इमरान खान के मैरिज लाइफ पर टीवी चैनल ने दिखाया प्रोग्राम, ठोक दिया गया 10 लाख का जुर्माना

Updated at : 27 Apr 2019 9:37 PM (IST)
विज्ञापन
इमरान खान के मैरिज लाइफ पर टीवी चैनल ने दिखाया प्रोग्राम, ठोक दिया गया 10 लाख का जुर्माना

लाहौर : पाकिस्तान में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की नियामक संस्था पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेग्युलेटरी अथॉरिटी (पेमरा) ने प्रधानमंत्री इमरान खान के वैवाहिक जीवन पर एक कार्यक्रम प्रसारित करने वाले एक निजी टीवी चैनल पर शनिवार को 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया. इस कार्यक्रम में दावा किया गया था कि इमरान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी […]

विज्ञापन

लाहौर : पाकिस्तान में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की नियामक संस्था पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेग्युलेटरी अथॉरिटी (पेमरा) ने प्रधानमंत्री इमरान खान के वैवाहिक जीवन पर एक कार्यक्रम प्रसारित करने वाले एक निजी टीवी चैनल पर शनिवार को 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया. इस कार्यक्रम में दावा किया गया था कि इमरान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के रिश्तों में खटास आ गयी है. पेमरा ने चैनल को यह निर्देश भी दिया कि वह प्राइम टाइम में उसी अंदाज में अपने दर्शकों से सात दिनों के भीतर माफी मांगे, जिस अंदाज में उसने आरोपों का प्रसारण किया था. यह कार्यक्रम प्राइम टाइम में ही दिखाया गया था.

इसे भी देखें : इमरान खान की पत्नी बुशरा बेगम ने की थी भविष्यवाणी, तीसरी शादी के बाद बनेंगे प्रधानमंत्री

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पूर्व अध्यक्ष नजम सेठी ने ‘चैनल 24 न्यूज’ पर 30 मार्च को प्रसारित कार्यक्रम ‘नजम सेठी के साथ’ में खुलासा किया था कि इमरान और उनकी तीसरी पत्नी के बीच गंभीर मतभेद पैदा हो गये हैं. सेठी ने प्राइम टाइम में प्रसारित किये गये अपने कार्यक्रम में यह दावा भी किया था कि इमरान की पिछली दो शादियों की तरह उनकी तीसरी शादी भी टूट सकती है. इस विवादित कार्यक्रम के प्रसारण के बाद इमरान ने पेमरा की शिकायत परिषद में एक शिकायत दाखिल की थी.

इमरान की शिकायत पर सुनवाई करने के बाद पेमरा ने चैनल को आदेश दिया कि वह सात दिनों के भीतर पेमरा के पक्ष में 10 लाख रुपये का जुर्माना अदा करे. पेमरा ने चैनल और एंकर (सेठी) को यह निर्देश भी दिया कि वह सात दिनों के भीतर प्राइम टाइम के दौरान उसी अंदाज में अपने दर्शकों से माफी मांगे, जिस अंदाज में उसने आरोपों का प्रसारण किया था.

पेमरा ने टीवी चैनल को यह निर्देश भी दिया कि वह चैनल की स्क्रीन पर पट्टियां चलाकर अपने दर्शकों को बताये कि उसने पीएम इमरान खान के बारे में गलत खबर दिखायी थी. नियामक संस्था ने कहा कि चैनल ने यदि उसके आदेशों का पूर्ण या आंशिक रूप से पालन नहीं किया तो ‘नजम सेठी के साथ’ नाम के कार्यक्रम के प्रसारण पर 30 दिनों तक रोक लगी रहेगी.

संस्था ने कहा कि यदि चैनल ने निर्देश नहीं माने, तो यह समझा जायेगा कि चैनल जानबूझकर आदेश को धता बता रहा है और इसके बाद लाइसेंस निलंबित करने और रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. सेठी के कथित खुलासे के बाद इमरान ने बयान जारी कर कहा था कि वह अपनी पत्नी बुशरा बीबी के साथ खुशी-खुशी रह रहे हैं और अपनी आखिरी सांस तक उनके साथ रहेंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola