ePaper

शेयर बाजारों में सम्वत 2076 की अच्छी रही शुरुआत, मुहूर्त कारोबार में 192 अंक चढ़ा सेंसेक्स

Updated at : 28 Oct 2019 7:06 PM (IST)
विज्ञापन
शेयर बाजारों में सम्वत 2076 की अच्छी रही शुरुआत, मुहूर्त कारोबार में 192 अंक चढ़ा सेंसेक्स

मुंबई : देश के शेयर बाजारों में नये सम्वत 2076 की शुरुआत अच्छी रही. दीपावली के अवसर पर रविवार को हुए एक घंटे के विशेष मुहूर्त कारोबार में निवेशकों की खरीदारी से बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक 192 अंक चढ़कर 39,250.20 अंक पर बंद हुआ. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी बढ़कर 11,600 […]

विज्ञापन

मुंबई : देश के शेयर बाजारों में नये सम्वत 2076 की शुरुआत अच्छी रही. दीपावली के अवसर पर रविवार को हुए एक घंटे के विशेष मुहूर्त कारोबार में निवेशकों की खरीदारी से बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक 192 अंक चढ़कर 39,250.20 अंक पर बंद हुआ. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी बढ़कर 11,600 अंक से ऊपर पहुंच गया. दीपावली के अवसर पर शेयर बाजार में हर साल विशेष मुहूर्त कारोबार होता है. इसी दिन नये संवत वर्ष की भी शुरुआत होती है.

रविवार को सम्वत 2076 की शुरुआत के मौके पर शाम सवा सात बजे तक हुए एक घंटे के विशेष मुहूर्त कारोबार में 30 शेयरों पर आधारित बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स मजबूती के साथ 39,397.37 अंक पर खुला और कारोबार के दौरान और बढ़कर 39,402.23 अंक तक चढ़ा. निवेशकों का वाहन कंपनियों, सूचना प्रौद्योगिकी और बैंकों के शेयरों में लिवाली का जोर रहा.

कारोबार के दौरान बाजार के उच्चस्तर पर मुनाफा वसूली से सूचकांक कारोबार समाप्ति के समय कुछ नीचे आ गया. फिर भी यह पिछले दिन के मुकाबले 192.14 अंक यानी 0.49 फीसदी ऊंचा रहकर 39,250.20 अंक पर बंद हुआ. इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 43.25 अंक यानी 0.37 फीसदी बढ़कर 11,627.15 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स में शामिल शेयरों में से टाटा मोटर्स, येस बैंक, महिन्द्रा एण्ड महिन्दा, वेदांता, इन्फोसिस और टेक महिन्द्रा के शेयरों में अच्छा उछाल दर्ज किया गया.

दूसरी ओर, मारुति लिमिटेड, भारती एयरटेल, टीसीएस और एचसीएल टेक के शेयर मूल्य में 0.78 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गयी. शेयर ब्रोकरों ने कहा कि सम्वत 2076 की शुरुआत के मौके पर निवेशकों में उत्साह रहा. खरीदारी का जोर रहने से विशेष मुहूर्त कारोबार में बाजार में तेजी रही. दूरसंचार और टिकाऊ उपभोक्ता सामानों को छोड़कर दूसरे क्षेत्रों के समूह सूचकांक में सुधार दर्ज किया गया.

पिछले साल सम्वत 2075 में पूरे वर्ष के दौरान बीएसई सेंसेक्स 4,066.15 अंक यानी 11.62 फीसदी चढ़ा है, जबकि निफ्टी सूचकांक 1,053.90 अंक यानी 10 फीसदी चढ़ा. बीएसई और एनएसई सोमवार 28 अक्टूबर को ‘दिवाली बलीप्रतिपदा’ के उपलक्ष्य में बंद रहे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola