महाराणा प्रताप प्रतिमा अनावरण समारोह को लेकर हाजीपुर में बैठक, सीतामढ़ी कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान, आनंद मोहन ने दिया निमंत्रण
कार्यक्रम को संबोधित करते आनंद मोहन
Hajipur News : आनंद मोहन ने समाज को किया एकजुट होने का आह्वान. एनडीए गठन में मेरी भी रही अहम भूमिका: आनंद मोहन.
हाजीपुर से कैफ अहमद की रिपोर्ट
Hajipur News : शहर के बागमली स्थित सभागार में सीतामढ़ी में महाराणा प्रताप सिंह की प्रतिमा के प्रस्तावित अनावरण समारोह को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से आनंद मोहन शामिल हुए. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों को आगामी अनावरण समारोह में परिवार सहित शामिल होने का निमंत्रण दिया गया. इस दौरान पूर्व सांसद आनंद मोहन ने सभा को संबोधित करते हुए अपने राजनीतिक जीवन, सामाजिक संघर्ष और परिवारवाद के मुद्दे पर खुलकर बोला. आनंद मोहन ने आरोप लगाया कि उनके समाज के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है और इसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि एनडीए के गठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी.
मुझे राजनीतिक रूप से रोकने के लिए 16 साल जेल में रखा गया: आनंद मोहन
उस समय सभी नेता अपनी-अपनी पार्टियों को मजबूत करने में लगे थे, जबकि उन्होंने एनडीए को मजबूत करने का काम किया. उन्होंने कहा कि जब समता पार्टी और उनकी पार्टी ने चुनाव जीता था, तब समता पार्टी को मान्यता नहीं मिली थी. बाद में दोनों दलों का विलय हुआ, जिसके बाद मान्यता मिली और आगे चलकर वही पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) बनी, जिसे आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चला रहे हैं. आनंद मोहन ने कहा कि उन्हें एक साजिश के तहत 16 वर्षों तक जेल में रखा गया ताकि उनका समाज राजनीतिक रूप से मजबूत न हो सके.
भावुक हुए आनंद मोहन, बोले- समाज ने मेरे परिवार को सम्मान और सहारा दिया
उन्होंने आरोप लगाया कि जेल से बाहर आने के बाद भी उन्हें सुप्रीम कोर्ट के जरिए फिर से दबाने की कोशिश की गई, लेकिन वह चुप रहने वालों में से नहीं हैं. उन्होंने कहा कि उनके समाज के कई लोग उन्हें नहीं समझते, लेकिन उनके विरोधी अच्छी तरह जानते हैं कि आनंद मोहन क्या कर सकते हैं. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जब वह जेल में थे, तब उनका परिवार बिखरने की स्थिति में था, लेकिन समाज ने उनके परिवार को संभाला और सम्मान दिया.
राजनीति में परिवारवाद पर खुलकर बोले आनंद मोहन
परिवारवाद के मुद्दे पर भी उन्होंने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवाद केवल उनके परिवार में नहीं है, बल्कि लगभग सभी राजनीतिक दलों और समाजों में परिवारवाद मौजूद है. इसके बावजूद केवल आनंद मोहन के परिवार को ही निशाना बनाया जाता है. कार्यक्रम के अंत में समाज के लोगों से अपील की गई कि वे बड़ी संख्या में सीतामढ़ी पहुंचकर महाराणा प्रताप सिंह की प्रतिमा के अनावरण समारोह को सफल बनाएं.
Also Read : जेपीयू एडमिशन 2026: लोकप्रिय विषयों में बढ़ी प्रतिस्पर्धा, विज्ञान और कला संकाय के विषयों में बढ़ी मांग
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए