चीन में एससीओ बैठक : भारत और पाकिस्तान के मंत्रियों के बीच नहीं होगी द्विपक्षीय वार्ता

बीजिंग/नयी दिल्ली : चीन में होने जा रही शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की मंत्रीस्तरीय बैठक के दौरान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण की अपने पाकिस्तानी समकक्षों के साथ कोई द्विपक्षीय मुलाकात नहीं होगी. आधिकारिक सूत्रों ने बताया, ‘पाकिस्तान के मंत्रियों के साथ कोई बैठक नहीं होगी. ‘ सुषमा 24 अप्रैल को […]
बीजिंग/नयी दिल्ली : चीन में होने जा रही शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की मंत्रीस्तरीय बैठक के दौरान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण की अपने पाकिस्तानी समकक्षों के साथ कोई द्विपक्षीय मुलाकात नहीं होगी.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया, ‘पाकिस्तान के मंत्रियों के साथ कोई बैठक नहीं होगी. ‘ सुषमा 24 अप्रैल को एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगी. उसी दिन सीतारमण एससीओ के रक्षा मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगी. इसी साल जून में चीन के किंगदाओ शहर में प्रस्तावित एससीओ शिखर बैठक की तैयारियों के तहत ये मंत्रीस्तरीय बैठकें हो रही हैं. भारत और पाकिस्तान को पिछले साल इस समूह में शामिल किया गया था.
मंत्रीस्तरीय बैठकों में क्षेत्रीय सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी लड़ाई सहित कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. पठानकोट आतंकी हमले (जनवरी, 2016) और सितंबर, 2017 में जम्मू-कश्मीर के उरी में सेना के शिविर पर आतंकवादियों के हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते तनावपूर्ण चल रहे हैं. चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने शुक्रवार को कहा था कि एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में आतंकवाद से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जायेगी.
इस बीच, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज चार दिन के चीन दौरे पर शनिवार को बीजिंग पहुंचीं जहां वह चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ बातचीत करेंगी. सुषमा का रविवारको वांग से मिलने का कार्यक्रम है. वांग यी को पिछले महीने स्टेट काउंसिलर के तौर पर पदोन्नति दिये जाने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात है. नयी भूमिका मिलने के साथ वांग विदेश मंत्री भी बने हुए हैं. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह संबंधों को सुधारने के लिए उच्च स्तर के संवाद की गति बढ़ाने के मकसद से दोनों देशों की ओर से किये जा रहे प्रयासों का हिस्सा है.
पिछले साल डोकलाम गतिरोध के बाद दोनों देशों ने तनाव कम करने और रिश्ते सुधारने के लिए संवाद बढ़ाया है. सुषमा और वांग की इस मुलाकात से कुछ दिन पहले ही राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ अधिकारी यांग जेची ने शंघाई में मुलाकात की थी. विदेश मंत्री 24 अप्रैल को आठ सदस्यीय एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगी. वह इस समूह के सदस्य देशों के दूसरे विदेश मंत्रियों के साथ 23 अप्रैल को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी मुलाकात करेंगी. वह मंगोलिया के दाैरे पर भी जायेंगीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




