Bihar Election 2025: बिहार में वोटर लिस्ट पुनर्निरीक्षण को लेकर सियासत तेज, जनसुराज का चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 08 Jul 2025 8:36 PM
जनसुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह
Bihar Election 2025: जनसुराज पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट के गहन पुनर्निरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए हैं. पार्टी अध्यक्ष उदय सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से मुलाकात कर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं और दस्तावेजों की मांग को आम जनता के लिए कठिन बताया.
Bihar Election 2025: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट के गहन पुनर्निरीक्षण को लेकर सियासत तेज हो गई है. जनसुराज पार्टी ने इस प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को चुनाव आयोग से मुलाकात की और आधिकारिक आपत्ति दर्ज कराई.
दस्तावेजों की मांग आम जनता के लिए मुश्किल: उदय सिंह
चुनाव आयोग द्वारा मांगे गए 11 दस्तावेजों को लेकर उदय सिंह ने कहा, “इनमें कई ऐसे दस्तावेज हैं, जिन्हें एक साधारण व्यक्ति के लिए जुटा पाना बेहद मुश्किल है. इससे बड़े पैमाने पर लोगों का नाम वोटर लिस्ट से हटाया जा सकता है.” उन्होंने इस प्रक्रिया को जटिल, गैर-जरूरी और जनविरोधी बताते हुए कहा कि इससे आम मतदाता भ्रम में पड़ सकता है और चुनावी पारदर्शिता पर असर पड़ सकता है.
“चुनाव आयोग बन गया है भाजपा का विभाग”
प्रेस को संबोधित करते हुए उदय सिंह ने चुनाव आयोग पर सीधा हमला करते हुए कहा, “चुनाव आयोग अब एक स्वतंत्र संस्था नहीं रह गया है. वह भाजपा के एक विभाग की तरह काम कर रहा है. जनता का विश्वास कमजोर हुआ है.” उन्होंने कहा कि आयोग का यह रवैया लोकतंत्र की आत्मा पर हमला है और इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई जारी रहेगी.
चुनाव से पहले पुनर्निरीक्षण का क्या औचित्य?
उदय सिंह ने सवाल किया कि जब चुनाव में महज 2-3 महीने बचे हैं, तब गहन वोटर लिस्ट पुनर्निरीक्षण की क्या जरूरत है? उन्होंने कहा, “ऐसा प्रतीत होता है कि यह प्रक्रिया विशेष मतदाताओं को लिस्ट से बाहर रखने की कोशिश है. हम इसे लोकतंत्र के साथ छेड़छाड़ मानते हैं.”
उच्चतम न्यायालय में मामला लंबित, फैसले की उम्मीद
जन सुराज पार्टी ने इस मुद्दे को उच्चतम न्यायालय में भी चुनौती दी है. उदय सिंह ने उम्मीद जताई कि अगले 2–3 दिनों में कोर्ट कोई बड़ा फैसला देगा, जिससे स्थिति स्पष्ट होगी और अनावश्यक विवाद खत्म होगा.
वरिष्ठ नेता भी रहे साथ
इस मौके पर उदय सिंह के साथ प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, महासचिव किशोर कुमार मुन्ना, और पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.सी.पी. सिंह भी मौजूद रहे. सभी नेताओं ने एक सुर में आयोग की प्रक्रिया को जनविरोधी और एकतरफा बताया.
Also Read: गोपाल खेमका हत्याकांड मामले में नया मोड़! शूटर ने सुपारी के पैसों से भरी बच्चों की स्कूल फीस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










