Deoghar: बदहाल डंपिंग यार्ड देख भड़के मेयर रवि राउत, ठेकेदार पर होगी कार्रवाई

डंपिंग यार्ड का निरीक्षण करते देवघर के मेयर रवि राउत
Deoghar: देवघर में कचरा निस्तारण केंद्र यानी कि डंपिग यार्ड की स्थिति बेहद ही खराब है. मेयर रवि राउत ने सोमवार को डंपिंग यार्ड का औचक निरीक्षण किया और वहां की बदहाल स्थिति देखकर भड़क गए. उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है.
संजीत मंडल
Deoghar: देवघर नगर निगम के मेयर रवि राउत ने सोमवार को नगर निगम के कचरा निस्तारण केंद्र (डंपिंग यार्ड) पछीयारी कोठी का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान वहां की व्यवस्था देख महापौर ने गहरी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि डंपिंग यार्ड की स्थिति बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है, जो नगर निगम की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि डंपिंग यार्ड में कूड़े का अंबार लगा हुआ है और उसके समुचित निस्तारण की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की जा रही है. वहां मौजूद कई मशीनें बंद पड़ी मिलीं, जिससे कूड़ा प्रबंधन का कार्य लगभग ठप पड़ा हुआ है. इसके अलावा कूड़े का वजन मापने के लिए लगाए गए वजन मशीन के पास लगा सीसीटीवी कैमरा भी बंद पाया गया, जिससे पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं.
दोषियों पर की जाएगी कार्रवाई
महापौर रवि राउत ने कहा कि डंपिंग यार्ड के संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही संवेदक कंपनी MSWM Deoghar Pvt Ltd के कर्मियों और यार्ड की निगरानी के लिए प्रतिनियुक्त अधिकारियों की लापरवाही के कारण पूरी व्यवस्था चरमरा गई है. उन्होंने यह भी पाया कि कूड़ा ढोने वाली कई गाड़ियां जर्जर अवस्था में खड़ी हैं, जिससे साफ तौर पर नगर निगम के संसाधनों की अनदेखी और दुरुपयोग सामने आ रहा है.
निगम का संसाधन आम लोगों का
महापौर ने कहा कि नगर निगम के संसाधन नगरवासियों की संपत्ति हैं और इनके साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया और दोषी कर्मियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही.
देवघर को स्वच्छ बनाना है
महापौर ने स्पष्ट किया कि देवघर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है. डंपिंग यार्ड की व्यवस्था को जल्द से जल्द सुधारने और कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके और नगरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
ये भी पढ़ें…
Isl North East united defeated jfc by 2-1: जेएफसी की मिली सीजन की पहली हार, नॉर्थईस्ट की टीम जीती
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




