भागलपुर एयरपोर्ट से 20 सीटर विमान उड़ान को मंजूरी, आसपास के मकानों का सत्यापन शुरू
भागलपुर हवाई अड्डे के आसपास बने भवनों भौतिक सत्यापन नगर निगम ने शुरू कर दिया है. 20 सीटर विमान संचालन की स्वीकृति मिलने के बाद एयरपोर्ट क्षेत्र में निर्माण कार्यों की स्थिति और निर्धारित मानकों के पालन की पड़ताल की जा रही है.'
भागलपुर से ब्रजेश माधुर्य की रिपोर्ट
भागलपुर हवाई अड्डे के आसपास बने भवनों भौतिक सत्यापन नगर निगम ने शुरू कर दिया है. 20 सीटर विमान संचालन की स्वीकृति मिलने के बाद एयरपोर्ट क्षेत्र में निर्माण कार्यों की स्थिति और निर्धारित मानकों के पालन की पड़ताल की जा रही है. इसी क्रम में नगर निगम की टीम शुक्रवार को क्षेत्र में पहुंची और 21 मकानों का भौतिक सत्यापन किया. जांच के दौरान गृह स्वामियों से नाम, पिता का नाम और भवन निर्माण के लिए नक्शा स्वीकृत कराया गया था या नहीं, इससे संबंधित जानकारी जुटायी गयी.
दो से तीन दिनों में पूरा होगा सर्वे
भौतिक सत्यापन का कार्य सिटी मैनेजर असगर अली और अतिक्रमण प्रभारी जयप्रकाश यादव की देखरेख में किया जा रहा है. यह प्रक्रिया अगले दो से तीन दिनों में पूरी कर ली जायेगी. सर्वे के दौरान भवनों की स्थिति, उनकी दूरी और निर्माण संबंधी दस्तावेजों का प्रारंभिक विवरण दर्ज किया जा रहा है.
दस्तावेजों की होगी जांच
नगर निगम की ओर से जिन भवन मालिकों का डाटा एकत्रित किया जा रहा है, उन्हें क्रमवार निगम कार्यालय बुलाया जायेगा. जयप्रकाश यादव ने बताया कि 20 सीटर विमान संचालन को स्वीकृति मिली है और इसके कारण से भवन निर्माण से जुड़े दस्तावेजों और नक्शा स्वीकृति संबंधी कागजातों की जांच की जायेगी. यदि किसी भवन का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे के पाया गया तो उसे अवैध निर्माण मानते हुए नोटिस जारी किया जायेगा. इसके बाद नियमानुसार आगे तोड़ने की कार्रवाई भी की जा सकती है.
एयरपोर्ट मानकों पर है फोकस
जांच के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि रनवे से 300 मीटर के दायरे में कोई निर्माण तो नहीं है और एयरपोर्ट संचालन से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन किया गया है या नहीं. नगर निगम का कहना है कि सर्वे का उद्देश्य एयरपोर्ट क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और आवश्यक नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










