बांग्लादेश को 5-4 से हराकर भारत बना अंडर-18 एशिया कप चैंपियन
Updated at : 30 Sep 2016 8:24 PM (IST)
विज्ञापन

ढाका : अभिषेक के आखिरी क्षणों में किये गये गोल की बदौलत भारत ने आज यहां फाइनल में मेजबान बांग्लादेश को 5-4 से हराकर अंडर-18 एशिया कप पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीता. भारत ने इस जीत से टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में बांग्लादेश से मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया. तब भी […]
विज्ञापन
ढाका : अभिषेक के आखिरी क्षणों में किये गये गोल की बदौलत भारत ने आज यहां फाइनल में मेजबान बांग्लादेश को 5-4 से हराकर अंडर-18 एशिया कप पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीता. भारत ने इस जीत से टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में बांग्लादेश से मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया.
तब भी दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला और आज भी दर्शकों ने खेल का भरपूर आनंद उठाया लेकिन आखिर में भारत चैंपियन बनने में सफल रहा. भारत ने तेजतर्रार शुरुआत की और कुछ अच्छे मूव बनाये. इन दोनों टीमों के बीच पिछले मैच में बांग्लादेश ने जवाबी हमले करके अपनी जीत सुनिश्चित की थी और भारत ने उसे ध्यान में रखते हुए इस बार अधिक सतर्कता बरती. भारत को छठे मिनट में पहला पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन इस पर गोल नहीं हो पाया.
बांग्लादेश ने जवाबी हमले के लिये इंतजार किया और ऐसे एक मौके पर उसने अपना पहला पेनल्टी कार्नर हासिल किया. भारतीय गोलकीपर पंकज कुमार राजक ने शुरू में शाट रोक दिया लेकिन एम रोमन सरकार रिबाउंड पर गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाने में सफल रहे. शिवम आनंद ने भारत को बराबरी दिलायी. उन्होंने सर्किल के पास से गेंद थामी और बांग्लादेश के दो रक्षकों को छकाकर रिवर्स फ्लिक से गोल किया. भारत को पहले हाफ एक और पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन यह भी बेकार गया. दूसरी तरफ बांग्लादेश की तरफ से मोहम्मद मोहसिन ने गोल करके मध्यांतर तक मेजबान टीम को 2-1 से आगे रखा.
मध्यांतर के बाद भारत ने अच्छी वापसी की. हार्दिक सिंह ने पेनल्टी कार्नर पर गोल किया जबकि दिलप्रीत सिंह के गोल से उसने बढ़त बनायी. उतार चढ़ाव वाले इस मैच में हालांकि बांग्लादेश ने मोहम्मद अशरफुल इस्लाम के गोल से 60वें मिनट में बराबरी कर दी. ऐसे में जबकि मैच टाईब्रेकर की तरफ बढ़ रहा था तब इबुंगो सिंह कोंजेंगबाम ने भारत को बढ़त दिला दी लेकिन मेहताब हुसैन ने 64वें मिनट में बांग्लादेश को फिर से बराबरी दिला दी.
भारत ने आखिरी क्षणों में गोल करने के लिये अपनी तरफ से भरसक प्रयास किये और इसका उसे फायदा भी मिला जब अभिषेक ने हूटर बजने से कुछ सेकेंड पहले गोल करके भारत को खिताब दिलाया. भारत के हार्दिक सिंह को मैन आफ द मैच और पंकज कुमार को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर आंका गया.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




