ePaper

अब संयुक्त राष्ट्र ने भी माना, पाकिस्तान में दाऊद के हैं छह ठिकाने

Updated at : 23 Aug 2016 8:56 PM (IST)
विज्ञापन
अब संयुक्त राष्ट्र ने भी माना, पाकिस्तान में दाऊद के हैं छह ठिकाने

संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र की ओर से पाकिस्तान में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम के उन नौ पतों में छह की स्पष्ट तौर पर पुष्टि हुई है जो भारत ने मुहैया कराए हैं. तीन पते गलत पाए हैं जिनको सूची से हटा दिया गया है.भारत ने अपनी ओर से सौंपे गए डोजियर में इन पतों का […]

विज्ञापन

संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र की ओर से पाकिस्तान में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम के उन नौ पतों में छह की स्पष्ट तौर पर पुष्टि हुई है जो भारत ने मुहैया कराए हैं. तीन पते गलत पाए हैं जिनको सूची से हटा दिया गया है.भारत ने अपनी ओर से सौंपे गए डोजियर में इन पतों का उल्लेख किया है जो 1993 के मुंबई बम धमाकों के मास्टरमाइंड दाऊद से संबंधित हैं.संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आईएसआईएल एवं अलकायदा प्रतिबंध समिति ने कल अपनी दाऊद से संबंधित सूची में संशोधन किया. भारत की ओर से प्रदान किए गए छह पतों में संशोधन नहीं हुआ, हांलंकि तीन पतों को हटाया गया है. सूची में से जो पते हटाए जा रहे हैं, उनमें से एक पता संयुक्त राष्ट्र में इस्लामाबाद की दूत मलीहा लोधी के आवास का है.

हालांकि भारत की ओर से उपलब्ध करवाए गए छह अन्य पतों को संशोधित नहीं किया गया है. भारत ने एक डोजियर में इन नौ पतों का उल्लेख करते हुए कहा था कि दाऊद इन स्थानों पर अक्सर आता है.सुरक्षा परिषद की आईएसआईएल और अलकायदा प्रतिबंध समिति ने वर्ष 1993 में मुंबई में हुए श्रृंखलाबद्ध विस्फोटों के मास्टरमाइंड से जुडे इस पते को समिति ने रेखांकित किया और काट दिया.इस संशोधन के बारे में पूछे जाने पर भारत के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि सूचीबद्ध जानकारी में दाऊद का एक पता गलत था. यह पता ‘‘राजदूत मलीहा लोधी का था, दाऊद का नहीं.’ भारत की ओर से पिछले साल अगस्त में तैयार किए गए डोजियर में पाकिस्तान में दाऊद के नौ पते शामिल किए गए थे. ये इस बात का सबूत हैं कि दाऊद पाकिस्तान में छिपा हुआ है.इस्लामाबाद लगातार इस बात से इंकार करता रहा है कि दाऊद पाकिस्तान में रहता है.
पाकिस्तान में दाऊद के आवासों की जानकारी दो साल पहले बनाए गए उस डोजियर में है, जिसे पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज और उनके भारतीय समकक्ष अजीत डोभाल के बीच वार्ता के दौरान सौंपा जाना था. यह वार्ता बाद में रद्द हो गई थी. इस डोजियर में एक पता उस मकान का था, जो दिवंगत प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के बेटे बिलावल भुट्टो जरदारी के कराची स्थित घर के पास था.डोजियर में कहा गया था, ‘‘दाऊद को पाकिस्तान में अपने ठिकाने और पते तेजी से बदलने के लिए जाना जाता है. उसने पाकिस्तान में अकूत संपत्ति जुटाई है और वह पाकिस्तानी एजेंसियों की सुरक्षा में आता-जाता है.’ समिति ने जो एक और संशोधन किया है, वह दाऊद के परिवार से जुडा हैं परिवार से जुडी जो सूचना सूची में रेखांकित की गई है, वह है- ‘‘पिता का नाम शेख इब्राहीम अली कासकर है, मां का नाम अमीना बी, पत्नी का नाम महजबीं शेख’ है.दाऊद को तीन नवंबर 2003 में सूचीबद्ध किया गया था. उससे जुडी जानकारी को मार्च और जुलाई 2006 में, जुलाई 2007 में और मार्च 2010 में संशोधित किया गया. संयुक्त राष्ट्र की ओर से आतंकी घोषित किए गए दाऊद की संपत्ति कुर्क है, उसकी यात्राओं पर प्रतिबंध है.
संशोधन के दौरान दाऊद के जन्मस्थान के रुप में दर्ज ‘बंबई’ को काटकर ‘महाराष्ट्र के रत्नागिरी स्थित खेर’ किया गया.इसमें उसके दूसरे नामों के रूप में ‘‘शेख फारुकी, बडा सेठ, बडा भाई, इकबाद भाई, मुच्छड और हाजी साहब’ दर्ज हैं.इसमें उसके विभिन्न पासपोर्टों की जानकारी भी दर्ज है. इनमें वे पासपोर्ट भी हैं, जो पाकिस्तान में जारी किए गए.इसमें कहा गया है कि दाऊद को 18 अगस्त 1985 को एक पासपोर्ट दुबई में जारी किया गया. एक पासपोर्ट रावलपिंडी में 12 अगस्त 1991 में जारी किया गया। इसमें इन दो पासपोर्टों के ‘गलत इस्तेमाल’ का जिक्र किया गया.दाऊद को जुलाई 1996 में कराची में और जुलाई 2001 में रावलपिंडी में भी पासपोर्ट जारी किया गया.दाऊद वर्ष 1993 में मुंबई में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के मामले में भारत में वांछित है. इन हमलों में 257 लोग मारे गए थे और लगभग एक हजार लोग घायल हुए थे। वह अन्य आतंकी हमलों का भी मास्टर माइंड बताया जाता है और वह धनशोधन एवं रंगदारी का भी आरोपी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola