Giridih: सुमित कुमार को मिला सभी वार्ड पार्षदों का समर्थन, निर्विरोध बने डिप्टी मेयर

Updated at : 16 Mar 2026 9:11 PM (IST)
विज्ञापन
Sumit Kumar

अपने समर्थकों के साथ डिप्टी मेयर सुमित कुमार

Giridih: गिरिडीह नगर निगम में डिप्टी मेयर का चुनाव बेहद ही शांति से निपट गया, क्योंकि सुमित कुमार निर्विरोध डिप्टी मेयर चुन लिए गए. उनके खिलाफ किसी भी पार्षद ने अपना नाम प्रस्तावित नहीं किया.

विज्ञापन

Giridih: झारखंड के गिरिडीह नगर निगम में सोमवार को डिप्टी मेयर पद के लिए हुई निर्वाचन प्रक्रिया में सुमित कुमार निर्विरोध चुन लिये गये. समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) की देखरेख में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें निगम के सभी नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद मौजूद रहे. निर्धारित समय सीमा के भीतर डिप्टी मेयर पद के लिए केवल सुमित कुमार का ही नाम प्रस्तावित किया गया और उनके खिलाफ किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया. इसके बाद डीडीसी सह निर्वाची पदाधिकारी स्मृता कुमारी ने औपचारिक घोषणा करते हुए सुमित कुमार को निर्विरोध डिप्टी मेयर घोषित कर दिया और उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा.

घोषणा के बाद सुमित कुमार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गयी. मौके पर उपस्थित अधिकारियों और वार्ड पार्षदों ने उन्हें बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की. उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जनता के विश्वास से मिली जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण होती है और इसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाना चाहिए. वहीं मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि नगर निगम के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में डिप्टी मेयर की भूमिका बेहद अहम होगी.

मेयर के बाद डिप्टी मेयर की सीट भी झामुमो के खाते में

गिरिडीह नगर निगम में मेयर के बाद अब डिप्टी मेयर का पद भी झारखंड मुक्ति मोर्चा के खाते में चला गया है. मेयर प्रमिला मेहरा झामुमो महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष हैं और चुनाव में पार्टी समर्थित प्रत्याशी थीं. वहीं नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर सुमित कुमार झामुमो के जिला कोषाध्यक्ष हैं. उन्हें झामुमो से जुड़े कई वार्ड पार्षदों का समर्थन पहले से ही प्राप्त था. माना जा रहा था कि उनके पास बहुमत से ज्यादा पार्षदों का समर्थन है, इसलिए चुनाव की नौबत ही नहीं आई और वे निर्विरोध निर्वाचित हो गये.

दिलचस्प बात यह रही कि जिन पार्षदों ने पहले डिप्टी मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी जतायी थी, वे भी पूरी प्रक्रिया के दौरान शांत बैठे रहे. यह भी अनुमान लगाया जा रहा था कि भाजपा से जुड़े पार्षद नामांकन कर सकते हैं, लेकिन किसी ने पर्चा दाखिल नहीं किया.

समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत

डिप्टी मेयर चुने जाने के बाद समाहरणालय गेट के सामने सुमित कुमार का उनके समर्थकों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया. इस दौरान झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत कई पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

सभी के सहयोग से होगा विकास : सुमित कुमार

नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी पारदर्शिता और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि नगर निगम के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा. सुमित कुमार ने कहा कि सरकार और स्थानीय प्रतिनिधियों के सहयोग से गिरिडीह शहर की तस्वीर बदलने का प्रयास किया जाएगा.

ये भी पढ़ें…

Deoghar: बदहाल डंपिंग यार्ड देख भड़के मेयर रवि राउत, ठेकेदार पर होगी कार्रवाई

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola