Bihar Election 2025: फर्स्ट फेज के 33 प्रत्याशियों पर हत्या का आरोप, BJP और JDU ने उतारे इतने दागी उम्मीदवार
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 29 Oct 2025 11:51 AM
सांकेतिक तस्वीर
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में अपराध और राजनीति का गहरा रिश्ता फिर सामने आया है. एडीआर की रिपोर्ट बताती है कि कुल 1314 उम्मीदवारों में से 27 फीसदी पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 32 फीसदी उम्मीदवार किसी न किसी आपराधिक आरोप में घिरे हुए हैं.
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में राजनीति और अपराध का पुराना गठजोड़ एक बार फिर उजागर हुआ है. एडीआर (एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स) और बिहार इलेक्शन वॉच द्वारा मंगलवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पहले चरण में चुनाव लड़ रहे 1314 उम्मीदवारों में से 27 फीसदी उम्मीदवार गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपी हैं.
354 प्रत्याशियों पर गंभीर आरोप
रिपोर्ट में बताया गया है कि 1303 उम्मीदवारों के शपथपत्रों के विश्लेषण के आधार पर यह आंकड़े सामने आए हैं. इनमें से 423 उम्मीदवारों (करीब 32%) ने खुद अपने ऊपर आपराधिक मामलों की जानकारी दी है. जबकि 354 प्रत्याशी ऐसे हैं जिन पर हत्या, हत्या की कोशिश, महिलाओं पर अत्याचार और बलात्कार जैसे गंभीर आरोप लगे हैं.
फर्स्ट फेज के 33 उम्मीदवारों पर हत्या का आरोप
सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा यह है कि 33 उम्मीदवारों पर हत्या, 86 पर हत्या की कोशिश और 42 उम्मीदवारों पर महिलाओं पर अत्याचार से जुड़े मामले दर्ज हैं. वहीं, दो प्रत्याशियों ने अपने ऊपर रेप से जुड़े मामले का भी जिक्र किया है. ये आंकड़े बिहार की राजनीति में अपराध की गहराई को एक बार फिर उजागर करते हैं.
भाजपा और कांग्रेस के 65% उम्मीदवारों पर मामला दर्ज
रिपोर्ट में दलवार विश्लेषण भी किया गया है, जो दिखाता है कि अपराध का साया किसी एक पार्टी पर नहीं, बल्कि लगभग सभी प्रमुख दलों पर समान रूप से है. भाजपा और कांग्रेस के 65% उम्मीदवारों पर किसी न किसी प्रकार का मामला दर्ज है.
बीजेपी के 48 में से 31 (65%) राजद के 70 में से 53 (76%), जदयू के 57 में से 22 (39%), जनसुराज के 114 में से 50 (44%), बसपा के 89 में से 18 (20%) और आप के 44 में से 12 (27%), कांग्रेस के 23 में से 15 (65%) उम्मीदवारों पर भी मुकदमे दर्ज हैं. वहीं, भाकपा माले के 14 में से 13 (93%), सीपीआई के 5 में से 5 (100%) और सीपीएम के 3 में से 3 (100%) उम्मीदवार अपराध के आरोपों से घिरे हुए हैं.
121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान
पहले चरण की 121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होना है. यह चरण न सिर्फ राजनीतिक दलों के जनाधार की परीक्षा है, बल्कि यह भी देखने का समय है कि मतदाता अपराध से जुड़ी छवि वाले उम्मीदवारों को कैसे देखते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










