जेपीयू एडमिशन 2026: लोकप्रिय विषयों में बढ़ी प्रतिस्पर्धा, विज्ञान और कला संकाय के विषयों में बढ़ी मांग
Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 14 Jun 2026 6:05 PM
जेपीयू की तस्वीर
Saran News : जेपीयू में नामांकन को लेकर छात्रों की पहली पसंद बने इतिहास और राजनीति विज्ञान. विज्ञान और कला संकाय के लोकप्रिय विषयों में बढ़ी मांग.
छपरा (सारण) से प्रभात किरण हिमांशु की रिपोर्ट
Saran News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्नातक सत्र 2026-30 चार वर्षीय सीबीसीएस पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए ऑनलाइन अप्लाइ की प्रक्रिया जारी है. 17 जून तक ऑनलाइन अप्लाइ की तिथि निर्धारित की गयी है. विश्वविद्यालय छात्र कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कला तथा विज्ञान के कई ऐसे प्रमुख विषय हैं. जिसमें सीट से तीन गुना आवेदन अब तक प्राप्त हुए हैं. खास कर कला संकाय के अंतर्गत इतिहास, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, भूगोल आदि विषयों में निर्धारित सीट से तीन से चार गुना आदिक आवेदन अब तक आये हैं. जबकि कला के अंतर्गत हिंदी, अर्थशास्त्र, उर्दू, भोजपुरी आदि विषयों में अभी रिक्त सीटों की तुलना में काफी कम आवेदन मिले हैं. विज्ञान संकाय के अंतर्गत भी जूलॉजी, बॉटनी, केमिस्ट्री आदि विषयों में नामांकन के लिए आवेदन अधिक है.
तीन विषयों का विकल्प भरने पर बढ़ेंगे नामांकन के अवसर: छात्र कल्याण विभाग
गणित व भौतिकी आदि विषयों में अभी आवेदन कम आये हैं. चूंकि इस बार छात्रों को एक ही लॉगिन आइडी पर ऑनर्स के तीन विषयों में अप्लाइ करने का अवसर दिया गया है. हालांकि अधिकतर छात्र-छात्राएं एक ही विषय को कोर कोर्स के रूप में चुन रहे हैं. ऐसे में छात्र कल्याण विभाग ने आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा है कि अधिकतम तीन मुख्य विषयों का चयन करें. जिससे मेधा सूची में आसानी से छात्र-छात्राओं का नाम आ सकेगा. ज्यादातर छात्र-छात्राएं कुछ प्रमुख विषयों में ही आवेदन कर रहे हैं. वहीं अन्य विषयों में नामांकन की रुचि नहीं दिखा रहे हैं. ऐसे में नामांकन को लेकर कुछ विषयों में प्रतिस्पर्धा हो सकती है. यदि छात्र-छात्राएं कोर कोर्स के रूप में तीन विषयों का विकल्प चयन करते हैं, तो पहले विषय में सीट कम रहने की स्थिति में दूसरे या तीसरे चयनित विषय में उनका नाम नामांकन के लिए जारी किया जा सकता है.
कॉलेज चयन के लिए नया गाइडलाइन जारी
कॉलेजों के विकल्प चयन के लिए भी इस वर्ष नया गाइडलाइन जारी किया गया है. छात्र-छात्राएं अधिकतम पांच कॉलेज का विकल्प चयन कर सकते हैं. जिनमें से किसी एक कॉलेज में नामांकन का अवसर मिलेगा. ज्यादातर छात्र-छात्राएं अपने घर के नजदीक के कॉलेज में दाखिले के लिए विकल्प का चयन कर रहे हैं. इस वर्ष से छपरा, सीवान व गोपालगंज के अंतर्गत 28 नये कॉलेज भी संचालित हो रहे हैं. ऐसे में प्रखंड स्तर पर कॉलेज खुल जाने से छात्र-छात्राओं के उच्च शिक्षा की राह भी आसान होती दिख रही है.
आवेदन सुधार के लिए पोर्टल पर मिलेगा विशेष विकल्प
जयप्रकाश विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ राणा विक्रम सिंह ने बताया कि स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए अब तक करीब 39 हजार आवेदन विश्वविद्यालय को प्राप्त हुए हैं. इनमें से 35 हजार छात्र-छात्राओं ने आवेदन के साथ शुल्क भी जमा कर दिया है. उन्होंने बताया कि 16 व 17 को छात्र-छात्राएं अपने आवेदन को रिचेक करने के बाद उसमें हुई त्रुटियों का सुधार भी कर सकते हैं. इसके लिए भी विश्वविद्यालय के पोर्टल पर ऑप्शन उपलब्ध कराया जायेगा. जहां जाकर छात्र-छात्राएं उक्त निर्धारित तिथि के अंतर्गत अपने आवेदनों में सुधार कर सकते हैं. 17 जून को नामांकन के लिए अप्लाइ की प्रक्रिया क्लोज कर दी जायेगी पहले ही एक बार अप्लाइ की तिथि विस्तारित कर दी जा चुकी है. अब दोबारा अप्लाइ का अवसर नहीं दिया जायेगा. अप्लाइ की प्रक्रिया पूरी होने के तीन से चार दिनों बाद ही नामांकन के लिए पहली मेधा सूची जारी की जायेगी. मेधा सूची जारी होने के अगले दिन से ही कॉलेजों में नामांकन शुरू हो जायेगा.
Also Read : अभ्यर्थियों की भारी भीड़ के बीच सीवान स्टेशन पर विशेष व्यवस्था, रेलवे प्रशासन ने संभाली कमान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










