जिले का चयन किया है. कृषि विभाग ने इसके सफल संचालन के लिए अधिकारियों, कर्मियों और खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया है. साथ ही किसान चौपाल, खरीफ कर्मशाला और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया गया है.
आधार या फार्मर आईडी से होगी ऑनलाइन बुकिंग
जिन किसानों का फार्मर रजिस्ट्री आईडी बना हुआ है, वे आधार संख्या या फार्मर आईडी के माध्यम से फर्टिलाइजर बुकिंग ऐप में लॉगिन कर ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे. सफल बुकिंग के बाद उन्हें QR कोड और बुकिंग आईडी जारी की जाएगी.
तीन दिनों के भीतर विक्रेता से मिलेगी खाद
बुकिंग के बाद किसान तीन दिनों के भीतर संबंधित उर्वरक विक्रेता के पास QR कोड या बुकिंग आईडी दिखाकर खाद प्राप्त कर सकेंगे. किसान स्वयं या अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से भी उर्वरक का उठाव कर सकते हैं.
बटाईदार किसानों के लिए भी सुविधा
नई व्यवस्था में उन किसानों को भी शामिल किया गया है जिनका फार्मर आईडी अभी नहीं बना है या जो बटाई पर खेती करते हैं. पूर्वजों, मठ-मंदिर या संस्थागत भूमि पर खेती करने वाले किसान भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत उर्वरक खरीद सकेंगे.
गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है बुकिंग ऐप
फर्टिलाइजर बुकिंग ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है. किसान इसमें अपनी भूमि और फसल का विवरण दर्ज कर आवश्यक उर्वरक, उसकी मात्रा और निकटतम अधिकृत विक्रेता का चयन करके आसानी से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में पारा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर का आज उद्घाटन, जानें क्या होंगी सुविधाएं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vivek Pandey
विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










