Corona Effect : कनाडा ने ओलिंपिक से नाम लिया वापस, जापान ने कहा- खेल स्थगित होना 'तय'
Author : Pritish Sahay Published by : Prabhat Khabar Updated At : 24 Mar 2020 5:20 AM
कनाडा ने कोरोना वायरस संक्रमण के कारण तोक्यो ओलिंपिक से नाम वापस ले लिया, जबकि जापान के प्रधानमंत्री ने सोमवार को स्वीकार किया कि खेलों में विलंब 'अवश्यंभावी' है. हालांकि अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति ने चार सप्ताह के भीतर फैसला लेने की घोषणा की है.
तोक्यो : कनाडा ने कोरोना वायरस संक्रमण के कारण तोक्यो ओलिंपिक से नाम वापस ले लिया, जबकि जापान के प्रधानमंत्री ने सोमवार को स्वीकार किया कि खेलों में विलंब ‘अवश्यंभावी’ है. हालांकि अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति ने चार सप्ताह के भीतर फैसला लेने की घोषणा की है. ऑस्ट्रेलिया ने भी अपने खिलाड़ियों से तोक्यो ओलिंपिक 2021 की तैयारी करने के लिए कहा है. ऐसी पूरी संभावना है कि 24 जुलाई से नौ अगस्त के बीच होने वाले ये खेल अब स्थगित कर दिये जायेंगे. जापान और ओलिंपिक अधिकारी लगातार कहते आये हैं कि खेल निर्धारित समय पर होंगे, लेकिन दुनिया भर से खेल महासंघों और खिलाड़ियों के विरोध के बाद उनका रुख बदला है.
प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने संसद में कहा कि जापान खेलों को मुकम्मिल कराने को लेकर प्रतिबद्ध है. उन्होंने हालांकि कहा : यदि वह मुश्किल होता है, तो खिलाड़ियों को प्राथमिकता पर रखते हुए खेलों को स्थगित करने का फैसला अवश्यंभावी लग रहा है. कनाडा की ओलंपिक समिति ने कहा : बात सिर्फ खिलाड़ियों की सेहत की नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य की है. कोविड-19 के चलते हमारे खिलाड़ियों, उनके परिवारों और कनाडाई लोगों की सेहत और सुरक्षा को देखते हुए उनका तैयारी जारी रखना सही नहीं होगा.
तोक्यो ओलिंपिक 2021 की तैयारी करें खिलाड़ी : ऑस्ट्रेलिया
सिडनी. ऑस्ट्रेलिया ओलिंपिक समिति ने सोमवार को कहा कि चूंकि यह साफ हो गया है कि तोक्यो ओलिंपिक निर्धारित समय पर नहीं हो सकेंगे, लिहाजा खिलाड़ी 2021 ओलिंपिक के लिए तैयारी करेंगे. अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति ने पहली बार स्वीकार किया कि वह खेलों को स्थगित करने समेत अलग-अलग विकल्पों पर विचार कर रही है. ऑस्ट्रेलियाई ओलिंपिक समिति ने सोमवार को बोर्ड की बैठक बुलाकर सर्वसम्मति से फैसला लिया कि जुलाई में खेलों का हो पाना संभव नहीं है.
ऑस्ट्रेलिया के दल प्रमुख इयान चेस्टरमैन ने कहा : यह साफ है कि खेल जुलाई में नहीं होने जा रहे. हमारे खिलाड़ियों का तैयारी और अभ्यास को लेकर रवैया सकारात्मक रहा है, लेकिन तनाव और अनिश्चितता उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण है. एओसी के मुख्य कार्यकारी मैट कैरोल ने कहा कि खिलाड़ियों को अपनी और परिवार की सेहत को लेकर प्राथमिकताएं तय करनी होगीय उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम देश विदेश में मौजूदा हालात में एकत्र नहीं हो सकती और अब उसे अगले साल ओलिंपिक को ध्यान में रखकर तैयारी करनी चाहिए.
ओलिपिक स्थगित करना एक विकल्प रद्द करना एजेंडे में नहीं : आइओसी
लुसाने. अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति ने कहा कि दुनिया भर में कोविड-19 के प्रकोप के चलते ओलिंपिक स्थगित करना एक विकल्प है, लेकिन तोक्यो ओलिंपिक रद्द करना उसके एजेंडे में नहीं है. आइओसी पर 24 जुलाई से नौ अगस्त तक होनेवाले खेलों को स्थगित करने का खेल महासंघों की ओर से काफी दबाव है. आइओसी अध्यक्ष थॉमस बाक ने कहा कि इस पर फैसला चार सप्ताह के भीतर लिया जायेगा. उन्होंने खिलाड़ियों को एक खुले खत में लिखा : इंसान सबसे ऊपर है, खेलों के आयोजन से भी. उन्होंने कहा : हमने पहले भी संकेत दिये हैं कि हम अलग-अलग विकल्पों पर विचार कर रहे हैं. तोक्यो ओलिंपिक 2020 की अंतिम तिथि तय करना अभी भी जल्दबाजी होगी.
उन्होंने कहा कि आइओसी संबंधित पक्षों और स्वास्थ्य विभाग से संपर्क में है. बाक ने कहा : हमें यकीन है कि अगले चार सप्ताह में कोई हल निकल आयेगा. खेलों को रद्द करना किसी समस्या का समाधान नहीं है और इससे किसी का भला नहीं होगा लिहाजा यह हमारे एजेंडे में नहीं है.
जुलाई में ओलिंपिक संभव नहीं : सेबेस्टियन को
लंदन. अंतरराष्ट्रीय ट्रैक और फील्ड महासंघ के प्रमुख सेबेस्टियन को ने आइओसी अध्यक्ष थॉमस बाक को पत्र लिखकर कहा है कि जुलाई में ओलिंपिक कराना ना तो मुनासिब है और ना ही उचित. को ने रविवार को ट्रैक और फील्ड के दुनिया भर के अधिकारियों से बातचीत के बाद यह पत्र भेजा. इससे पहले आइओसी ने ऐलान किया कि 24 जुलाई से शुरू होने वाले ओलिंपिक को लेकर चार सप्ताह में फैसला लिया जायेगा. को ने कहा कि अधिकांश देशों ने अपने नागरिकों को घरों के भीतर रहने के निर्देश दिये हैं. लिहाजा ऐसे में एथलीटों का अभ्यास करना ठीक नहीं होगा. उन्होंने दोहराया कि कोई नहीं चाहता कि ओलिंपिक स्थगित हो, लेकिन खिलाड़ियों की सुरक्षा की कीमत पर खेल नहीं हो सकते.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










