College Admission 2026: सीट अलॉटमेंट के बाद क्या करें? 'Freeze', 'Float' और 'Slide' में अंतर समझें, वरना कैंसिल हो सकता है एडमिशन
काउंसलिंग अभ्यर्थी की सांकेतिक तस्वीर
College Admission 2026 Counseling: काउंसलिंग में सीट अलॉट होने के बाद स्टूडेंट्स के सामने सबसे बड़ा सवाल यह होता है कि वे आगे क्या ऑप्शन चुनें. 'Freeze', 'Float' और 'Slide' में सही अंतर न समझने के कारण कई बार अच्छी रैंक वाले स्टूडेंट भी अपनी मनपसंद सीट गंवा बैठते हैं. जानिए इन तीनों ऑप्शन्स का मतलब और सही इस्तेमाल.
College Admission and Counseling Guide 2026: देशभर में इंजीनियरिंग (JoSAA, CSAB, State BTech), मेडिकल (NEET), पॉलिटेक्निक, BEd और अलग-अलग विश्वविद्यालयों के डिग्री कोर्सेज में एडमिशन के लिए काउंसलिंग का दौर जारी है. प्रवेश परीक्षा में बेहतर रैंक हासिल करने और चॉइस फिलिंग के बाद जैसे ही किसी राउंड का 'सीट अलॉटमेंट रिजल्ट' (Seat Allotment Result) जारी होता है, स्टूडेंट्स के सामने तीन मुख्य ऑप्शन आते हैं - Freeze, Float और Slide.
जल्दबाजी में न चुने गलत ऑप्शन
अक्सर देखा जाता है कि जानकारी के अभाव या जल्दबाजी में गलत ऑप्शन चुनने से स्टूडेंट्स का एडमिशन कैंसिल हो जाता है या फिर उन्हें आगे के राउंड में अपग्रेडेशन का मौका नहीं मिलता. अगर आपको भी काउंसलिंग के किसी राउंड में सीट अलॉट हुई है, तो आगे का कदम उठाने से पहले इन तीनों ऑप्शन्स का मतलब और अंतर जरूर समझ लें.

1. 'Freeze' (फ्रीज) का क्या मतलब है?
जब काउंसलिंग सॉफ्टवेयर द्वारा अलॉट की गई सीट से आप 100% संतुष्ट हों और आगे के किसी भी राउंड में हिस्सा नहीं लेना चाहते, तब आपको 'Freeze' का ऑप्शन चुनना होता है.
- कब चुनें: अगर आपको अपनी पहली पसंद का कॉलेज और पसंदीदा ब्रांच मिल गई है.
- क्या होगा रिजल्ट: इस ऑप्शन को चुनते ही आपकी सीट लॉक हो जाती है. इसके बाद आपको तय समय सीमा के अंदर सीट एक्सेप्टेंस फीस (Seat Acceptance Fee) भरनी होती है और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करवाकर उसी कॉलेज में एडमिशन लेना होता है. आप अगले राउंड की काउंसलिंग से बाहर हो जाते हैं.
ये भी पढ़ें: फर्जी यूनिवर्सिटी की कैसे होती है पहचान, एडमिशन से पहले चेक करें ये 5 प्वाइंट्स
2. 'Float' (फ्लोट) का क्या मतलब है?
अगर आपको जो सीट मिली है, आप उसे सुरक्षित (Reserve) रखना चाहते हैं, लेकिन आगे के राउंड में अपनी लिस्ट के बेहतर कॉलेज और बेहतर ब्रांच के लिए भी चांस लेना चाहते हैं, तो आपको 'Float' चुनना चाहिए.
- कब चुनें: अगर आपको कॉलेज या ब्रांच पसंद है, लेकिन आपकी चॉइस लिस्ट में उससे ऊपर कोई और पसंदीदा कॉलेज या ब्रांच मौजूद है.
- क्या होगा रिजल्ट: आपकी मौजूदा सीट आपके पास सुरक्षित रहेगी. अगर अगले राउंड में आपको ऊपर की कोई बेहतर सीट अलॉट होती है, तो आपकी पुरानी सीट अपने आप रद्द होकर किसी दूसरे स्टूडेंट को मिल जाएगी और आपको नई सीट मिल जाएगी. अगर अगले राउंड में कोई नई सीट नहीं मिली, तो आपकी पुरानी सीट बची रहेगी.

3. 'Slide' (स्लाइड) का क्या मतलब है?
'Slide' का ऑप्शन तब काम आता है जब आप कॉलेज से तो पूरी तरह संतुष्ट हैं, लेकिन उसी कॉलेज में बेहतर ब्रांच (Trade) चाहते हैं.
- कब चुनें: मान लीजिए आपको किसी टॉप कॉलेज में मैकेनिकल इंजीनियरिंग मिली है और आप उसी कॉलेज में सीएस (Computer Science) या आईटी ब्रांच चाहते हैं.
- क्या होगा रिजल्ट: इसमें आपका कॉलेज नहीं बदलेगा. अगर अगले राउंड में उसी कॉलेज की उच्च प्राथमिकता वाली ब्रांच में सीट खाली होती है, तो आपको वह ब्रांच मिल जाएगी. अगर सीट खाली नहीं हुई, तो आपकी वर्तमान ब्रांच सुरक्षित रहेगी.
ये भी पढ़ें: Choice Filling क्या होती है और कैसे करें? जानें लॉगिन से लेकर सीट लॉक करने का पूरा तरीका
College Admission 2026: सीट अलॉटमेंट के बाद इन 3 गलतियों से बचें
- सीट एक्सेप्टेंस फीस (SAF) जमा न करना: चाहे आप Freeze चुनें, Float या Slide - तीनों ही मामलों में अपनी सीट सुरक्षित रखने के लिए समय पर फीस जमा करना अनिवार्य होता है. फीस जमा न करने पर आपकी अलॉटेड सीट कैंसिल हो जाती है.
- डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन मिस करना: यदि ऑनलाइन या ऑफलाइन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का शेड्यूल दिया गया है, तो उसे तय समय में पूरा करें.
- गलत ऑप्शन लॉक करना: एक बार ऑप्शन सबमिट करने के बाद ज्यादातर पोर्टल पर बदलाव का मौका नहीं मिलता, इसलिए सोच-समझकर ही सबमिट करें.
College Admission 2026: फाइनल चुनाव
सीट अलॉटमेंट के बाद सही ऑप्शन का चुनाव ही तय करता है कि आपको अंत में सबसे बेहतरीन कॉलेज और ब्रांच मिलेगी या नहीं. अगर पहली पसंद मिल चुकी है तो 'Freeze' करें, बेहतर कॉलेज और ब्रांच की उम्मीद है तो 'Float' करें और उसी कॉलेज में अच्छी ब्रांच चाहते हैं तो 'Slide' चुनें.
ये भी पढ़ें: कौन ले सकता है एजुकेशन लोन? इन डॉक्यूमेंट्स की होगी जरूरत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ओम प्रकाश
ओम प्रकाश (OP) पिछले 2 वर्षों से अधिक समय से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. इन्होंने जनसंचार एवं पत्रकारिता में मास्टर्स किया है. इनकी पत्रकारिता के सफर की शुरुआत प्रभात खबर (प्रिंट) पटना से हुई. इसके बाद इन्होंने दूरदर्शन पटना और कशिश न्यूज के साथ जुड़ कर प्रैक्टिकल हैंड्स ऑन एक्सपीरियंस हासिल किया. ये आकाशवाणी पटना के युवाओं के लिए समर्पित कार्यक्रम 'युवा वाणी' में भी कार्य कर चुके हैं. वर्तमान में OP प्रभात खबर डिजिटल के एजुकेशन बीट में कंटेंट राइटिंग का काम कर रहे हैं. इन्हें एजुकेशन और करियर से संबंधित गाइडेंस और खबरें आसान भाषा में स्टूडेंट्स तक पहुंचाना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










