ePaper

QUAD शिखर सम्मेलन से पहले जापान में बोले पीएम मोदी- मैं मक्खन पर नहीं, पत्थर पर लकीर खींचता हूं

Updated at : 23 May 2022 6:58 PM (IST)
विज्ञापन
QUAD शिखर सम्मेलन से पहले जापान में बोले पीएम मोदी- मैं मक्खन पर नहीं, पत्थर पर लकीर खींचता हूं

PM Modi in Japan: क्वाड शिखर सम्मेलन से पहले जापान में प्रवासी भारतीयों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह मक्खन पर नहीं, पत्थर पर लकीर खींचते हैं.

विज्ञापन

PM Modi in Japan: क्वाड शिखर सम्मेलन (QUAD Summit 2022) से पहले जापान में प्रवासी भारतीयों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा कि वह मक्खन पर नहीं, पत्थर पर लकीर खींचते हैं. प्रवासी भारतीयों को संबोधित करने से पहले पीएम मोदी ने जापान की 30 से ज्यादा कंपनियों के सीईओ से मुलाकात की और उन्हें भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया.

भारत-जापान नैसर्गिक सहयोगी- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को प्रवासी भारतीयों से कहा कि भारत और जापान नैसर्गिक सहयोगी हैं. भारत की विकास यात्रा एवं क्षमता निर्माण में जापान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि वैश्विक समुदाय भारत में आधारभूत ढांचे के अभूतपूर्व पैमाने एवं गति तथा क्षमता के विकास को देख रहा है.

जापान से हमारा रिश्ता बुद्ध, बोध, ज्ञान और ध्यान का

पीएम मोदी ने कहा, ‘जापान से हमारा रिश्ता सामर्थ्य, सम्मान और विश्व के लिए साझे संकल्प का है. जापान से हमारा रिश्ता बुद्ध, बोध, ज्ञान, ध्यान का है.’ उन्होंने कहा, ‘भारत और जापान नैसर्गिक सहयोगी हैं. भारत की विकास यात्रा में जापान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. जापान से हमारा रिश्ता आत्मीयता का है, आध्यात्म का है, सहयोग का है, अपनेपन का है.’

Also Read: जापान में बोले पीएम मोदी: समस्या कितनी ही बड़ी क्यों न हो, भारत उसका समाधान ढूंढ़ता है
भारत-जापान सहयोग की मिसाल

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के क्षमता निर्माण में जापान को एक अहम भागीदार बताया. उन्होंने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल हो, दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारा हो, समर्पित माल गलियारा हो, ये भारत-जापान के सहयोग के बहुत बड़े उदाहरण हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की दुनिया को भगवान बुद्ध के विचारों पर, उनके बताये रास्ते पर चलने की बहुत जरूरत है.

आत्मनिर्भर बन रहा है भारत

पीएम मोदी ने कहा, ‘यही रास्ता है, जो आज दुनिया की हर चुनौती, चाहे वो हिंसा हो, अराजकता हो, आतंकवाद या जलवायु परिवर्तन हो, इन सबसे मानवता को बचायेगा.’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘पिछले दो वर्षों में जिस तरह से आपूर्ति शृंखला बाधित हुई, आपूर्ति शृंखला पर प्रश्न चिह्न उठा, भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए हम आत्मनिर्भर भारत के समाधान के साथ आगे बढ़ रहे हैं. आत्मनिर्भर भारत का हमारा समाधान केवल भारत के लिए ही नहीं है, बल्कि यह स्थिर एवं टिकाऊ वैश्विक आपूर्ति शृंखला के लिए है.’

डिजिटल क्रांति का पीएम ने किया जिक्र

उन्होंने कहा कि भारत जलवायु परिवर्तन के संबंध में बातचीत की अगुवाई कर रहा है. उन्होंने इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन पहल का भी जिक्र किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में डिजिटल क्रांति ने यह सुनिश्चित किया कि बैंकिंग प्रणाली ने कोविड काल में भी प्रभावी ढंग से काम किया. उन्होंने कहा कि भारत में दुनिया के कुल डिजिटल लेनदेन का 40 प्रतिशत होता है.

8 साल में लोगों के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आज जब भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तो वो आने वाले 25 साल यानी आजादी के 100वें वर्ष तक हिंदुस्तान को हमें किस ऊंचाई तक पहुंचाना है, आज देश उस रोडमैप को तैयार करने में लगा हुआ है.’ प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने एक मजबूत और लचीले एवं जिम्मेदार लोकतंत्र की पहचान बनायी है और उसे बीते आठ साल में हमने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनाया है.

हरित भविष्य, हरित रोजगार के रोडमैप पर बढ़ रहा भारत

पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज हरित भविष्य, हरित रोजगार के रोडमैप के लिए भी बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है. देश में इलेक्ट्रिक परिवहन को बहुत प्रोत्साहन दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हरित हाइड्रोजन को हाइड्रोकार्बन का विकल्प बनाने के लिए विशेष मिशन शुरू किया गया है.

कल क्वाड सम्मेलन में शामिल होंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय यात्रा पर जापान पहुंचे. वह यहां क्वाड नेताओं के एक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. तोक्यो में 24 मई को होने वाले क्वाड शिखर सम्मेलन में मोदी के अलावा अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीस हिस्सा लेंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola