क्या अब खत्म हो जाएगा नाटो? ईरान जंग के बीच भड़के डोनाल्ड ट्रंप, ब्रिटेन को कहा- 'बिना नेवी वाला देश'

तस्वीर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप. इमेज सोर्स क्रेडिट- एक्स/ @WhiteHouse
Trump NATO Exit Threat: ईरान से तनाव के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने नाटो को 'कागज का शेर' बताकर अमेरिका को अलग करने की चेतावनी दी है. उन्होंने ब्रिटेन की सैन्य ताकत और पीएम कीर कीर स्टार्मर की नीतियों पर भी तीखे सवाल उठाए. वहीं,स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में पैदा हुए ईंधन संकट पर ट्रंप ने सहयोगियों को खुद लड़ने की सलाह दी है.
Trump NATO Exit Threat: ईरान के साथ जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाटो (NATO) गठबंधन से बाहर निकलने का मन बना लिया है. ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा है कि वह अमेरिका को इस रक्षा संधि से अलग करने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं. ब्रिटेन के अखबार ‘डेली टेलीग्राफ’ को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने नाटो को ‘कागज का शेर’ (पेपर टाइगर) करार दिया.
NATO से बाहर निकलने की तैयारी
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि नाटो की साख पर उन्हें लंबे समय से शक था. अब गठबंधन से अमेरिका को हटाने की बात सोच-विचार से कहीं आगे निकल चुकी है. उनकी नाराजगी की सबसे बड़ी वजह यह है कि जब अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की, तो नाटो देशों ने उनका साथ नहीं दिया. ट्रंप ने कहा कि पुतिन को भी पता है कि नाटो सिर्फ एक कागज का शेर है.
ब्रिटेन की नेवी पर तंज
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने ब्रिटेन की नौसेना की हालत पर भी सीधा हमला किया. उन्होंने ब्रिटिश जहाजों का मजाक उड़ाते हुए कहा कि आपके पास तो नेवी ही नहीं है. आप बहुत पुराने हो चुके हैं और आपके एयरक्राफ्ट कैरियर (विमानवाहक पोत) काम ही नहीं करते. जब उनसे पूछा गया कि क्या ब्रिटिश पीएम कीर स्टारमर को रक्षा बजट बढ़ाना चाहिए, तो उन्होंने कहा कि स्टारमर जो चाहें करें, उससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता. ट्रंप ने तंज कसा कि स्टारमर सिर्फ महंगे विंडमिल्स (पवन चक्की) चाहते हैं जिससे बिजली के दाम बढ़ रहे हैं.
हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर खींचतान
ट्रंप ने यूरोपीय देशों पर आरोप लगाया कि वे हॉर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) को सुरक्षित करने के लिए अपनी सेना भेजने से कतरा रहे हैं. ‘डेली टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप का कहना है कि जब अमेरिका यूक्रेन की मदद के लिए खड़ा हो सकता है, तो सहयोगियों को भी ईरान के मामले में साथ देना चाहिए था. उन्होंने कहा कि यूक्रेन हमारी समस्या नहीं थी, फिर भी हम वहां गए, लेकिन सहयोगियों ने बदले में कुछ नहीं किया.
कीर स्टार्मर का जवाब
दूसरी ओर, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने साफ कर दिया है कि उनका देश मिडिल ईस्ट की इस जंग का हिस्सा नहीं बनेगा. स्टारमर ने बुधवार को कहा कि यह हमारी जंग नहीं है और हम इसमें नहीं खिंचेंगे. उन्होंने बताया कि ब्रिटेन का ध्यान हॉर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा और व्यापारिक रास्तों को बचाने पर है. स्टारमर ने ऊर्जा संकट से निपटने के लिए 5-पॉइंट वाला सरकारी प्लान भी पेश किया है.
ये भी पढ़ें: ईरान से जंग के बीच ‘ग्रेटर इजरायल’ की तैयारी? लेबनान के बाद सऊदी अरब का नंबर!
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप की सलाह
अपनी सोशल मीडिया पोस्ट ‘ट्रुथ सोशल’ पर ट्रंप ने उन देशों को कड़वी सलाह दी है जो तेल और जेट फ्यूल की कमी से जूझ रहे हैं. उन्होंने लिखा कि जो देश ईरान के खिलाफ कार्रवाई में शामिल नहीं हुए, वे अब अमेरिका से तेल खरीदें या फिर खुद हिम्मत जुटाकर हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर कब्जा कर लें. ट्रंप ने लिखा कि ईरान लगभग खत्म हो चुका है, अब अपना तेल खुद जाकर ले लो. अमेरिका अब आपकी मदद के लिए वहां नहीं रहेगा.
ये भी पढ़ें:- हम जंग रोकने को तैयार, लेकिन… ईरानी राष्ट्रपति ने US के सामने रखी शर्त, विदेश मंत्री बोले- ट्रंप के दोस्त से बात…
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




