अगर पाकिस्तान ने सर्जिकल स्ट्राइक की तो भारत पीढ़ियों तक नहीं भूलेगा : जनरल राहील

इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने आज भारत को चेतावनी दी कि ‘‘जंग के लिए मजबूूत” उसकी सेना किसी भी आक्रमण का जवाब देने में सक्षम है. देश के सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ ने कहा कि अगर पाकिस्तान ने कभी सर्जिकल स्ट्राइक की तो भारत पीढियों तक उसे भूल नहीं पाएगा. अपनी प्रस्तावित सेवानिवृत्ति से कुछ […]
इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने आज भारत को चेतावनी दी कि ‘‘जंग के लिए मजबूूत” उसकी सेना किसी भी आक्रमण का जवाब देने में सक्षम है. देश के सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ ने कहा कि अगर पाकिस्तान ने कभी सर्जिकल स्ट्राइक की तो भारत पीढियों तक उसे भूल नहीं पाएगा.
अपनी प्रस्तावित सेवानिवृत्ति से कुछ दिन पहले जनरल शरीफ ने कहा, ‘‘अगर पाकिस्तान सर्जिकल स्टाइक करता है तो भारत आने वाली पीढ़ियों तक उसे भूल नहीं पाएगा.” उन्होंने कहा, ‘‘अगर पाकिस्तान ने इस तरह के हमले किये तो भारत अपने बच्चों को पाठ्यक्रम में पढाएगा कि सर्जिकल स्ट्राइक होता क्या है.” उन्हाेंने भारत की इस बात को भी खारिज किया कि उसने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की थी. उन्हाेंने कहा कि पाकिस्तानी सेना भारतीय बलों को सबक सिखाने में सक्षम है.
खैबर कबाइली क्षेत्र में देश के धाकड बल्लेबाज शाहिद अफरीदी के नाम पर एक क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करने के बाद कबाइली बुजुर्गों को संबोधित करते हुए जनरल ने पुष्टि की कि वह तीन साल के कार्यकाल के बाद 29 नवंबर को तय कार्यक्रम के अनुसार सेवानिवृत्त होंगे. उन्होंने कहा कि वह सेवानिवृत्ति के बाद अपना जीवन शहीदों के परिवारों के कल्याण के लिए समर्पित करेंगे.
इससे पहले, प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान आम नागरिकों विशेषकर बच्चों और महिलाओं, एंबुलेंसों और आम लोगों के परिवहन को ‘‘जानबूझकर” निशाना बनाने को बर्दाश्त नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर भारतीय सुरक्षाबलों द्वारा निरंतर संघर्षविराम उल्लंघन के बावजूद अधिकतम संयम बरता है. उन्हाेंने कहा, ‘‘हम निर्दोष लोगों पर जानबूझकर किये गये हमले बर्दाश्त नहीं करेंगे.”
उधर, वायुसेना चीफ मार्शल सोहेल अमान ने कहा कि पाकिस्तान भारत से किसी भी खतरे से चिंतित नहीं हैं और उसकी ‘‘जंग के लिए मजबूत” सेना किसी भी आक्रमण का जवाब देने में सक्षम है. उन्होंने कराची में नौंवी अंतरराष्ट्रीय रक्षा प्रदर्शनी एवं सम्मेलन में कहा, ‘‘हम भारत को लेकर बिल्कुल भी चिंतित नहीं हैं.” उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि अगर भारत संयम दिखाए और तनाव बढने से रोकने के लिए कश्मीर मुद्दे को सुलझाए.
अमान ने कहा कि पाकिस्तान युद्ध नहीं चाहता लेकिन इस तरह के दबाव को नजरअंदाज नहीं कर सकता. उन्होंने कहा, ‘‘हम किसी भी आक्रमण की सूरत में जवाब देने में पूरी तरह से सक्षम हैं.” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने उरी आतंकी हमले के बाद ‘‘भारत की तरफ से धमकियों के बाद :युद्ध की: अपनी सभी योजनाएं तैयार” कर ली हैं.
इस बीच, पाकिस्तान नौसेना प्रमुख मोहम्मद जकाउल्ला ने भारतीय पनडुब्बियों द्वारा कथित रुप से पाकिस्तानी समुद्री सीमा में प्रवेश करने के प्रयासों को ‘‘असामान्य” करार देते हुए आज चेतावनी दी कि फिर ये ऐसा प्रयास होने पर जवाब दिया जाएगा.
नौवीं अंतरराष्ट्रीय रक्षा प्रदर्शनी से इतर उन्होंने कहा, ‘‘यदि भारत फिर से ऐसा कुछ करता है तो, पाकिस्तान नौसेना अपनी सम्प्रभुता की रक्षा के लिए जवाब देगी.” पाकिस्तानी नौसेना ने पिछले सप्ताह दावा किया कि उनकी समुद्री सीमा के पास दिखी भारतीय पनडुब्बियों को पीछे धकेल दिया गया है.
हालांकि, भारत ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें ‘‘सफेद झूठ” करार दिया। नौसेना ने कहा कि पाकिस्तानी नौसेना के दावों के विपरीत उनकी समुद्री सीमा में कोई गतिविधि नहीं हुई है. शीर्ष सैन्य और असैन्य नेतृत्व द्वारा ये टिप्पणियां ऐसे समय की गईं जब एक दिन पहले पाकिस्तान ने दावा किया था कि भारतीय बलों ने पीओके में एक यात्री बस को निशाना बनाया, जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




